Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

"एक पेड़ माँ के नाम":मुख्यमंत्री ने किया अभियान का शुभारंभ,51 हजार पौधे रोपे गए

बीएसएफ परिसर से अभियान की शुरुआत, रेवती रेंज और सिरपुर तालाब सहित कई स्थानों पर होगा पौधारोपण।
मुख्यमंत्री ने किया अभियान का शुभारंभ,51 हजार पौधे रोपे गए
पौधारोपण करते सीएम सहित अन्य नेतागण

इंदौर। पर्यावरण संरक्षण और जल संवर्धन को जनआंदोलन बनाने के उद्देश्य से रविवार को इंदौर के बुडानिया स्थित पहाड़ी (बीएसएफ परिसर) में 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अभियान की शुरुआत करते हुए पौधारोपण किया और प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। इस अवसर पर बुडानिया पहाड़ी पर एक ही दिन में 51 हजार पौधे लगाए गए।

 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के साथ जल संवर्धन आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने सभी नागरिकों से पौधारोपण को जनभागीदारी का अभियान बनाने और लगाए गए पौधों की देखभाल सुनिश्चित करने की अपील की।

 

इस अवसर पर नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के तहत 21 लाख पौधे लगाने का संकल्प दोहराया। उन्होंने बताया कि अब से प्रत्येक रविवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में बड़े स्तर पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बुडानिया पहाड़ी के बाद रेवती रेंज, सिरपुर तालाब सहित अन्य चिन्हित स्थानों पर भी यह अभियान चरणबद्ध तरीके से चलाया जाएगा।

 

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भी शामिल हुए। उन्होंने भी पौधारोपण कर अभियान में सहभागिता निभाई। इस दौरान मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, बीएसएफ के वरिष्ठ अधिकारी तथा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

अभियान में भाग लेने के लिए शहर के विभिन्न क्षेत्रों से भाजपा कार्यकर्ताओं को बसों के माध्यम से कार्यक्रम स्थल तक लाया गया। आयोजन की व्यवस्थाएं पूर्व निर्धारित योजना के तहत की गई थीं। प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताते हुए नागरिकों से इस अभियान से जुड़ने की अपील की।

Hemant Nagle
By Hemant Nagle

हेमंत नागले | पिछले बीस वर्षों से अधिक समय से सक्रिय पत्रकारिता में हैं। वर्ष 2004 में मास्टर ऑफ जर्...Read More

Latest Posts