राजकोट TRP गेमिंग जोन हादसा : अग्निकांड में 28 मौतों पर सरकार का एक्शन, नगर निगम अधिकारियों और पुलिस अफसरों सहित 6 सस्पेंड

Follow on Google News
राजकोट TRP गेमिंग जोन हादसा : अग्निकांड में 28 मौतों पर सरकार का एक्शन, नगर निगम अधिकारियों और पुलिस अफसरों सहित 6 सस्पेंड
राजकोट। गुजरात में राजकोट के गेम जोन में शनिवार (25 मई) की शाम लगी आग में अब तक 12 बच्चों समेत 28 लोगों की मौत हो चुकी है, 10 से ज्यादा लोग लापता बताए जा रहे हैं। इस मामले को लेकर अब राज्य सरकार ने बड़ा एक्शन लिया है। नगर निगम अधिकारियों और पुलिस अफसरों सहित 6 लोगों को सस्पेंड कर दिया गया है। इससे पहले गुजरात पुलिस ने टीआरपी गेमिंग जोन के मालिक और प्रबंधक सहित छह लोगों पर गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया था।

इन्हें किया गया सस्पेंड

गुजरात में राजकोट TRP गेमिंग जोन में आग लगने के मामले में प्रशासन ने छह अधिकारियों को सस्पेंड किया है। इनमें  राजकोट नगर निगम के दो अधिकारी असिस्टेंट इंजीनियर जयदीप चौधरी और टाउन प्लानर गौतम जोशी को सस्पेंड किया गया है। इसके साथ ही सड़क एवं निर्माण विभाग के दो अधिकारी एडिशनल इंजीनियर पारस कोठिया और डिप्टी इंजीनियर एम आर सुमा को भी सस्पेंड किया गया है। वहीं, पुलिस विभाग के दो अधिकारी पुलिस इंस्पेक्टर एन आर राठौड़ और पुलिस इंस्पेक्टर वी आर पटेल पर भी एक्शन लिया गया है।

जांच के लिए पांच सदस्यीय SIT गठित

गुजरात के राजकोट शहर के कालावड रोड पर स्थित TRP गेम जोन में शनिवार (25 मई) शाम 4.30 बजे भीषण आग लग गई थी। 3 घंटे की मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया। सरकार ने मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल का गठन किया है। इस मामले में राज्य सरकार ने पांच सदस्यीय SIT गठित की है।

गेम जोन में था 3500 लीटर डीजल-पेट्रोल

गेम जोन में आग लगने के कारणों में यह भी सामने आया है कि, गेम जोन में करीब 3500 लीटर डीजल-पेट्रोल स्टोर करके रखा गया था। 1500 से 2000 लीटर डीजल जनरेटर के लिए और गो कार रेसिंग के लिए 1000 से 1500 लीटर पेट्रोल स्टोर किया हुआ था। साथ ही इसका डोम भी कपड़े और फाइबर से बना था। जिसकी वजह से आग इतनी फैली और पूरा स्ट्रक्चर जल कर खाक हो गया। गेम जोन से बाहर निकलने और प्रवेश के लिए 6 से 7 फीट का एक ही रास्ता था। एंट्री के लिए शनिवार (25 मई) को 99 रुपए की स्कीम थी, जिसकी वजह से हादसे के वक्त गेम जोन में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।

गेमिंग जोन को नहीं मिला था NOC

राजकोट गेम जोन दुर्घटना मामले में कलेक्टर ने कहा कि, ​​​​​​ आग इलेक्ट्रिक कारणों से लगी थी। टीआरपी गेम जोन के पास फायर NOC तक नहीं थी। राजकोट पुलिस कमिश्नर राजू भार्गव ने बताया कि, टीआरपी गेम जोन के मालिक और मैनेजर सहित दो अन्य लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। सरकार ने जांच के लिए एसआईटी गठित की है।

मृतकों की पहचान के लिए DNA टेस्ट होगा

प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि मृतकों की संख्या अभी और भी बढ़ सकती है। घटना में शव इतनी बुरी तरह झुलस गए हैं कि उनकी शिनाख्त कर पाना मुश्किल है। बताया जा रहा है कि शवों की पहचान के लिए DNA टेस्ट कराया जाएगा।

प्रधानमंत्री ने भी जताया दुख

देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इश घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया “X” पर लिखा कि वे इस हादसे से व्यथित हैं । उन्होंने इस हादसे में मृतकों के परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं जताते हुए घायलों के प्रति गहरी संवेदनाएं जताई हैं। प्रधानमंत्री ने हादसे को लेकर गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल से भी बात कर राहत और बचाव कार्यों की जानकारी ली।

गुजरात में हुए बड़े हादसे

  • मई 2019 : तक्षशिला कांड, जिसमें 22 स्टूडेंट्स की मौत हुई थी।
  • अक्टूबर 2022 : मोरबी स्थित झूलता पुल टूटने से 140 लोगों की मौत हुई थी।
  • जनवरी 2024 : वडोदरा में हरनी दुर्घटना में 14 लोगो की मौत हुई थी।
  • मई 2024 : राजकोट के गेमिंग जोन में आग लगने से 27 लोगों की मौत हुई।
ये भी पढ़ें- राजकोट TRP गेमिंग जोन हादसा अपडेट : आग लगने से 27 की मौत, स्टोर था 3500 लीटर डीजल-पेट्रोल; पुलिस हिरासत में मालिक-प्रबंधक ये भी पढ़ें- गुजरात : राजकोट में टीआरपी गेम जोन में लगी भीषण आग, 12 बच्चों समेत 25 की मौत, DNA टेस्ट से होगी शवों की पहचान, बढ़ सकता है आंकड़ा
Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts