धार में शव को कीचड़ में लपेट दिया, ताकि जिंदा हो जाए 30 साल का लड़का
युवक की करंट लगने से मौत हो गई थी, जिंदा होने की उम्मीद में घंटों बैठे रहे लोग
धार। मध्य प्रदेश के धार जिले में अंधविश्वास के चलते शव को कीचड़ में लपेटने का मामला सामने आया है। लोगों को उम्मीद थी कि कीचड़ में लपेटने से युवक जिंदा हो जाएगा। वे इसके लिए घंटों इंतजार करते रहे। युवक की करंट लगने से मौत हो गई थी। जबकि दूसरा साथी झुलस गया था। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और परिजन को समझाया। कहा- ये अंधविश्वास है। इस तरह सांसें नहीं लौटती हैं। मामला सागौर के मोतीनगर का है।
पुलिस के मुताबिक, यहां भागीरथ शंकरलाल का मकान बनाया जा रहा है। उसके ऊपर से 11 हजार केवी की बिजली लाइन गुजर रही है। बुधवार शाम करीब 4 बजे जाकुखेड़ी में रहने वाले मजदूर सलमान (30 साल) पुत्र जब्बार और इरफान (30 साल) उर्फ गट्टा पुत्र साबिर घर की छत पर टेप से बिजली की लाइन की दूरी नाप रहे थे। इसी दौरान करंट की चपेट में आने से सलमान की मौत हो गई और इरफान गंभीर रूप से झुलस गया।












