अंतर्राष्ट्रीयराष्ट्रीय

भारत पर परमाणु हमले की तैयारी कर रहा था पाकिस्तान, अमेरिका के पूर्व विदेश मंत्री ने किया चौंकाने वाला दावा

वॉशिंगटन। अमेरिका के पूर्व विदेश मंत्री माइक पोम्पियो ने अपनी किताब में पाकिस्तान को लेकर एक बड़ा दावा किया है। उनका कहना है कि, 26 फरवरी 2019 को बालाकोट में भारतीय सेना की एयरस्ट्राइक के बाद पाकिस्तान, भारत पर परमाणु हमले की तैयारी कर रहा था। इसके साथ ही उन्होंने तत्कालीन भारतीय समकक्ष सुषमा स्वराज का भी जिक्र किया।

पोम्पियो ने अपनी किताब में किया ये दावा

पोम्पियो ने मंगलवार को लॉन्च हुई अपनी नई किताब ‘नेवर गिव एन इंच: फाइटिंग फॉर द अमेरिका आई लव’ में यह दावा किया है। उन्होंने लिखा है कि, यह घटना तब हुई, जब वह 27-28 फरवरी को अमेरिका-उत्तर कोरिया शिखर सम्मेलन के लिए हनोई में थे। इसके बाद उनकी टीम ने इस संकट को टालने के लिए भारत और पाकिस्तान के साथ रात भर काम किया था। पॉम्पियो ने अपनी किताब में लिखा, “मुझे नहीं लगता कि दुनिया ठीक से जानती है कि फरवरी 2019 में भारत-पाकिस्तान की लड़ाई परमाणु विस्फोट में कितनी करीब आ गई थी। सच तो यह है, मुझे भी इसका ठीक-ठीक जवाब नहीं पता है।”

अमेरिका के पूर्व विदेश मंत्री माइक पोम्पियो की किताब।

पोम्पियो के मुताबिक, सम्मेलन के दौरान उनकी भारत की तत्कालीन विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से मुलाकात हुई थी। उस समय सुषमा स्वराज ने उन्हें बताया था कि, पाकिस्तानियों ने हमले के लिए अपने परमाणु हथियार तैयार करना शुरू कर दिए हैं। वहीं भारत भी तैयारी कर रहा था। बता दें कि, सुषमा स्वराज मई 2014 से मई 2019 तक विदेश मंत्री थीं। अगस्त 2019 में उनका निधन हो गया था।

सर्जिकल स्ट्राइक के बारे में जानें

26 फरवरी 2019 को, भारतीय वायु सेना के 12 मिराज 2000 जेट्स ने नियंत्रण रेखा पार की और बालाकोट में जैश-ए-मोहम्मद संचालित आतंकवादी शिविर पर हमला किया। भारतीय मीडिया ने बताया कि इस ऑपरेशन के दौरान लगभग 200-300 आतंकवादी मारे गए। यह सट्राइक 14 फरवरी को पुलवामा में CRPF पर आतंकी हमले के बाद हुआ। आतंकियों ने जम्मू से श्रीनगर जा रहे सीआरपीएफ के काफिले पर पुलवामा में आरडीएक्स से भरी वैन से टक्कर मार दी थी। इसमें सीआरपीएफ के 42 जवान शहीद हो गए थे।

क्या होते हैं परमाणु हथियार

ये बेहद शक्तिशाली विस्फोटक या बम हैं। परमाणु हथियारों के इस्तेमाल से बड़ी मात्रा में रेडिएशन निकलते हैं और इसलिए इनका असर धमाके बाद बहुत लंबे समय तक रहता है।

किन देशों के पास है परमाणु हथियार

एफपी ने फेडरेशन आफ अमेरिकन साइंटिस्ट के हवाले से बताया है कि परमाणु हथियार रखने वाले नौ देशों में रूस के पास सबसे अधिक परमाणु हथियार हैं। इसके मुताबिक रूस के पास 5977 परमाणु हथियार हैं, जबकि  अमेरिका के पास 5428, चीन के पास 350, फ्रांस के पास 290, यूके के पास 225, पाकिस्तान के पास 165, भारत के पास 160, इजरायल के पास 90 और उत्तरी कोरिया के पास 20 परमाणु हथियार हैं।

ये भी पढ़ें- क्या होगा अगर रूस ने यूक्रेन पर कर दिया परमाणु हमला, जानें किस देश के पास कितने Nuclear Weapons

संबंधित खबरें...

Back to top button