PlayBreaking News

Goa Night Club Fire:दिल्ली से गोवा रवाना होंगे लूथरा ब्रदर्स, गहन पूछताछ में खुलेंगे बड़े राज?

गोवा के बर्च नाइट क्लब अग्निकांड मामले में फरार चल रहे लूथरा ब्रदर्स को थाईलैंड से डिपोर्ट कर भारत लाया गया है। पटियाला हाउस कोर्ट ने दोनों आरोपियों को दो दिन की ट्रांजिट रिमांड पर गोवा पुलिस को सौंप दिया है। 6 दिसंबर की रात हुए इस भीषण हादसे में 25 लोगों की मौत हुई थी। अब गोवा ले जाकर आरोपियों से गहन पूछताछ की जाएगी।
Follow on Google News
दिल्ली से गोवा रवाना होंगे लूथरा ब्रदर्स, गहन पूछताछ में खुलेंगे बड़े राज?
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    पणजी। गोवा नाइट क्लब अग्निकांड मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। हादसे के बाद से फरार चल रहे लूथरा ब्रदर्स-गौरव लूथरा और सौरभ लूथरा को 16 दिसंबर को थाईलैंड से भारत लाया गया। दोनों आरोपियों को दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया गया, जहां अदालत ने उन्हें दो दिन की ट्रांजिट रिमांड पर गोवा पुलिस को सौंप दिया। अब गोवा पुलिस दोनों भाइयों को फ्लाइट से गोवा लेकर जा रही है, जहां उनसे गहन पूछताछ की जाएगी।

    थाईलैंड से डिपोर्ट होकर पहुंचे दिल्ली

    भारतीय जांच एजेंसियों के अनुरोध पर थाईलैंड के अधिकारियों ने लूथरा ब्रदर्स को हिरासत में लिया था। इसके बाद दोनों को भारत डिपोर्ट किया गया। 16 दिसंबर को जैसे ही वे दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे, गोवा पुलिस ने उन्हें अपनी हिरासत में ले लिया। मेडिकल जांच के बाद दोनों को पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया गया, जहां पुलिस ने तीन दिन की रिमांड की मांग की थी, लेकिन कोर्ट ने दो दिन की ट्रांजिट रिमांड मंजूर की।

    Twitter Post

    एयरपोर्ट पर सिर झुकाते दिखे भाई

    गोवा रवाना होने से पहले एयरपोर्ट से लूथरा ब्रदर्स की एक तस्वीर भी सामने आई है। फोटो में दोनों आरोपी सिर झुकाए बैठे नजर आए, जबकि उनके साथ गोवा पुलिस के अधिकारी मौजूद थे। कैमरों से बचने के लिए दोनों ने अपना चेहरा छुपाने की कोशिश की और फोटो खिंचवाने से दूरी बनाए रखी।

    Twitter Post

    परिजनों से मुलाकात कर फूट-फूटकर रोने लगे

    पटियाला हाउस कोर्ट में सुनवाई के बाद जब गौरव और सौरभ की मुलाकात अपने परिजनों से हुई, तो दोनों खुद को संभाल नहीं पाए। परिजनों को देखते ही दोनों भाई फूट-फूटकर रोने लगे।

    6 दिसंबर की रात हुआ था भीषण हादसा

    यह पूरा मामला 6 दिसंबर 2025 की रात का है, जब उत्तरी गोवा के आरपोरा गांव में स्थित नाइट क्लब बर्च बाय रोमियो लेन में भीषण आग लग गई थी। आग सबसे पहले क्लब की लकड़ी की छत में लगी और देखते ही देखते पूरे परिसर में फैल गई। इस दर्दनाक हादसे में पर्यटकों और कर्मचारी समेत 25 लोगों की जान चली गई थी।

    हादसे के बाद विदेश भाग गए थे आरोपी

    आग की खबर मिलते ही नाइट क्लब के मालिक गौरव और सौरभ लूथरा ने तुरंत देश छोड़ दिया। घटना की रात दोनों दिल्ली में एक शादी में शामिल होने आए थे। जैसे ही उन्हें आग की जानकारी मिली, दोनों ने फ्लाइट पकड़ी और थाईलैंड भाग गए। बाद में उनका पासपोर्ट रद्द कर दिया गया, जिसके बाद थाईलैंड में ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

    गोवा में जांच तेज

    गोवा पुलिस और मजिस्ट्रेट जांच समिति दोनों स्तर पर मामले की जांच कर रही हैं। सूत्रों के मुताबिक अब तक करीब 20 लोगों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं, 100 से ज्यादा लोगों को पूछताछ के लिए बुलाया गया है, एक्साइज विभाग के अधिकारियों से भी सवाल-जवाब हो रहे हैं, स्थानीय निकाय से जुड़े लोगों के बयान भी दर्ज किए, संपत्ति के मूल मालिक प्रदीप घड़ी अमोणकर से भी पूछताछ की।

    लूथरा ब्रदर्स के खिलाफ हत्या और गंभीर लापरवाही की धाराओं में FIR दर्ज की गई है। अब दोनों को गोवा ले जाकर विस्तृत पूछताछ की जाएगी। माना जा रहा है कि इस पूछताछ के बाद नाइट क्लब अग्निकांड से जुड़े कई और बड़े खुलासे सामने आ सकते हैं।

    अग्रिम जमानत पहले ही हो चुकी है खारिज

    11 दिसंबर को दिल्ली की एक अदालत ने लूथरा ब्रदर्स की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी। सुनवाई के दौरान गोवा पुलिस ने कोर्ट को बताया था कि आरोपियों ने खुद को कारोबार से दूर बताने की कोशिश की, जो गलत साबित हुई।
    कोर्ट में FSSAI, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और GST से जुड़े रिकॉर्ड पेश किए गए, जिनमें गौरव लूथरा, सौरभ लूथरा और अजय गुप्ता को पार्टनर बताया गया है।

    Garima Vishwakarma
    By Garima Vishwakarma

    गरिमा विश्वकर्मा | People’s Institute of Media Studies से B.Sc. Electronic Media की डिग्री | पत्रकार...Read More

    नई दिल्ली
    --°
    बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
    Source:AccuWeather
    icon

    Latest Posts