फिलीपींस में दो बंदूकें लेकर स्कूल पहुंचा छात्र, साथी को मारी गोली, फिर खुद भी दी जान

दक्षिणी फिलीपींस में मंगलवार, 18 अगस्त को स्कूल के अंदर गोलीबारी की घटना से हड़कंप मच गया। जाम्बोआंगा शहर के एटेनिओ डी जाम्बोआंगा यूनिवर्सिटी कैंपस के हाई स्कूल में एक छात्र ने अपने साथी छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद हमलावर ने खुद को भी गोली मार ली। घटना में दो अन्य लोग घायल हुए हैं।
पहले टीचर पर चलाई गोली
जानकारी के अनुसार, हमलावर के पास दो बंदूकें थीं। उसने सबसे पहले एक टीचर पर गोली चलाई। हालांकि, यह साफ नहीं है कि टीचर को गोली लगी या नहीं। इसके बाद हमलावर ने अपने साथ पढ़ने वाले एक छात्र को गोली मार दी। छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। फिर हमलावर ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
बॉडी कैमरा पहनकर आया था हमलावर?
रिपोर्ट के अनुसार, मेयर ने बताया कि हमलावर ने संभवत घटना को लाइव स्ट्रीम करने के लिए बॉडी कैमरा पहन रखा था। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि हमलावर ने हमले की रिकॉर्डिंग या लाइव स्ट्रीमिंग की थी या नहीं।
गोली चलने की आवाज से मची भगदड़
स्कूल की बिल्डिंग में गोलियों की आवाज सुनते ही अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षा व्यवस्था के बीच सैकड़ों छात्रों को स्कूल से सुरक्षित बाहर निकाला गया। यह हाई स्कूल एक अलग और सुरक्षित कैंपस में स्थित है। यह कैंपस जाम्बोआंगा शहर में मौजूद कैथोलिक यूनिवर्सिटी के मुख्य कैंपस से अलग है। मुख्य कैंपस में यूनिवर्सिटी के कॉलेज और प्रोफेशनल स्कूल चलाते हैं।
पुलिस ने कहा- स्थिति नियंत्रण में
घटना के कुछ घंटे बाद पुलिस ने बताया कि स्थिति अब नियंत्रण में है। स्कूल प्रशासन ने छात्रों के माता-पिता और गार्डियन से शांत रहने की अपील की। साथ ही उन्हें तय व्यवस्था के मुताबिक स्कूल पहुंचकर अपने बच्चों को ले जाने के लिए कहा गया।
जून में भी हुई थी स्कूल में गोलीबारी
फिलीपींस में यह घटना ऐसे समय हुई है, जब स्कूलों की सुरक्षा बढ़ाने का भरोसा दिया गया था। जून में मध्य टैकलोबन शहर में स्कूल के बाहर गोलीबारी हुई थी। इस घटना में तीन हाई स्कूल छात्रों की मौत हुई थी, जबकि कम से कम 20 लोग घायल हुए थे। इस मामले में पुलिस ने 14 और 15 साल के दो छात्रों को गिरफ्तार किया था।
अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में बड़ा अपडेट, चंपत राय और अनिल मिश्रा को SIT से क्लीन चिट
फिलीपींस में बंदूक अपराध आम
फिलीपींस में बंदूक से जुड़े अपराध अक्सर सामने आते हैं। देश में बिना लाइसेंस वाली बड़ी संख्या में बंदूकें होना इसकी एक बड़ी वजह माना जाता है। हालांकि, स्कूलों के अंदर इस तरह की गोलीबारी की घटनाएं अपेक्षाकृत कम होती हैं। फिलीपींस की यह घटना थाईलैंड में हुई एक भीषण स्कूल गोलीबारी के कुछ ही समय बाद सामने आई है। बैंकॉक के पास नोंथाबुरी प्रांत में 14 साल के एक लड़के पर अपने दादा-दादी, स्कूल के पांच कर्मचारियों और 12 साल की एक बच्ची की हत्या का आरोप लगा था।












