कोरोना वाइरसराष्ट्रीयस्वास्थ्य

Covid-19 Update : भारत में कोरोना के नए मामलों की संख्या बढ़ी, साउथ कोरिया-जापान के नागरिकों की एंट्री रोकेगा चीन

नई दिल्ली। दुनियाभर में लगातार बढ़ रहे कोरोना संक्रमण के मामलों से हालात बेकाबू होते जा रहे हैं। इसी बीच भारत में कोरोना एक्टिव मामलों की संख्या में बढ़ोतरी देखने को मिली है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार, पिछले 24 घंटों में देश में कोरोना के 171 मामले दर्ज किए गए हैं। मंगलवार को इनकी संख्या 121 थी, यानी 50 मामले ज्यादा आए हैं।

एक्टिव मामलों में बढ़ोतरी दर्ज

स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, एक्टिव केस बढ़कर 2,342 पहुंच गए हैं। इसके अलावा रिकवरी रेट 98.80% है। बुधवार सुबह 8 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, कोविड-19 के कुल मामलों की संख्या 4.46 करोड़ (4,46,80,386) दर्ज की गई है। 11 जनवरी तक संक्रमण से जान गंवाने वाले लोगों की संख्या 5,30,722 हो गई है।

फिर बढ़ा पॉजिटिविटी रेट

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, डेली पॉजिटिविटी रेट बढ़कर 0.09 प्रतिशत हो गई है, जबकि वीकली पॉजिटिविटी रेट 0.11 प्रतिशत दर्ज की गई है। कुल संक्रमितों की तुलना में सिर्फ 0.01 प्रतिशत मरीजों का इलाज चल रहा है। बीते 24 घंटे में 148 लोग ठीक हुए। अब तक कोरोना को मात देने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 4,41,47,322 हो गई है, जबकि मृत्यु दर 1.19 प्रतिशत है।

वैक्सीन के 220 करोड़ डोज लगे

जनवरी 2021 से शुरू हुए वैक्सीनेशन के बाद अब तक देश में वैक्सीन की 220.14 करोड़ डोज (95.15 करोड़ दूसरी खुराक और 22.44 करोड़ एहतियाती खुराक) दी जा चुकी हैं। बूस्टर डोज का अभियान भी लगातार चल रहा है। भारत में 7 अगस्त 2020 को कोविड-19 के मामलों की संख्या 20 लाख के पार हो गई थी और 16 सितंबर को 50 लाख के पार हो गई थी। कोविड-19 के मामलों की संख्या 25 जनवरी 2022 को चार करोड़ के पार चली गई थी।

इन दो देशों की चीन में एंट्री पर रोक

साउथ कोरिया और जापान में कोरोना से हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। इसी बीच चीन ने उनके नागरिकों के लिए शॉर्ट टर्म वीजा जारी करने पर रोक लगा दी है। बता दें कि दोनों देशों ने चीन में कोरोना के बढ़ते मामलों के कारण वहां के यात्रियों पर प्रतिबंध लगाए हुए हैं।

भारत में XBB.1.5 का नया केस मिला

भारत के उत्तराखंड में XBB.1.5 वैरिएंट का एक केस मिला है। देश में अब इस वैरिएंट के कुल मामलों की संख्या 8 हो गई है। इसके पहले 3 केस गुजरात में और एक-एक कर्नाटक, तेलंगाना, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में मिल चुके हैं।

चौथी लहर की भारत में दस्तक!

देश में कोरोना की नई लहर की आशंका के बीच विदेश से आए यात्रियों में ओमिक्रॉन के एक, दो नहीं बल्कि 11 सब-वैरिएंट मिले हैं। 24 दिसंबर से 3 जनवरी तक एयरपोर्ट और समुद्र के रास्ते भारत आए यात्रियों की कोरोना टेस्टिंग की गई थी। इनमें पॉजिटिव मिले यात्रियों में 11 वैरिएंट मिले हैं। इसी बीच विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने ओमिक्रॉन के XBB.1.5 वैरिएंट को लेकर चेतावनी जारी की है।

कोरोना की कई लहर लाएगा ये वैरिएंट!

विश्व स्वास्थ्य संगठन यानी WHO ने XBB.1.5 वैरिएंट को लेकर चेतावनी जारी करते हुए बताया कि, यह वैरिएंट तेजी से फैल रहा है और पुराने वैरिएंट्स को रिप्लेस कर रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह वैरिएंट 29 देशों में मिल चुका है। इससे दुनिया में कोरोना की कई लहर आने का खतरा बढ़ गया है।

कोरोना का ‘सुपर वैरिएंट’ है XBB.1.5

BA.2.75 और BJ.1 से मिलकर XBB बना है। अब इससे म्यूटेट होकर XBB.1 और XBB.1.5 बने हैं। XBB.1.5 कोरोना का ‘सुपर वैरिएंट’ है। BQ.1 जितने लोगों को 26 दिन में संक्रमित कर रहा था XBB.1.5 उतने लोगों को 17 दिन के भीतर संक्रमित कर रहा है। इसके चलते लोगों के अस्पताल में भर्ती होने की दर लगातार बढ़ रही है। एक स्टडी के मुताबिक, यह पहले के तमाम वैरिएंट्स के मुकाबले तेजी से इंसान के इम्यून सिस्टम को चकमा देने माहिर है।

6 देशों से आने वाले यात्रियों के लिए RT-PCR जरूरी

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने ट्वीट कर लिखा- 1 जनवरी 2023 से चीन, हांगकांग, जापान, साउथ कोरिया, सिंगापुर और थाईलैंड से आने वाले यात्रियों के लिए RTPCR टेस्ट अनिवार्य कर दिया गया है। यात्रा से पहले उन्हें अपनी रिपोर्ट एयर सुविधा पोर्टल पर अपलोड करनी होगी।

स्वास्थ्य से जुड़ी अन्य खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

संबंधित खबरें...

Back to top button