PlayBreaking News

मध्यप्रदेश भाजपा ने इस बार चुनाव में जमीन पर उतारा ‘200 पार’ का नारा

विस चुनाव का था संकल्प, लोस चुनाव में 207 विस सीटों पर खिला कमल
Follow on Google News
मध्यप्रदेश भाजपा ने इस बार चुनाव में जमीन पर उतारा ‘200 पार’ का नारा

राजीव सोनी-भोपाल। मध्यप्रदेश भाजपा ने मौजूदा लोकसभा चुनाव में प्रदेश की सभी 29 सीटें जीतने के साथ ही अपना बहुप्रतीक्षित संकल्प विधानसभा में 200 पार का नारा भी हासिल कर लिया। उसने विधानसभा की ऐसी 50 सीटों पर भी विजयी पताका फहरा दी जहां 6 महीने पहले भाजपा के दिग्गजों को हार का सामना करना पड़ा था। लोस चुनाव के तहत 207 विस सीटों पर भाजपा को बढ़त मिली है।

2018 और 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने जोर-शोर से इस नारे का दावा किया था लेकिन पूरी ताकत झोंकने के बावजूद संकल्प पूरा नहीं हो पाया। भाजपा के रणनीतिकार केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने भी भोपाल के मिंटो हाल में 2023 के विधानसभा चुनाव का आगाज करते हुए 200 पार का संकल्प जताया था लेकिन पार्टी की सीटें 163 तक ही पहुंच पाईं।

इन सीटों पर बदली तस्वीर

हरदा, टिमरनी, भीकनगांव, राजपुर, बड़वानी, कसरावद, बदनावर, सरदारपुर, श्योपुर, विजयपुर, थांदला, झाबुआ, जोबट, तराना, महिदपुर, सुसनेर, अंबाह, अटेर, भांडेर, सेमरिया, पुष्पराजगढ़, जबलपुर पूर्व, डिंडोरी, केवलारी, बैहर, वारासिवनी, परसवाड़ा, अमरपाटन, मलहरा, खरगापुर, बीना, अशोकनगर, पोहरी, ग्वालियर ग्रामीण। यहां कांग्रेस ने की सेंधमारी: पानसेमल, सबलगढ़, भितरवार, सेवढ़ा, बुरहानपुर, सिंहावल, शहपुरा विधानसभा।

सैलाना में भी भाजपा

सैलाना में विस चुनाव के दौरान भारतीय आदिवासी पार्टी का प्रत्याशी ने जीत दर्ज की थी लेकिन मौजूदा लोस चुनाव में वहां भाजपा ने 11 हजार 765 की बढ़त हासिल कर ली है। इसी तरह छिंदवाड़ा लोकसभा की सभी सीटें छह महीने पहले भाजपा हार गई थी वहां भी उसे बढ़त मिल गई है। यहां तक कि छिंदवाड़ा सीट से मौजूदा विधायक एवं पूर्व सीएम कमल नाथ भी अपने क्षेत्र से बेटे नकुल नाथ को बढ़त नहीं दिला पाए। भाजपा को वहां 20 हजार की बढ़त मिली है।

दतिया,चुरहट और निवास जैसी सीटों पर बढ़त

केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते निवास सीट पर हार गए थे। इस बार उन्हें 2611 वोटों की लीड मिली है। इसी तरह सतना में सांसद गणेश सिंह को विस चुनाव में 4 हजार से हार का सामना करना पड़ा था अब उन्हें 1996 मार्जिन से जीत हासिल हो गई। इसी तरह पूर्व मंत्री रामपाल सिंह सिलवानी, मंत्री रहे डॉ नरोत्तम मिश्रा दतिया, भाजपा महामंत्री शर्देन्दु तिवारी चुरहट, मंत्री रहे गौरीशंकर बिसेन- बालाघाट, यशपाल सिंह सिसोदिया - मंदसौर और महेंद्र सिसोदिया, बमोरी में भारी मतों से पराजित हो गए थे। अब भाजपा ने इन सभी सीटों पर बढ़त हासिल कर ली।

चुनाव एवं बूथ प्रबंधन के काम से 207 सीटों पर बढ़त मिली

भाजपा का चुनाव एवं बूथ प्रबंधन लगातार काम करता रहा। लोस चुनाव के दौरान बूथ की मजबूती और मोदी की गारंटी से हमने 207 सीटों पर बढ़त हासिल कर ली। -यशपाल सिंह सिसोदिया ,प्रवक्ता भाजपा

People's Reporter
By People's Reporter
नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts