रियलिटी टेलीविजन के चर्चित चेहरे मयंक पवार अब इस दुनिया में नहीं रहे। ‘स्प्लिट्सविला 7’ से पहचान बनाने वाले मयंक पवार के निधन की खबर से उनके फैंस और फिटनेस जगत में गहरा दुख है।
मयंक पवार के निधन की पुष्टि उनके ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट से की गई। पोस्ट में लिखा गया- एक भाई, एक चैंपियन, एक मेंटर और कई लोगों के लिए प्रेरणा। मयंक पवार हमेशा हमारे दिलों में जिंदा रहेंगे। यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
[instagram-post link="https://www.instagram.com/reel/DVHM5tWkz4D/?utm_source=ig_web_copy_link"]
मयंक ने MTV के पॉपुलर यूथ रियलिटी शो स्प्लिट्सविला के सीजन 7 में हिस्सा लिया था। शो में उनका शांत, ईमानदार और सुलझा हुआ स्वभाव दर्शकों को खूब पसंद आया।
उनका एलिमिनेशन उस सीजन के सबसे भावुक पलों में से एक था। उस वक्त होस्ट सनी लियोनी भावुक हो गई थीं और उन्होंने मयंक को गले लगाया था। को-होस्ट निखिल चिनप्पा ने भी उन्हें रोककर गले लगाया था, जो शो में कम ही देखने को मिलता है।
रियलिटी शो के अलावा मयंक पवार फिटनेस इंडस्ट्री में भी जाना-पहचाना नाम थे। वे 7 बार मिस्टर इंडिया टाइटल होल्डर रहे और एक बार मिस्टर इंडिया का खिताब भी जीत चुके थे। वे सेलिब्रिटी फिटनेस ट्रेनर के रूप में काम कर चुके थे और कई युवाओं के लिए प्रेरणा बने।
मयंक पवार की मौत की वजह अभी सामने नहीं आई है। उनकी प्रार्थना सभा बुधवार, 25 फरवरी 2026 को शाम 5 से 6 बजे तक वाल्मीकि मंदिर, संगम पार्क, राणा प्रताप बाग में रखी गई है।
निधन की खबर आते ही सोशल मीडिया पर शोक संदेशों की बाढ़ आ गई। एक यूजर ने लिखा- यकीन नहीं हो रहा, स्प्लिट्सविला 7 में सबसे प्योर सोल थे। दूसरे ने कहा- शॉकिंग न्यूज, बेहद दुखद। कुछ यूजर्स ने फिटनेस और हेल्थ को लेकर भी चिंता जताई, हालांकि इस पर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं है।