PlayBreaking News

सरेंडर करने पटना के सिविल कोर्ट पहुंचे खान सर :फायरिंग विवाद में ढूंढ रही थी पुलिस, हत्या की कोशिश और आर्म्स एक्ट में FIR

पटना में खान ग्लोबल स्टडीज पर हुए हमले और गार्डों की कथित फायरिंग मामले में खान सर सिविल कोर्ट पहुंचे। उनके खिलाफ हत्या की कोशिश और आर्म्स एक्ट के तहत FIR दर्ज है। पुलिस जांच जारी है, जबकि छात्रों का समर्थन भी बना हुआ है। जानिए पूरे विवाद की टाइमलाइन और अब तक क्या-क्या हुआ।
Follow on Google News
फायरिंग विवाद में ढूंढ रही थी पुलिस, हत्या की कोशिश और आर्म्स एक्ट में FIR
फाइल फोटो

पटना। पटना के चर्चित शिक्षक और खान ग्लोबल स्टडीज के संस्थापक फैसल खान उर्फ खान सर शनिवार को पटना सिविल कोर्ट पहुंचे। उनके खिलाफ कोचिंग सेंटर में हुई हिंसा और गार्डों की कथित फायरिंग के मामले में हत्या की कोशिश तथा आर्म्स एक्ट समेत गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। मामले ने अब कानूनी और राजनीतिक दोनों स्तरों पर नया मोड़ ले लिया है।

कोर्ट पहुंचने के साथ ही यह स्पष्ट हो गया है कि, खान सर ने गिरफ्तारी से पहले कानूनी प्रक्रिया अपनाने का फैसला किया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, वे कोर्ट में राहत के लिए आवेदन भी दाखिल कर सकते हैं।

क्या है पूरा मामला?

विवाद की शुरुआत 2 जून की रात हुई, जब पटना स्थित खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग सेंटर पर कथित तौर पर 15 से 20 लोगों के समूह ने हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने संस्थान में पथराव किया, तोड़फोड़ की और वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों के साथ मारपीट की। घटना के दौरान कोचिंग के एक गार्ड के घायल होने की भी बात सामने आई। इसके बाद सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो वायरल हुए, जिनमें कोचिंग के सुरक्षा गार्ड कथित तौर पर हवाई फायरिंग करते दिखाई दिए। यहीं से मामला और गंभीर हो गया।

पुलिस ने क्यों दर्ज किया केस?

जांच के दौरान गिरफ्तार किए गए दोनों सुरक्षा गार्डों ने पुलिस पूछताछ में फायरिंग की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने खान सर को भी मामले में नामजद कर लिया। जानकारी के मुताबिक, गार्डों ने बयान दिया कि उन्हें निर्देश दिया गया था कि जरूरत पड़ने पर गोली चलाएं और बाकी स्थिति संभाल ली जाएगी। इसी आधार पर खान सर के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया।

खान सर पर दर्ज प्रमुख आरोप

आरोप

विवरण

हत्या की कोशिश

गंभीर आपराधिक आरोप

आर्म्स एक्ट

हथियार के इस्तेमाल से जुड़ा मामला

BNS धारा 109

उकसाने या सहयोग से जुड़ा आरोप

आपराधिक साजिश की जांच

पुलिस जांच जारी

रातभर कोचिंग के बाहर डटे रहे छात्र

FIR दर्ज होने के बाद पुलिस ने खान ग्लोबल स्टडीज परिसर पर निगरानी बढ़ा दी। शुक्रवार रात पुलिस की कई गाड़ियां अलग-अलग समय पर कोचिंग सेंटर पहुंचीं। पुलिस लगातार लाउडस्पीकर से छात्रों से अपील करती रही कि, वे परिसर के बाहर जमा न हों और अपने घर लौट जाएं। इसके बावजूद बड़ी संख्या में छात्र देर रात तक वहां मौजूद रहे। खान सर को जानने वाले कई लोगों का दावा था कि, वे कोचिंग परिसर के अंदर ही मौजूद हैं। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी। इस बीच छात्रों को एक संदेश भी भेजा गया, जिसमें कहा गया कि नियमित कक्षाएं जारी रहेंगी।

पुलिस की अपील- किसी बहकावे में न आएं

मामले की गंभीरता को देखते हुए पटना में कानून-व्यवस्था की समीक्षा के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक भी हुई। पुलिस ने छात्रों से अपील की है कि, वे किसी भी अफवाह या भ्रामक जानकारी से प्रभावित न हों और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

Featured News

खान सर बोले- गार्डों ने आत्मरक्षा में फायरिंग की

घटना के बाद खान सर ने कहा कि उनके गार्डों ने आत्मरक्षा में कार्रवाई की थी। उन्होंने दावा किया कि, जब हमला हुआ तब हालात बेहद तनावपूर्ण थे और पुलिस को घटनास्थल तक पहुंचने में समय लग रहा था। ऐसे में सुरक्षा कर्मियों ने अपनी और संस्थान की सुरक्षा के लिए कदम उठाया। खान सर ने सवाल उठाते हुए कहा कि, अगर किसी सुरक्षा गार्ड पर हमला हो रहा हो तो उससे क्या अपेक्षा की जानी चाहिए।

छात्रों के बीच दिया भावुक बयान

घटना के बाद सामने आए एक वीडियो में खान सर छात्रों को पूरी घटना समझाते दिखाई दिए। उन्होंने दावा किया कि, उनके गार्ड के साथ बेरहमी से मारपीट की गई और असली आरोपियों की गिरफ्तारी अभी तक नहीं हुई है। क्लास के दौरान उन्होंने यह भी कहा कि, अगर उनका संस्थान बंद हो गया तो प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों पर आर्थिक बोझ बढ़ सकता है और कई जगह फीस में भारी बढ़ोतरी हो सकती है।

Breaking News

प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थान पर आरोप

घटना के शुरुआती चरण में खान सर ने आरोप लगाया था कि, उनके प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थान से जुड़े लोगों ने हमला करवाया। दूसरी ओर प्रतिद्वंद्वी संस्थान के प्रतिनिधियों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इन आरोपों को खारिज कर दिया। उन्होंने दावा किया कि पूरा घटनाक्रम पहले से योजनाबद्ध था और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

विवाद की पूरी टाइमलाइन

तारीख

क्या हुआ

2 जून

रात में खान ग्लोबल स्टडीज पर हमला, पथराव और तोड़फोड़

2 जून

गार्ड के घायल होने की खबर, फायरिंग के दावे सामने आए

3 जून

पुलिस ने फायरिंग की पुष्टि नहीं की, पथराव और मारपीट की बात कही

3 जून

प्रतिद्वंद्वी कोचिंग से जुड़े कुछ लोगों की गिरफ्तारी

4 जून

गार्डों की फायरिंग का वीडियो वायरल

4 जून

दोनों सुरक्षा गार्ड गिरफ्तार

5 जून

खान सर ने कहा- गार्डों ने आत्मरक्षा में फायरिंग की

5 जून

खान सर के खिलाफ FIR दर्ज

6 जून

पुलिस निगरानी बढ़ी, छात्र कोचिंग के बाहर डटे रहे

7 जून

खान सर पटना सिविल कोर्ट पहुंचे

Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts