India's First AI Minister : केरल ने बनाया देश का पहला AI मंत्रालय, तकनीक के नए दौर की बड़ी शुरुआत

नेशनल डेस्क। भारत में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI का दायरा तेजी से बढ़ रहा है और अब सरकारें भी इसे भविष्य की सबसे अहम तकनीक मानने लगी हैं। इसी दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए केरल देश का पहला ऐसा राज्य बन गया है, जिसने अपनी सरकार में अलग से AI मंत्रालय बनाया है। इस नए विभाग की जिम्मेदारी IUML के वरिष्ठ नेता पीके कुन्हालीकुट्टी को सौंपी गई है। यह फैसला केवल तकनीकी बदलाव नहीं, बल्कि शासन और विकास के नए मॉडल की शुरुआत माना जा रहा है।
दूसरे राज्यों में भी बढ़ रही AI मंत्रालय की चर्चा
केरल के इस कदम के बाद अब दूसरे राज्यों में भी AI को लेकर चर्चा तेज हो गई है। तमिलनाडु में अभिनेता और नेता विजय की पार्टी TVK ने चुनाव प्रचार के दौरान वादा किया था कि सत्ता में आने पर वे भी AI मंत्रालय या AI गवर्नेंस सिस्टम बनाएंगे। इससे साफ है कि राज्य सरकारें अब AI को सिर्फ नई तकनीक नहीं, बल्कि भविष्य की जरूरत के रूप में देख रही हैं। आने वाले वर्षों में कई और राज्य इस दिशा में कदम उठा सकते हैं।
AI मंत्रालय का असली काम यह होगा...
AI मंत्रालय का मुख्य काम यह तय करना होगा कि सरकारी विभागों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल कैसे किया जाए। उदाहरण के तौर पर अस्पतालों में AI की मदद से बीमारियों का जल्दी पता लगाया जा सकता है। ट्रैफिक सिस्टम में इसका इस्तेमाल करके जाम कम किया जा सकता है। स्कूलों में छात्रों के स्तर के अनुसार पढ़ाई का डिजिटल सिस्टम तैयार किया जा सकता है। इसके अलावा सरकारी दफ्तरों में शिकायत निवारण और फाइलों के काम को भी तेज और आसान बनाया जा सकता है। अभी अलग-अलग विभाग अपनी जरूरत के हिसाब से तकनीक का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन AI मंत्रालय बनने के बाद सभी काम एक साझा नीति के तहत होंगे।
रोजगार, स्टार्टअप और निवेश पर रहेगा खास फोकस
सरकारें अब AI को भविष्य की बड़ी इंडस्ट्री मान रही हैं। जैसे पहले राज्य IT कंपनियों और फैक्ट्रियों को आकर्षित करने के लिए प्रतिस्पर्धा करते थे, उसी तरह अब AI कंपनियों और स्टार्टअप्स को लाने की तैयारी हो रही है। AI मंत्रालय रिसर्च सेंटर खोलने, नई कंपनियों को बढ़ावा देने और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने पर काम कर सकता है।
स्किल डेवलपमेंट भी बड़ी जिम्मेदारी होगी
इसके अलावा स्किल डेवलपमेंट भी मंत्रालय की बड़ी जिम्मेदारी होगी। विशेषज्ञों का मानना है कि AI आने वाले समय में कई पारंपरिक नौकरियों का तरीका बदल सकता है। इसलिए कर्मचारियों और युवाओं को नई डिजिटल और AI स्किल्स सिखाने की जरूरत पड़ेगी। इसके लिए स्कूलों, कॉलेजों और ट्रेनिंग संस्थानों में विशेष कार्यक्रम शुरू किए जा सकते हैं।
ये भी पढ़ें: सहारनपुर: सपा सांसद इकरा हसन पर FIR दर्ज, डीआईजी कार्यालय पर समर्थकों के साथ किया था हंगामा
AI के सुरक्षित और नैतिक इस्तेमाल पर भी होगी नजर
AI तकनीक जितनी फायदेमंद है, उतनी ही संवेदनशील भी मानी जाती है। इसलिए सरकारों के सामने यह चुनौती भी है कि इसका गलत इस्तेमाल न हो। AI मंत्रालय केवल तकनीकी विकास तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यह नियम और नीतियां बनाने का काम भी करेगा। यह मंत्रालय तय करेगा कि AI का उपयोग सुरक्षित, पारदर्शी और नैतिक तरीके से हो। उदाहरण के तौर पर डेटा सुरक्षा, फर्जी जानकारी, साइबर अपराध और लोगों की निजता जैसे मुद्दों पर नियम बनाए जा सकते हैं। दुनिया भर की सरकारें मानती हैं कि आने वाले दशक में AI खेती, बैंकिंग, शिक्षा, पुलिसिंग और सरकारी योजनाओं तक में बड़ा बदलाव लाएगा।
UAE ने सबसे पहले शुरू किया था AI मंत्री का पद
संयुक्त अरब अमीरात दुनिया के उन शुरुआती देशों में शामिल है जिसने साल 2017 में AI के लिए अलग मंत्री नियुक्त किया था। UAE सरकार का मानना था कि भविष्य की अर्थव्यवस्था और सरकारी सेवाओं में AI की बड़ी भूमिका होगी। इसके बाद देश ने राष्ट्रीय AI रणनीति तैयार की और सरकारी कामकाज में AI का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल शुरू किया। आज UAE दुनिया की बड़ी AI कंपनियों को आकर्षित करने, आधुनिक तकनीकी ढांचा तैयार करने और डिजिटल शासन को मजबूत करने पर तेजी से काम कर रहा है।












