दशहरे पर हर्ष फायरिंग की आशंका, ग्वालियर में युवक को लगी गोली, भंडारे के दौरान पैर से खून बहा तो...

दशहरे पर हर्ष फायरिंग की आशंका, ग्वालियर में युवक को लगी गोली, भंडारे के दौरान पैर से खून बहा तो...
फाइल फोटो।
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    ग्वालियर। दशहरे के दिन ग्वालियर में माता के पंडाल में बैठे एक युवक के पैर में अचानक गोली लग गई। पहले तो उसे तेज दर्द और जलन महसूस हुई, लेकिन जब उसने देखा तो पैर से खून बह रहा था। दोस्तों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां एक्स-रे में गोली फंसी होने की पुष्टि हुई। मामला बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के जनकताल इलाके का है। पुलिस को आशंका है कि घटना हर्ष फायरिंग के दौरान हुई होगी।
     
    पंडाल में भंडारे के दौरान हुई घटना

    घायल युवक की पहचान शिवम सक्सेना (24), पुत्र अशोक सक्सेना के रूप में हुई है, जो प्राइवेट जॉब करता है। शिवम और उसके दोस्तों ने दशहरे पर जनकताल में माता का पंडाल लगाया था, जहां भंडारे का आयोजन चल रहा था। इसी दौरान शिवम पंडाल में बैठा था, तभी अचानक उसके पैर में तेज दर्द और चुभन महसूस हुई। नीचे देखने पर खून बहता दिखा।

    डॉक्टरों ने की पुष्टि गोली से घायल

    आनन-फानन में दोस्तों ने शिवम को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने एक्स-रे किया, जिसमें स्पष्ट हुआ कि उसके पैर में गोली फंसी हुई है। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। फिलहाल युवक का इलाज जारी है और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

    पुलिस को हर्ष फायरिंग का शक

    पुलिस जांच में सामने आया कि पंडाल के ऊपर लगे पर्दे में एक छेद है। आशंका जताई जा रही है कि दशहरे पर शस्त्र पूजन के बाद किसी ने हर्ष फायरिंग की होगी, और हवा में चली गोली सीधे पंडाल के अंदर आकर शिवम के पैर में लग गई।

    सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

    बहोड़ापुर थाना प्रभारी जितेन्द्र सिंह तोमर ने बताया कि युवक को गोली लगने की पुष्टि हुई है। अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गोली किसने और कहां से चलाई। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

    Mithilesh Yadav
    By Mithilesh Yadav

    वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

    Latest Posts