ताजा खबरभोपालमध्य प्रदेश

MP Lok Sabha Election 2024 : MP में दूसरे चरण की 6 सीटों पर 80 कैंडिडेट्स मैदान में, 128,28 मतदान केंद्रों पर 1.11 करोड़ से ज्यादा वोटर करेंगे वोट

भोपाल। लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में मध्यप्रदेश की छह लोकसभा सीटों के लिए कल मतदान होगा। इसके लिए 80 कैंडिडेट्स चुनाव मैदान में है, जिसमें 75 पुरुष प्रत्याशी, 4 महिला प्रत्याशी एवं एक ट्रांसजेंड प्रत्याशी लोकसभा क्षेत्र दमोह से हैं। दूसरे चरण में दमोह, टीकमगढ़, सतना, रीवा, खजुराहो और होशंगाबाद में मतदान होगा।

सतना से ज्यादा, टीकमगढ़ से कम प्रत्याशी

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फेंस में बताया कि लोकसभा टीकमगढ़ (अजा) में 7 उम्मीदवार, दमोह में 14 उम्मीदवार, खजुराहो में 14 उम्मीदवार, सतना में 19 उम्मीदवार, रीवा में 14 उम्मीदवार एवं होशंगाबाद में 12 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। सबसे अधिक लोकसभा क्षेत्र सतना में 19 प्रत्याशी एवं सबसे कम लोकसभा क्षेत्र टीकमगढ़ में 7 प्रत्याशी चुनाव मैदान में है। इन संसदीय क्षेत्रों में सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान कराया जाएगा।

महिला और दिव्यांग मतदान कर्मी कराएंगे वोटिंग

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि दूसरे चरण के 6 लोकसभा क्षेत्रों में कुल 12 हजार 828 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 6 सहायक मतदान केंद्र भी शामिल हैं। दूसरे चरण में 1 हजार 136 मतदान केंद्र महिला मतदान कर्मियों द्वारा संचालित किए जाएंगे। 498 आदर्श मतदान केंद्र भी बनाए गए हैं। 32 मतदान केंद्र दिव्यांग मतदान कर्मियों द्वारा संचालित किए जाएंगे।

इस बार 2865 संवेदनशील बूथ

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में भी हेल्थ, पानी समेत तमाम व्यवस्थाएं बूथ पर की गई है। इस बार 2865 संवेदनशील बूथ है। वहीं राज्य में कुल 2 लाख 84 हजार 503 लाइसेंसी हथियार हैं। जिनमें से अभी तक 2 लाख 73 हजार 507 लाइसेंसी हथियार जमा कराए गए हैं। जबकि, सुरक्षा के लिए 8 हजार 150 हथियारों को छूट दी गई है। बाकी हथियारों को नष्ट किया गया है।

14778 बैलेट यूनिट का होगा इस्तेमाल

मतदान दलों को सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान केंद्रों तक पहुंचाया गया है, जहां शुक्रवार सुबह 7 बजे से मतदान शुरू होगा। वोटिंग से इसके डेढ़ घंटे पहले मतदान केंद्रों में प्रत्याशियों के अधिकृत एजेंट्स की मौजूदगी में मॉक पोल किया जाएगा। ईवीएम में लगी बैलेट यूनिट (बीयू) व कंट्रोल यूनिट (सीयू) चेक की जाएंगी। कुछ लोकसभा सीटों पर प्रत्याशियों की संख्या 15 से ज्यादा है, इसलिए वहां दो बैलेट यूनिट का उपयोग किया जाएगा। कुल 14778 बैलेट यूनिट और 12828 कंट्रोल यूनिट और इतनी ही वीवीपीएटी मशीनों का उपयोग चुनाव में किया जाएगा।

247.57 करोड़ की विभिन्न सामग्रियां जब्त

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया है कि लोकसभा निर्वाचन की आदर्श आचार संहिता प्रभावशील होने के बाद पुलिस एवं अन्य एन्फोर्समेंट एजेंसियों द्वारा 25 अप्रैल तक 20 करोड़ 73 लाख रुपए नकद राशि सहित 247 करोड़ 57 लाख रुनए मूल्य की विभिन्न सामग्रियां जब्त की गई हैं। लोकसभा निर्वाचन-2019 में आदर्श आचार संहिता के दौरान 85 करोड़ 12 लाख रुपए मूल्य की विभिन्न सामग्रियां जब्त की गई थीं। वहीं 25 अप्रैल तक 23 लाख 19 हजार लीटर से अधिक अवैध मदिरा भी जब्त की गई है, जिसका मूल्य 34 करोड़ 33 लाख रुपए है। इसी तरह 22 करोड़ 30 लाख रुपए मूल्य के 16 हजार 742 किलोग्राम से अधिक ड्रग्स और 11 करोड़ 74 लाख रुपए मूल्य की 2 हजार 155 किलोग्राम से अधिक कीमती धातुएं भी जब्त की गई हैं। साथ ही 158 करोड़ 47 लाख रुपउ मूल्य की अन्य सामग्रियां भी जब्त की गई हैं।

ये भी पढ़ें- MP Lok Sabha Election 2024 : मध्य प्रदेश में 6 सीटों पर वोटिंग कल, सुरक्षा के कड़े इंतजाम; लोकसभा क्षेत्रों में अवकाश घोषित

संबंधित खबरें...

Back to top button