सोहागपुर में आज 128वें डोल ग्यारस का भव्य आयोजन, भजन और डंडा प्रतियोगिता में बरसेंगे इनाम

सोहागपुर में डोल ग्यारस को लेकर तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। मंगलवार 22 सितंबर को नगर में 128वां डोल ग्यारस महोत्सव मनाया जाएगा। इस मौके पर धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रहेगी। भजन प्रतियोगिता, डंडा प्रतियोगिता और मंदिरों से निकलने वाली विमानों की शाही सवारी महोत्सव के मुख्य आकर्षण रहेंगे।
रात में होगा भजन प्रतियोगिता का मुकाबला
महोत्सव का सबसे बड़ा आकर्षण विशाल इनामी भजन प्रतियोगिता होगी। इसका आयोजन मंगलवार रात 10 बजे पुराने थाने के पीछे किया जाएगा। इसमें अलग-अलग भजन मंडलियां अपनी प्रस्तुतियां देंगी। प्रतियोगिता में अच्छा प्रदर्शन करने वाली मंडलियों को आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे। पहले स्थान पर आने वाली मंडली को 30,101 रुपए, दूसरे को 20,101 रुपए और तीसरे स्थान पर 15,101 रुपए का पुरस्कार मिलेगा। इसके अलावा चौथे पुरस्कार के तौर पर 11,101 रुपए, पांचवें को 8,101 रुपए और छठे स्थान पर 6,101 रुपए दिए जाएंगे। दो सांत्वना पुरस्कार भी रखे गए हैं।
डंडा प्रतियोगिता में भी दिखेगा जोश
डोल ग्यारस महोत्सव में स्वर्गीय प्रेम शंकर पालीवाल स्मृति विशाल इनामी डंडा प्रतियोगिता भी होगी। यह प्रतियोगिता रात 8 बजे बिहारी चौक में आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार 12,101 रुपए, द्वितीय 5,101 रुपए और तृतीय पुरस्कार 3,101 रुपए रखा गया है। इसके अलावा प्रतिभागियों के लिए प्रोत्साहन पुरस्कार भी दिए जाएंगे।

मंदिरों से निकलेगी विमानों की शाही सवारी
डोल ग्यारस के मौके पर नगर के अलग-अलग मंदिरों से विमानों की शाही सवारी निकाली जाएगी। यह आयोजन महोत्सव का प्रमुख धार्मिक आकर्षण रहेगा। शाही सवारी के दौरान नगर में धार्मिक माहौल देखने को मिलेगा। समिति ने धर्मप्रेमी नागरिकों से इसमें शामिल होकर महोत्सव की परंपरा को आगे बढ़ाने की अपील की है।
ये भी पढ़ें: मां-बाप ने चेहरा तक नहीं देखा था... RIMS के SNCU में लगी आग, 5 दिन के मासूम समेत 3 नन्हीं जिंदगियां खत्म
25 सितंबर को बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
महोत्सव की श्रृंखला यहीं खत्म नहीं होगी। 25 सितंबर, शुक्रवार को अनंत चतुर्दशी के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में नगर की अलग-अलग शैक्षणिक संस्थाओं के बच्चे सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। इसी दौरान स्वर्गीय जगदीश प्रसाद सोनी की स्मृति में पुरस्कार वितरण भी किया जाएगा।
समिति ने की ज्यादा से ज्यादा लोगों से पहुंचने की अपील
डोल ग्यारस महोत्सव समिति के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह चौधरी और अन्य पदाधिकारियों ने नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रमों में शामिल होने की अपील की है। आयोजकों के मुताबिक, कार्यक्रमों में जरूरत के अनुसार बदलाव करने का अधिकार समिति के पास रहेगा और इस संबंध में समिति का निर्णय अंतिम होगा।



















