इंदौर। राजेंद्र नगर इलाके में स्थित कल्याण मार्ट में मंगलवार देर शाम एक छात्र ने 7वीं मंजिल से कूदने की कोशिश की। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। राजेंद्र नगर पुलिस की सूझबूझ और समझाइश से युवक को सुरक्षित बचा लिया गया।
पुलिस के अनुसार, छात्र कर्ज की समस्या से परेशान था। इसी तनाव में आकर उसने यह कदम उठाने की कोशिश की। समय रहते सूचना मिलने से बड़ा हादसा टल गया।
राजेंद्र नगर टीआई नीरज बिरथरे ने बताया कि छात्र का नाम गोकुल पाटीदार है। वह मंगलवार शाम रेती मंडी चौराहे पर स्थित कल्याण मार्ट पहुंचा। मार्ट में घूमते-घूमते वह 7वीं मंजिल पर पहुंच गया और वहां की बालकनी से छलांग लगाने लगा।
युवक को बालकनी में संदिग्ध हालत में देखकर सिक्योरिटी गार्ड ने तुरंत पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने काफी देर तक युवक से बातचीत की और उसे समझाया। समझाइश के बाद युवक मान गया और उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
टीआई ने बताया कि गोकुल लॉ कॉलेज में पढ़ाई करता है और मूल रूप से रतलाम का निवासी है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है।