क्रिकेटखेल

Under-19 World Cup 2022 : बाना के छक्के ने दिलाई धोनी की याद! खास क्लब में शामिल हुए यश धुल

भारत क्रिकेट की अंडर-19 क्रिकेट टीम ने इतिहास रच दिया है। इसी के साथ यश धुल भी भारत को अंडर-19 विश्व कप दिलाने वाले कप्तानों की खास लिस्ट में शामिल हो गए हैं। इंग्लैंड ने फाइनल मुकाबले में 189 रन बनाए थे और भारत को 190 रनों का लक्ष्य मिला था।

यश से पहले इन्होंने दिलाई थी जीत

उनसे पहले मोहम्मद कैफ (2000), विराट कोहली (2008), उन्मुक्त चंद (2012) और पृथ्वी शॉ (2018) की कप्तानी में भारत ने विश्व कप जीता था। इसके अलावा रविकांत शुक्ला (2006), ईशान किशन (2016) और प्रियम गर्ग (2020) की कप्तानी में भारतीय टीम फाइनल में हार गई थी।

भारतीय खिलाड़ियों को 40 लाख का इनाम

अंडर-19 विश्व कप जीतने वाले हर एक खिलाड़ी को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) 40 लाख रुपए का इनाम देगा। वहीं, हर एक सपोर्ट स्टाफ को 25 लाख रुपए मिलेंगे। बीसीसीआई के सचिव जय शाह ने इसकी घोषणा की है। इस टूर्नामेंट में ऋषिकेश कानितकर भारतीय टीम के हेड कोच रहे।

दिनेश बाना ने महेंद्र सिंह धोनी की दिलाई याद

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड की टीम 44.5 ओवर में 189 रन पर ऑलआउट हो गई और भारत को 190 रनों का लक्ष्य मिला। टीम इंडिया ने 47.4 ओवर में ही 6 विकेट खोकर 195 रन बना लिए। जब मैच अपने आखिरी दौर में पहुंचा, तब टीम इंडिया के बल्लेबाजों ने रनों की रफ्तार बढ़ा दी।

टीम इंडिया के दिनेश बाना ने छक्का जड़कर भारत को विश्व विजेता बना दिया। ये बिल्कुल वैसा ही है, जैसे साल 2011 में महेंद्र सिंह धोनी ने छक्का जड़ भारत को 50 ओवर के विश्व कप में विजेता बनाया था।

शून्य पर भारत को लगा पहला झटका

190 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को शून्य पर ही पहला झटका लगा। जोशुआ बॉयडेन ने पहले ओवर की दूसरी गेंद पर अंगकृष रघुवंशी को शून्य पर एलेक्स होर्टन के हाथों कैच कराया। इसके बाद उपकप्तान शेख रशीद ने हरनूर सिंह के साथ दूसरे विकेट के लिए 49 रन की साझेदारी निभाई। हरनूर 21 रन बनाकर आउट हुए।

भारत और इंग्लैंड के बीच आंकड़े

आंकड़ों की बात करें तो भारत और इंग्लैंड की अंडर-19 टीमों के बीच यह 50वां मुकाबला था। इसमें से 37 मैच भारत और 11 मैच इंग्लैंड जीता है। वहीं 1 मैच टाई रहा है। अंडर-19 विश्व कप में भी इंग्लैंड के खिलाफ भारत का रिकॉर्ड बेहद शानदार रहा है। विश्व कप में दोनों टीमों के बीच 9 मैच हुए हैं। इनमें से 7 भारत और 2 इंग्लैंड ने जीते हैं।

संबंधित खबरें...

Back to top button