
गोवा एयरपोर्ट पर उड़ान भरने से पहले इंडिगो की फ्लाइट में अचानक खराबी आ गई। गोवा से मुंबई जा रही इंडिगो की फ्लाइट जैसे ही रनवे की ओर जाने लगी उसके दाहिने इंजन में खराबी आ गई। जिसके बाद नौसेना बचाव दल की मदद से यात्रियों को विमान से उतारा गया। फ्लाइट कैंसल कर दी गई है और इंजन में खराबी की वजह की जांच की जा रही है। एयरपोर्ट डायरेक्टर ने इसकी जानकारी दी है।
विमान के दाहिने इंजन में आ गई खराबी
गोवा हवाईअड्डे के निदेशक ने कहा कि मुंबई जा रहे इंडिगो विमान के दाहिने इंजन में रनवे की ओर बढ़ते समय खराबी हो गई, जिसके बाद यात्रियों को विमान से बाहर निकालने में मदद के लिए नौसेना की एक टीम को बुलाया गया था। नौसेना की टीमों द्वारा विमान को टैक्सी बे में ले जाया गया। गोवा हवाई अड्डा नौसेना के आईएनएस हंसा बेस का एक हिस्सा है। गोवा से मुंबई जा रहे इंडिगो विमान 6 ई 6097 में 187 यात्री सवार थे। इंडिगो ने कहा कि यात्रियों को मुंबई जाने वाली दूसरी फ्लाइट में बिठाया जाएगा।
धुएं निकलने पर कोलकाता में कराई थी इमरजेंसी लैंडिंग
विमानों में खराबी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। बीते दिन ही इंडिगो की दिल्ली-कोलकाता फ्लाइट में धुएं का पता चलने के बाद उसकी कोलकाता हवाई अड्डे पर इमरजेंसी लैंडिंग करवाई गई थी। इंडिगो फ्लाइट 6E-2513 के कार्गो होल्ड एरिया में धुएं के कारण फ्लाइट के पायलटों ने ‘मेडे’ की कॉल दी। जिसके बाद कोलकाता एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) ने एयरपोर्ट फायर ब्रिगेड को सुरक्षित लैंडिंग के लिए अलर्ट किया था।
ये भी पढ़ें- दिल्ली से जबलपुर जा रहे SpiceJet के प्लेन की इमरजेंसी लैंडिंग, 5 हजार फीट पर अचानक धुएं से भर गई फ्लाइट; देखें Video
तकनीकी खराबी के चलते पाकिस्तान में कराई थी लैंडिंग
जानकारी के मुताबिक, 18 अगस्त को भारत से 12 यात्रियों को लेकर जा रहा चार्टर विमान सोमवार को पाकिस्तान के कराची शहर स्थित जिन्ना अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरा थ। हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरने वाला यह विशेष उड़ान दोपहर 12:10 बजे (स्थानीय समयानुसार) कराची हवाई अड्डे पर उतरा था। माना जा रहा है कि विमान में खराबी के कारण ही इसे कराची में उतारा गया था।
गौरतलब है कि इससे पहले भी भारत से उड़ान भरने वाले दो विमानों को तकनीकी कारणों से पिछले महीने कराची हवाई अड्डे पर उतरना पड़ा था। पांच जुलाई को स्पाइसजेट की दिल्ली-दुबई उड़ान के फ्यूल इंडिकेटर में हवा के बीच खराबी आ गई थी, इसके बाद इसे कराची के लिए डायवर्ट कर दिया गया था। वहीं, 17 जुलाई को इंडिगो की शारजाह-हैदराबाद विमान में पायलटों द्वारा एक इंजन में खराबी देखे जाने के बाद एहतियात के तौर पर इसे भी कराची डायवर्ट कर दिया गया था।
ये भी पढ़ें- 2 फ्लाइट्स की इमरजेंसी लैंडिंग : SpiceJet को पाकिस्तान में उतारा… पटना आ रही GoAir में आई खराबी