गुना : जुलूस पर पथराव के बाद तीसरे दिन भी तनाव, कर्नलगंज के कई घरों में पथराव, प्रदर्शनकारियों पर पुलिस ने किया लाठीचार्ज, प्रशासन अलर्ट मोड पर
-सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर विहिप का हनुमान चौराहे पर प्रदर्शन, बुलडोजर चलाने की मांग

गुना। हनुमान जयंती के जुलूस पर हुए पथराव की घटना के बाद गुना शहर में तीसरे दिन भी तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। सोमवार को विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। स्थिति उस समय और अधिक बिगड़ गई जब प्रदर्शनकारियों की एक भीड़ विवादित क्षेत्र की ओर बढऩे लगी। पुलिस ने हालात संभालने के लिए हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर किया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने उस गली में जाने का प्रयास किया जहां शनिवार को जुलूस पर पथराव हुआ था। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की लेकिन माहौल तनावपूर्ण होता चला गया। इस दौरान डाकघर के पास स्थित धोबी गली क्षेत्र में उपद्रवियों ने कुछ घरों पर पथराव और तोडफोड़ कर दी। पुलिस और प्रशासन पहले से ही मस्जिद चौराहे पर तैनात था, इसी का फायदा उठाकर उपद्रवियों ने पीछे के रास्तों से हमला किया।
कर्नलगंज की गलियों में पहुंचकर की पत्थरबाजी
स्थिति और अधिक बिगड़ी जब भीड़ का एक अन्य हिस्सा छात्रावास और जगदीश कॉलोनी से होते हुए दुर्गा मंदिर रोड की ओर बढ़ा। यहां भी पुलिस ने लाठीचार्ज कर उन्हें खदेड़ दिया। इसके बावजूद छोटे-छोटे समूहों में बंटे उपद्रवियों ने दुर्गा कॉलोनी, त्रिमूर्ति कॉलोनी से होते हुए कर्नलगंज की गलियों में पहुंचकर पत्थरबाजी की। इन घटनाओं से क्षेत्र में भय और तनाव का माहौल गहरा गया।कलेक्टोरेट में सौंपा गया ज्ञापन
मुख्य जुलूस में शामिल विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कलेक्ट्रेट पहुंचे और वहां प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। कार्यकर्ताओं की मांग थी कि आरोपियों के खिलाफ बुलडोजर जैसी सख्त कार्रवाई की जाए। इस दौरान कुछ कार्यकर्ता ज्ञापन देने के बजाय दूसरे रास्तों से विवादित इलाकों की ओर जाने लगे, जिन्हें पुलिस ने रोका और खदेड़ा।












