Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Mumbai Hit And Run Case : गलत ID दिखाकर पब में घुसा था मिहिर शाह, उम्र 24 की जगह 27 बताई, आरोपी ने कबूली ये बात

Mumbai Hit And Run Case : गलत ID दिखाकर पब में घुसा था मिहिर शाह, उम्र 24 की जगह 27 बताई, आरोपी ने कबूली ये बात
मुंबई। मुंबई के वर्ली इलाके में हुए हिट एंड रन मामले में हर दिन नए खुलासे हो रहे हैं। जुहू के जिस पब में आरोपी मिहिर शाह ने एक्सीडेंट से पहले शराब पी थी, उसके मैनेजमेंट का दावा है कि वह गलत ID दिखाकर पब में घुसा था। पब मैनेजमेंट का कहना है कि मिहिर शाह ने जो पहचान पत्र (ID) दिखाई थी, उसमें उसकी उम्र 27 साल थी। जबकि, पुलिस का दावा है कि आधिकारिक रिकॉर्ड के अनुसार, मिहिर की उम्र 24 साल है, जबकि शराब पीने की न्यूनतम कानूनी उम्र 25 साल है।

मिहिर ने कबूला- कार वही चला रहा था

पुलिस ने बताया कि मिहिर ने कबूला है कि हादसे के समय कार वही चला रहा था। कपल की स्कूटी को टक्कर मारने के बाद उसे पता था कि महिला कार के एक टायर में फंसी है। इसके बावजूद भी उसने कार नहीं रोकी और महिला को घसीटता गया।

हुलिया बदलकर पहचान छिपाई

अभियोजन पक्ष ने अदालत में कहा कि मिहिर ने गिरफ्तारी से बचने के लिए अपनी दाढ़ी हटा दी है और अपने बाल काट दिए हैं।

मिहिर शाह को 16 जुलाई तक पुलिस कस्टडी में भेजा

मुख्य आरोपी मिहिर शाह को 16 जुलाई तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया है। बुधवार (10 जुलाई) को उसे सेवरी कोर्ट में पेश किया गया। बता दें कि 9 जुलाई को मिहिर शाह (24 वर्षीय) को गिरफ्तार कर लिया गया था। आरोपी को पकड़ने के लिए मुंबई पुलिस ने 10 से ज्यादा टीमें बनाई थीं, जिसमें क्राइम ब्रांच को भी शामिल किया गया था। इसके साथ ही उसके खिलाफ एक लुक आउट सर्कुलर (LOC) भी जारी किया गया था। मिहिर, शिवसेना नेता राजेश शाह का बेटा है। मिहिर की मां और दो बहनों को भी मुंबई क्राइम ब्रांच ने शाहपुर के पास से हिरासत में लिया है।

आरोपी के पिता को शिवसेना ने पद से हटाया

महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे के आदेश के बाद बुधवार (10 जुलाई) को शिवसेना ने राजेश शाह को पालघर में पार्टी के उपनेता पद से भी हटा दिया। हालांकि, शाह अभी भी शिवसेना के सदस्य बने हुए हैं। सीएम एकनाथ शिंदे ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन देते हुए पीड़ित के परिजनों को 10 लाख रुपए की सहायता देने की घोषणा की है।

आरोपी ने कार की नंबर प्लेट हटाकर फेंकी

पुलिस ने इस मामले में चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने कार की नंबर प्लेट हटाकर फेंक दी थी। फिलहाल, इस बात का पता लगाया जा रहा है कि नंबर प्लेट कहां है।

शिवसेना नेता के बेटे ने BMW से मारी दंपति को टक्कर

वर्ली इलाके में रविवार (7 जुलाई) को बीएमडब्ल्यू (BMW)  कार में सवार शिवसेना नेता के बेटे ने एक बाइक को टक्कर मारी दी, जिससे एक महिला की मौत हो गई। वर्ली पुलिस ने बताया कि मुंबई के बांद्रा इलाके से BMW कार बरामद कर ली है। हादसे का मुख्य आरोपी मिहिर शाह कार ड्राइव कर रहा था। पुलिस के मुताबिक, मिहिर शाह घटना के वक्त नशे में था।

पिता को मिली जमानत

रविवार (7 जुलाई) को वर्ली पुलिस ने मिहिर के पिता राजेश शाह और ड्राइवर राजऋषि राजेंद्र सिंह बीदावत को गिरफ्तार कर लिया था। 8 जुलाई को दोनों को शिवड़ी कोर्ट में पेश किया गया। राजेश ने कोर्ट में जमानत याचिका दायर की थी, जिस पर कोर्ट ने उन्हें 15 हजार रुपए के मुचलके पर जमानत दे दी।

मछली खरीदकर स्कूटर से लौट रहे थे पति-पत्नी

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, वर्ली के कोलीवाड़ा इलाके में रहने वाले प्रदीप नखवा अपनी पत्नी कावेरी नखवा के साथ हर रोज ससून डॉक पर मछली खरीदने जाते थे। रविवार को भी डॉक से मछली खरीदकर लौट रहे थे। इसी दौरान अटरिया मॉल के पास तेज रफ्तार BMW ने उन्हें पीछे से टक्कर मारी। एक्सीडेंट इतना जोरदार था कि स्कूटी पलट गई और दोनों पति-पत्नी कार के बोनट पर गिर गए। पति तो खुद को बचाने की कोशिश में बोनट से तुरंत कूद गया, लेकिन पत्नी उठ नहीं सकी। भागने की हड़बड़ी में आरोपी ने 45 साल की कावेरी को कुचलते हुए कार से करीब 100 मीटर तक घसीटा। हादसे के बाद मिहिर और उसका ड्राइवर कार लेकर भाग गए। घायल कावेरी को तत्काल मुंबई सेंट्रल स्थित नायर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पति का इलाज फिलहाल जारी है।
[caption id="attachment_124854" align="aligncenter" width="497"] थाने में जब्त कार की जांच करते पुलिस अफसर[/caption]

पहले भी हुए हैं ऐसे हादसे

पुणे पोर्श केस को तो सभी जानते ही हैं। विगत 19 मई को पुणे के कल्याणी नगर में शराब के नशे में पोर्श कार चला रहे नाबालिग ने बाइक को टक्कर मार दी, जिसमें 2 आईटी पेशेवरों की मौत हो गई थी। ये मामला अब तक सुर्खियों में हैं। इसके अलावा चेन्नई में वाईएसआर कांग्रेस के राज्यसभा सांसद बीडा मस्तान राव की बेटी माधुरी ने भी फुटपाथ पर सो रहे एक व्यक्ति के ऊपर अपनी लग्जरी कार चढ़ा दी थी। इस हादसे में व्यक्ति की मौत हो गई थी। ये भी पढ़ें- Mumbai Hit And Run Case : मिहिर शाह को 16 जुलाई तक पुलिस कस्टडी में भेजा, पिता को शिवसेना ने पद से हटाया, पीड़ित परिवार को 10 लाख की मदद का ऐलान ये भी पढ़ें- Mumbai Hit And Run Case : मुख्य आरोपी मिहिर शाह गिरफ्तार, कोर्ट ने 11 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेजा ये भी पढ़ें- MUMBAI HIT AND RUN CASE: शिवसेना नेता के बेटे ने BMW से मारी दंपति को टक्कर, महिला को 100 मीटर तक घसीटा, हुई मौत 
Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

Latest Posts