ताजा खबरभोपालमध्य प्रदेश

7वें अंतर्राष्ट्रीय धर्म-धम्म सम्मेलन का शुभारंभ : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बोलीं- धर्म की आधारशिला मानवता पर टिकी हुई है

भोपाल। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में 7वें अंतर्राष्ट्रीय धर्म-धम्म सम्मेलन-2023 का उद्घाटन किया। इस दौरान राज्यपाल मंगूभाई पटेल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मौजूद रहे। इस सम्मेलन में 15 देशों के 350 से ज्यादा विद्वान और पांच देशों के संस्कृति मंत्री भी शामिल हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मी ने कहा कि भगवान बुद्ध ने अष्टांगिक मार्ग प्रदर्शित किया। गुरु नानक देव जी ने नाम सिमरण का रास्ता सुझाया, जिसके लिए कहा जाता है- नानक नाम जहाज है, चढ़े सो उतरे पार… कभी-कभी कहा जाता है कि धर्म का जहाज हिलता-डुलता है, लेकिन डूबता नहीं है। धर्म-धम्म की अवधारणा भारत चेतना का मूल स्तर रही है। हमारी परंपरा में कहा गया है कि जो सब को धारण करता है, वो धर्म है। धर्म की आधारशिला मानवता पर टिकी हुई है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का संबोधन

  • राग और द्वेष से मुक्त होकर, अहिंसा की भावना से व्यक्ति और समाज करना पूर्व के मानववाद का प्रमुख संदेश रहा है। नैतिकता पर आधारित व्यक्तिगत आचरण और समाज पूर्व के मानववाद का व्यवहारिक रूप है।
  • मुझे यह देखकर गर्व होता है कि हमारे देश की परंपरा में धर्म को, समाज व्यवस्था और राजनीतिक कार्यकलापों में, प्राचीन काल से ही केंद्रीय स्थान प्राप्त है।
  • राष्ट्रपति भवन हमारी लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण प्रतीक है। भगवान बुद्ध से जुड़ी अनेक कलाकृतियां राष्ट्रपति भवन में विद्यमान हैं।

सीएम शिवराज सिंह चौहान का संबोधन

  • यह मध्यप्रदेश का सौभाग्य है कि 7वें धर्म धम्म सम्मेलन का आयोजन इस धरती पर हो रहा है। यहां पधारे सभी गणमान्यजनों और नागरिकों का प्रदेश वासियों की ओर से स्वागत करता हूं।
  • सीएम शिवराज ने कहा कि भारत अत्यंत प्राचीन और महान राष्ट्र है। एक ही चेतना समस्त जड़ और चेतन में विद्यमान है, यही भारत का मूल चिंतन है। इसीलिए भारत में कहा गया कि “सियाराम मय सब जग जानी”, “अयं निजः परो वेति गणना लघुचेतसाम्। उदारचरितानां तु वसुधैव कुटुम्बकम्”।
  • भारत के गांव-गांव में बच्चा-बच्चा यह उद्घोष करता है कि ‘धर्म की जय हो, अधर्म का नाश हो, प्राणियों में सद्भावना हो और विश्व का कल्याण हो।
  • भगवान बुद्ध ने कहा कि ‘युद्ध नहीं शांति, घृणा नहीं प्रेम, संघर्ष नहीं समन्वय, शत्रुता नहीं मित्रता’ और यही वो मार्ग है जो भौतिकता की अग्नि में दग्ध विश्व मानवता को शांति का दिग्दर्शन कराएगा।
  • मुझे कहते हुए प्रसन्नता है कि धर्म धम्म का पहला सिद्धांत सभी जीवों के साथ दया और सम्मान के साथ व्यवहार करना है। एक ही चेतना सब में है।
  • हमारा मानना है कि यह सारा विश्व ही एक परिवार है। हमने पशु-पक्षियों, पेड़-पौधों में एक ही चेतना को देखा। इसीलिए नदियां हमारे लिए माता हैं, पेड़ पूजनीय हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सीएम शिवराज और राज्यपाल मंगूभाई पटेल के साथ ‘द पेनारोमा ऑफ इंडियन फिलोसफर्स एंड थिंकर्स’ पुस्तक का विमोचन किया।

कुशाभाऊ ठाकुरे सभागार में सम्मेलन

जानकारी के अनुसार, 7वें अंतर्राष्ट्रीय धर्म-धम्म सम्मेलन 3 से 5 मार्च 2023 तक कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में हो रहा है। अतिथियों द्वारा “द पेनारोमा ऑफ इंडियन फिलोसपर्स एंड थिंकर्स” पुस्तक का विमोचन किया जाएगा। प्रथम दिवस के दूसरे-सत्र में इंडिया फाउंडेशन की गवर्निंग कॉउंसिल के सदस्य श्री राम माधव की अध्यक्षता में मिनिस्टर-सत्र में भूटान, श्रीलंका, नेपाल और इंडोनेशिया के संस्कृति मंत्री अपने विचार रखेंगे।

सम्मेलन में इन देशों के प्रतिनिधि हुए शामिल

सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों, विश्वविद्यालय के साथ ही अमेरिका, साउथ कोरिया, थाईलैंड, स्पेन, वियतनाम, मॉरीशस, रूस, भूटान, श्रीलंका, इंडोनेशिया, नेपाल, मंगोलिया, ब्रिटेन, फ्रांस आदि देशों से आए विद्वान और शोधार्थी हुए शामिल।

ये भी पढ़ें: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 3 मार्च को करेंगी 7वें अंतर्राष्ट्रीय धर्म-धम्म सम्मेलन का शुभारंभ, CM शिवराज ने की तैयारियों की समीक्षा

तीन दिवसीय सम्मेलन में 4 मुख्य सत्र होंगे

तीन दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय धर्म-धम्म सम्मेलन में 4 मुख्य सत्र होंगे। 25 विद्वान विचार रखेंगे। इसी दौरान 15 समानांतर सत्र भी होंगे। जिसमें सम्मेलन की थीम ‘नए युग में मानववाद का सिद्धांत’ पर केंद्रित 115 शोध-पत्र पढ़े जाएंगे।

सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे

इस आयोजन के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी होगी। इनमें मध्य प्रदेश की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर से दर्शकों को रूबरू कराया जाएगा। इस दौरान जनजातीय नृत्य का आयोजन होगा। देश-विदेश में प्रसिद्धि पा चुके मध्य प्रदेश की धूलिया जनजाति के गुदुंग बाजा का भी प्रदर्शन किया जाएगा। इसके अलावा मां नर्मदा को समर्पित लोकगीतों की प्रस्तुति भी होगी।

भोपाल में आज ये रूट रहेंगे डायवर्ट

  • राष्ट्रपति के कार्यक्रम के बीच सुबह 9 बजे से दोपहर 2.30 बजे तक शहर की ट्रैफिक व्यवस्था बदली रहेगी। रोशनपुरा से भारत टॉकीज, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड की ओर जाने वाले दो पहिया एवं चार पहिया वाहन बाणगंगा, मछली घर, खटलापुरा, पीएचक्यू तिराहा होते हुए भारत टॉकीज की ओर आवागमन कर सकेंगे।
  • रोशनपुरा से भारत टॉकीज, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड की ओर जाने वाले दो पहिया एवं चार पहिया वाहन मालवीय नगर तिराहा से विधायक विश्राम गृह, पुलिस कंट्रोल रूम तिराहा होकर आवागमन कर सकेंगे।
  • बैरागढ़, राजाभोज एयरपोर्ट और ब्यावरा की ओर जाने वाले दो पहिया एवं चार पहिया वाहन का सुबह 11:40 बजे से दोपहर 12:20 बजे तक एवं दोपहर 1 बजे से 1:40 बजे तक रोशनपुरा चौराहे से पॉलिटेक्निक चौराहा, कमला पार्क, रेतघाट, वीआईपी रोड, लालघाटी और गांधी नगर तिराहा तक आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
  • यह वाहन रोशनपुरा से भारत माता चौराहा, भदभदा चौराहा, नीलबड़ तिराहे से दाएं मुड़कर, नाथू बरखेड़ा रोड, मुगालिया छाप, खजूरी बायपास तिराहा-मुबारकपुर चौराहा होकर आवागमन कर सकेंगे। पॉलिटेक्निक चौराहा से गांधी पार्क तिराहा तक वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।

मध्य प्रदेश की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button