PlayBreaking News

पहलगाम आतंकी हमला :NIA ने लश्कर सरगना हाफिज सईद को बनाया आरोपी, पाकिस्तान की खोली पोल

नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) ने सोमवार को लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के चीफ हाफिज सईद के खिलाफ चार्जशीट दायर की। इसमें 2025 में पहलगाम के बैसारन इलाके में हुए आतंकी हमले (Pahalgam Terror Attack) में पाकिस्तान की भूमिका का ब्योरा दिया गया है। इस हमले में 25 पर्यटक और एक स्थानीय नागरिक मारा गया था।
Follow on Google News
NIA ने लश्कर सरगना हाफिज सईद को बनाया आरोपी, पाकिस्तान की खोली पोल
लश्कर ए तैयबा प्रमुख हाफिज सईद।

नई दिल्ली। पहलगाम आतंकी हमले (Pahalgam Terror Attack) की जांच कर रही राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने मामले में बड़ा कदम उठाते हुए पाकिस्तान में बैठे आतंकी सरगना हाफिज सईद के खिलाफ सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल की है। जम्मू स्थित विशेष NIA अदालत में दायर इस चार्जशीट में हाफिज सईद को व्यक्तिगत आरोपी बनाने के साथ ही प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) और उसके प्रॉक्सी संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) के प्रमुख एवं संस्थापक के रूप में भी नामजद किया गया है। एजेंसी का दावा है कि जांच में मिले नए साक्ष्यों ने पाकिस्तान से रची गई आतंकी साजिश की पुष्टि को और मजबूत किया है।

जांच में सामने आए पाकिस्तान कनेक्शन के सबूत 

NIA के अनुसार, जांच के दौरान जुटाए गए वैज्ञानिक, तकनीकी और अन्य साक्ष्यों से यह स्पष्ट संकेत मिले हैं कि पहलगाम हमले की पूरी साजिश पाकिस्तान की धरती पर तैयार की गई थी। एजेंसी का आरोप है कि हाफिज सईद ने सीमा पार बैठकर न केवल हमले की योजना बनाई, बल्कि आतंकियों को निर्देश देने और पूरे ऑपरेशन का समन्वय करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उपलब्ध साक्ष्य उसके प्रत्यक्ष और संगठित आतंकवादी नेटवर्क से जुड़े होने की पुष्टि करते हैं।

ये भी पढ़ें: इंडोनेशिया के लिए रवाना हुए PM मोदी : ब्रह्मोस डील पर रहेगी नजर; सबसे बड़े हिंदू मंदिर का भी करेंगे दौरा

गंभीर धाराओं के तहत लगाए गए आरोप 

इन्हीं तथ्यों के आधार पर NIA ने हाफिज सईद के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 तथा गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA), 1967 की विभिन्न धाराओं के तहत आरोप लगाए हैं। चार्जशीट में भारत के खिलाफ युद्ध छेड़ने, आपराधिक साजिश रचने, आतंकी गतिविधियों को प्रोत्साहित करने और आतंकी संगठन के संचालन से जुड़े गंभीर अपराधों का भी उल्लेख किया गया है।

1597 पन्नों की मूल चार्जशीट का विस्तार 

NIA ने स्पष्ट किया कि यह सप्लीमेंट्री चार्जशीट पहले दाखिल की गई 1,597 पन्नों की मूल चार्जशीट का विस्तारित संस्करण है। इसमें पाकिस्तान से संचालित आतंकी नेटवर्क, हाफिज सईद की कथित भूमिका, घटनास्थल से जुटाए गए फॉरेंसिक साक्ष्य, डिजिटल विश्लेषण और अन्य तकनीकी प्रमाणों का विस्तृत विवरण शामिल किया गया है। एजेंसी ने बताया कि घटनास्थल की गहन जांच और विशेषज्ञों की रिपोर्ट के आधार पर नए तथ्यों को चार्जशीट में जोड़ा गया है।

ये भी पढ़ें: Jammu & Kashmir: किश्तवाड़-डोडा में भारी बारिश से तबाही, क्वार प्रोजेक्ट और सड़क संपर्क बुरी तरह प्रभावित

पहले साजिद जट्ट समेत कई आरोपी थे नामजद 

इससे पहले 15 दिसंबर 2025 को दायर मूल चार्जशीट में पाकिस्तान स्थित आतंकी हैंडलर साजिद जट्ट को मुख्य आरोपियों में शामिल किया गया था। इसके अलावा ऑपरेशन महादेव के दौरान जुलाई 2025 में सुरक्षा बलों द्वारा मारे गए तीन आतंकियों, दो गिरफ्तार आरोपियों तथा प्रतिबंधित संगठन LeT और TRF को भी हमले की साजिश रचने, उसे अंजाम देने और आतंकियों को सहयोग उपलब्ध कराने के आरोप में नामजद किया गया था।

नहीं भरे पहलगाम हमले के जख्म 

22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में आतंकियों ने धर्म के आधार पर लोगों को निशाना बनाया था। इस हमले में 25 पर्यटकों और एक स्थानीय नागरिक सहित कुल 26 लोगों की हत्या कर दी गई थी। शुरुआती जांच जम्मू-कश्मीर पुलिस ने की, जिसके बाद केंद्रीय गृह मंत्रालय ने मामला NIA को सौंप दिया।  


Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts