नहीं रहे CID के ‘इंस्पेक्टर फ्रेडिक्स’... मल्टीपल ऑर्गन फेलियर के कारण दिनेश फडनीस का निधन

सोनी टीवी के लोकप्रिय क्राइम शो 'CID में ‘इंस्पेक्टर फ्रेडिक्स’ का रोल निभाने वाले मशहूर एक्टर दिनेश फडनीस का निधन हो गया है। जानकारी के मुताबिक, हार्ट अटैक आने के बाद वह कुछ दिन से अस्पताल में भर्ती थे। उन्होंने कांदिवली के तुंगा अस्पाल में सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात दम तोड़ दिया। 57 साल की उम्र में उन्होंने अंतिम सांस ली। इस खबर के सामने आने के बाद से उनके फैंस सदमे में हैं।
जिंदगी और मौत से जूझ रहे थे दिनेश फडनीस
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिनेश लीवर, हार्ट और किडनी की समस्याओं से जूझ रहे थे। दिनों दिन उनकी तबीयत बिगड़ती चली गई। उनकी हालत को देखने के बाद डॉक्टर्स ने उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा। दिनेश फडनीस के बेहद करीबी दोस्त दयानंद शेट्टी ने उनके निधन की खबर की पुष्टि की है। अभिनेता का अंतिम संस्कार आज यानी पांच दिसंबर को होगा। अभिनेता का अंतिम संस्कार अब दौलत नगर श्मशान, बोरीवली पूर्व में किया जाएगा।











