देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। एक तरफ जहां मध्य, पश्चिम और दक्षिण भारत के राज्य भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं। वहीं दूसरी ओर पहाड़ी और पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश, आंधी और बर्फबारी का दौर जारी है। पिछले दो दिनों में कई राज्यों में तापमान 40 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच गया है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि, 20 अप्रैल तक गर्मी का यह प्रकोप जारी रहेगा।
देश के कई हिस्सों में गर्मी अपने चरम पर पहुंच चुकी है। बुधवार को महाराष्ट्र के अकोला में सबसे ज्यादा 44.2°C तापमान दर्ज किया गया। इसके अलावा उत्तर प्रदेश के बांदा में भी पारा 44°C तक पहुंच गया। राजस्थान के बाड़मेर में 42.8°C, मध्य प्रदेश के नौगांव में 42°C, आंध्र प्रदेश के अनंतपुर में 43.4°C और छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में 43°C तापमान रिकॉर्ड किया गया। यह इस सीजन के अब तक के सबसे अधिक तापमान में शामिल है।
मौसम विभाग के अनुसार, अचानक गर्मी बढ़ने का मुख्य कारण पश्चिमी विक्षोभ का कमजोर पड़ना है। इसके चलते ठंडी हवाओं का प्रभाव कम हो गया है और गर्म हवाएं तेजी से चल रही हैं। इसके अलावा महाराष्ट्र और कर्नाटक के ऊपर एक एंटी-साइक्लोन सक्रिय है, जिसके कारण ऊपर की गर्म हवा नीचे की ओर दब रही है। इससे सतह का तापमान तेजी से बढ़ रहा है। यह स्थिति 18 से 20 अप्रैल तक बनी रह सकती है।
मध्य, पश्चिम और दक्षिण भारत के कई राज्य इस समय लू की चपेट में हैं। इनमें मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, गुजरात, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु और ओडिशा प्रमुख हैं। इन राज्यों में दिन के समय तेज गर्म हवाएं चल रही हैं, जिससे तापमान और अधिक महसूस हो रहा है। खासकर महाराष्ट्र के विदर्भ, मराठवाड़ा और मध्य क्षेत्रों में स्थिति सबसे गंभीर बनी हुई है।
यह भी पढ़ें: MP Weather Update : प्रदेश में अब झुलसाएगी गर्मी... 16 जिलों में लू का अलर्ट, 25 शहरों में पारा 40 के पार
राजस्थान
राजस्थान में गर्मी लगातार बढ़ती जा रही है और कई जिलों में पारा 42°C के पार पहुंच चुका है। बाड़मेर सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 42.8°C दर्ज किया गया। अब रात में भी गर्मी बढ़ने लगी है और जयपुर समेत कई शहरों में रात का तापमान 28°C के ऊपर पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री तक और बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे लू का असर और तेज होगा।
मध्य प्रदेश
मध्य प्रदेश में भी गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। राज्य के 16 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया गया है और 25 शहरों में तापमान 40°C के पार पहुंच चुका है। छतरपुर का नौगांव सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 42.4°C दर्ज किया गया। बुरहानपुर, हरदा और रतलाम में गर्मी को देखते हुए स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। अगले चार दिनों तक प्रदेश के कई जिले लू की चपेट में रहेंगे।
उत्तर प्रदेश
उत्तर प्रदेश में इस सीजन में पहली बार तापमान 44°C के पार पहुंच गया है। बांदा जिला सबसे गर्म रहा, जहां पारा 44°C रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश के करीब 16 जिलों में तापमान 40°C से ऊपर चल रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले 4-5 दिनों में तापमान 45°C तक पहुंच सकता है, जिससे लू की स्थिति और गंभीर हो सकती है।
महाराष्ट्र
महाराष्ट्र के कई हिस्सों में भीषण गर्मी पड़ रही है। अकोला में 44.2°C तापमान दर्ज किया गया, जो देश में सबसे ज्यादा रहा। विदर्भ, मराठवाड़ा और मध्य महाराष्ट्र में हालात सबसे गंभीर हैं। कोंकण को छोड़कर लगभग पूरे राज्य में तापमान 40°C से ऊपर है। गर्मी के बढ़ते असर को देखते हुए वर्धा में स्कूल बंद कर दिए गए हैं। एंटी-साइक्लोन के कारण तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है।
छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़ में भी गर्मी का असर बढ़ता जा रहा है। राजनांदगांव में तापमान 43°C तक पहुंच गया है। राज्य के कई हिस्सों में लू का यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 3 दिनों में तापमान 2 से 3 डिग्री तक और बढ़ सकता है। खासकर बिलासपुर, दुर्ग और रायपुर संभाग में लू का ज्यादा असर रहेगा।
[tag id="5409" type="Weather update" slug="weather-update"]
बिहार
बिहार में भी तापमान तेजी से बढ़ रहा है और कई जिलों में पारा 40°C के करीब पहुंच गया है। रोहतास के डेहरी में सबसे ज्यादा 41.8°C तापमान दर्ज किया गया। हालांकि, 17 और 18 अप्रैल को कुछ इलाकों में हल्की बारिश की संभावना है, लेकिन इससे गर्मी से ज्यादा राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। आने वाले दिनों में लू का असर बढ़ सकता है।
गुजरात
गुजरात में भी गर्मी का असर बढ़ रहा है और कई इलाकों में तापमान 40°C के पार पहुंच चुका है। सौराष्ट्र और कच्छ क्षेत्रों में गर्म और उमस भरा मौसम बना हुआ है। अगले कुछ दिनों तक यहां लू जैसे हालात बने रह सकते हैं और लोगों को तेज धूप और गर्म हवाओं का सामना करना पड़ेगा।
दिल्ली-NCR
दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में भी तापमान लगातार बढ़ रहा है। फिलहाल तापमान 36 से 39°C के बीच है, लेकिन आने वाले 4-5 दिनों में यह 40°C तक पहुंच सकता है। अभी हीटवेव घोषित नहीं की गई है, लेकिन गर्मी का असर साफ महसूस हो रहा है। 19 अप्रैल के बाद हल्की आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है।
हरियाणा
हरियाणा में भी गर्मी तेजी से बढ़ रही है। रोहतक और फरीदाबाद में तापमान 40.5°C तक पहुंच गया है। कई जिलों में लू जैसे हालात बन रहे हैं और रात का तापमान भी बढ़ रहा है। इससे लोगों को दिन और रात दोनों समय गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।
पंजाब
पंजाब में पिछले कुछ दिनों से गर्मी बढ़ी है, लेकिन अब मौसम बदलने के संकेत हैं। पठानकोट, अमृतसर और गुरदासपुर में हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि तापमान में ज्यादा गिरावट की उम्मीद नहीं है और गर्मी का असर बना रहेगा।
झारखंड
झारखंड में भी तापमान बढ़ने लगा है और कई जिलों में पारा 40°C के करीब पहुंच गया है। सरायकेला सबसे गर्म रहा, जहां 40.6°C तापमान दर्ज किया गया। रांची समेत कुछ जिलों में लू चलने की संभावना है, जबकि 7 जिलों में हल्की बारिश हो सकती है।
हिमाचल प्रदेश
हिमाचल प्रदेश में मौसम पूरी तरह बदलने वाला है। यहां पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसके कारण अगले चार दिनों तक बारिश, आंधी और ओलावृष्टि की संभावना है। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है। कुछ जगहों पर तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
[featured type="Featured"]
उत्तराखंड
उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में मौसम बदल रहा है। उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। वहीं देहरादून में तापमान 36°C के पार पहुंच गया है। ऊंचे इलाकों में बर्फबारी का असर देखा जा सकता है।
पूर्वोत्तर भारत (नॉर्थ-ईस्ट)
पूर्वोत्तर राज्यों में मौसम पूरी तरह अलग है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में आंधी, तेज बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है। यहां 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दो दिनों में देश के अलग-अलग हिस्सों में अलग-अलग मौसम देखने को मिलेगा।
17 अप्रैल को पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में हल्की बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी और ओले गिरने की संभावना है। वहीं मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में लू का असर रहेगा।
18 अप्रैल को छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, तेलंगाना और कर्नाटक में हीटवेव का असर और बढ़ेगा। वहीं पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश की संभावना बनी रहेगी।