Organize Wardrobe :कपड़ो को ठूंसने से आपकी अलमारी भी कबाड़खाना बन गई? ऐसे जमाए कपड़े, समय पर मिलेगी पसंदीदा ड्रेस

सुबह उठे और कॉलेज ड्रेस या फिर ऑफिस के लिए जल्दी में तैयार होते वक्त अगर पसंदीदा शर्ट या कपड़ा नहीं मिले, तो पूरा दिन और मूड दोनों खराब हो जाते हैं। इसकी सबसे बड़ी वजह होती है बिखरी हुई अलमारी। ज्यादातर लोग कपड़ों को बिना प्लान के ठूंस-ठूंसकर भर देते हैं, जिससे जरूरी चीज समय पर नहीं मिलती। अगर आपकी अलमारी भी कबाड़खाना बन गई है, तो इन आसान तरीकों से आप इसे व्यवस्थित और उपयोगी बना सकते हैं।
ऐसे संवारे अपनी अलमारी को
कपड़े रोल करके रखें, जगह भी बचेगी
टी-शर्ट, पजामा और जिम वियर जैसे कपड़ों को फोल्ड करने के बजाय रोल करके रखें। इससे कपड़े कम जगह घेरते हैं और उनमें सिलवटें भी कम पड़ती हैं। साथ ही, अलमारी में ज्यादा कपड़े आसानी से फिट हो जाते हैं और ढूंढने में भी आसानी होती है।
‘फाइल’ स्टाइल में रखें कपड़े
कपड़ों को एक-दूसरे के ऊपर रखने के बजाय लाइन से सटाकर रखें, जैसे फाइलें रखी जाती हैं। इससे अलमारी खोलते ही सारे कपड़े एक साथ दिख जाते हैं और किसी एक कपड़े को निकालने पर बाकी कपड़े बिखरते नहीं हैं।
यह भी पढ़ें: सिर्फ पानी से धोना काफी नहीं! स्टिकर वाले फल बन सकते हैं बीमारी की वजह, FSSAI की चेतावनी
हैंगर का सही इस्तेमाल करें
शर्ट, सूट और महंगी साड़ियों को हमेशा हैंगर में टांगकर रखें। एक हैंगर में कई कपड़े डालने से कपड़े दब जाते हैं और उनकी शेप और प्रेस खराब हो जाती है। इसलिए हर कपड़े के लिए अलग हैंगर का इस्तेमाल करें।
छोटे सामान के लिए बास्केट का उपयोग
मोजे, रुमाल और अंडरगारमेंट्स जैसे छोटे सामान को रखने के लिए छोटे बॉक्स या टोकरियों का इस्तेमाल करें। इससे ये चीजें इधर-उधर नहीं फैलतीं और जरूरत के समय तुरंत मिल जाती हैं।
यह भी पढ़ें: उड़ते विमान में बच्चे का जन्म : अब नागरिकता पर सवाल? जानें क्या कहता है कानून...
रंग के हिसाब से करें अरेंज
कपड़ों को रंग के हिसाब से अलग-अलग रखें—जैसे सफेद, काले, नीले या अन्य रंग। इससे अलमारी देखने में भी सजी-संवरी लगती है और मैचिंग कपड़े ढूंढना बेहद आसान हो जाता है।
अलमारी के दरवाजे का भी करें इस्तेमाल
अलमारी के दरवाजों के अंदर हुक्स लगाकर बेल्ट, स्कार्फ, टाई या छोटे बैग टांगे जा सकते हैं। यह जगह अक्सर खाली रहती है, लेकिन सही इस्तेमाल करने पर काफी स्टोरेज मिल सकता है।
सेट बनाकर रखें कपड़े
कोशिश करें कि कुर्ती के साथ उसका प्लाजो और दुपट्टा एक साथ रखें। इसी तरह शर्ट के साथ पैंट या जरूरी एक्सेसरीज भी साथ रखें। इससे रोजाना तैयार होने में समय बचेगा और मैचिंग ढूंढने की झंझट खत्म होगी।
सीजनल कपड़ों को अलग रखें
सर्दी और गर्मी के कपड़ों को अलग-अलग रखना बहुत जरूरी है। मौसम के हिसाब से ही कपड़े अलमारी में बाहर रखें और बाकी कपड़ों को अलग बॉक्स या बैग में स्टोर कर दें।
अगर आप इन आसान तरीकों को अपनाते हैं, तो आपकी अलमारी हमेशा साफ, सजी हुई और काम की बनी रहेगी। इससे न सिर्फ आपका समय बचेगा, बल्कि रोजमर्रा की भागदौड़ भी काफी आसान हो जाएगी।











