
तेहरान। ईरान के उत्तरी हिस्से में स्थित एक अस्पताल में आग लग गई, जिसमें 9 मरीजों की मौत हो गई। सरकारी मीडिया ने मंगलवार को बताया कि राजधानी तेहरान से उत्तर-पश्चिम में लगभग 330 किलोमीटर (लगभग 205 मील) दूर रश्त शहर के कायम अस्पताल में स्थानीय समयानुसार कल देर रात एक बज कर करीब तीस मिनट पर आग लग गई, जिसमें छह महिलाओं और तीन पुरुषों की मौत हो गई। शहर के अग्निशमन विभाग के प्रमुख शाहराम मोमेनी ने सरकारी टीवी पर कहा कि बेसमेंट में बिजली का शॉर्ट सर्किट हुआ जिससे आग लग गई। वहीं पर गहन चिकित्सा इकाई स्थित है। आपातकालीन कर्मचारियों ने वहां फंसे 140 से ज्यादा लोगों, मरीजों और अस्पताल के कर्मचारियों को निकाला और उनमें से 120 को अन्य चिकित्सा सुविधाओं में भर्ती कराया गया। घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। ऑनलाइन पोस्ट किए गए एक वीडियो में आधी रात को अस्पताल से धुआं निकलता हुआ दिखाई दिया।
आज की अन्य खबरें…
दक्षिण-मध्य चिली में तूफान से एक की मौत, 11 हजार से अधिक लोग बेघर

सैंटियागो। दक्षिण-मध्य चिली में तूफान के कारण एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि 8,900 से अधिक घरों को नुकसान पहुंचने से 11,126 लोग बेघर हो गए हैं। स्थानीय अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। राष्ट्रीय आपदा निवारण और प्रतिक्रिया सेवा के उप निदेशक एलिसिया सेब्रियन ने कहा कि ‘फ्रंटल सिस्टम’ के बिगडने से सोमवार को भारी बारिश होने से बायोबियो क्षेत्र के दक्षिणी हिस्से प्रभावित हुए और तूफान के उत्तर की ओर बढ़ने पर राजधानी सैंटियागो सहित अन्य हिस्से प्रभावित होने की उम्मीद जतायी जा रही है। हमें उम्मीद है कि रात तक मध्य मेट्रोपॉलिटन क्षेत्र में बारिश हो सकती है और तूफान तब तक उत्तर की ओर बढ़ता रहेगा जब तक कि यह कोक्विम्बो क्षेत्र के दक्षिणी हिस्से तक नहीं पहुंच जाता।
तूफान और भारी बारिश के चलते भूस्खलन की चेतावनी दी है। राष्ट्रीय आपदा निवारण और प्रतिक्रिया सेवा ने पिचिलो नदी के तटबंध फटने के कारण अरौको, बायोबियो शहर के चार जिलों के निवासियों को अपने घर खाली करने को कहा है। बता दें कि पिछले सप्ताह चिली में बारिश हुई, जिससे कोक्विंबो से लेकर लॉस रियोस तक 9 क्षेत्र प्रभावित हुए। आज उन्हीं क्षेत्रों में हल्की बारिश होने का अनुमान जताया गया है।
मुरैना में यात्रियों से भरी नाव चंबल नदी में पलटी, सभी लोगों ने कूदकर बचाई जान
मुरैना। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में बड़ा हादसा टल गया। चंबल नदी में यात्रियों से भरी नाव पलट गई। इस दौरान नाव में 18 यात्री सवार थे। सभी लोगों ने कूदकर अपनी जान बचाई। जानकारी के मुताबिक, पोरसा इलाके के विंडवा और उत्तर प्रदेश के उसैद घाट के बीच घटी। इस नाव पर कुछ बाइक भी रखी हुई थीं। घटना के बाद चीख-पुकार मच गई। गोताखोरों और स्थानीय लोगों की मदद से यात्रियों को नदी से बाहर निकाला गया।
मणिपुर में तीन उग्रवादी गिरफ्तार, चीनी हैंड ग्रेनेड सहित कई हथियार बरामद
इंफाल। सुरक्षा बलों ने मणिपुर के कुकी बहुल इलाके टेंग्नौपाल से तीन उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, कांगपोकपी जिले में कई अत्याधुनिक हथियार जब्त किए। राज्य पुलिस ने मंगलवार (18 जून) को बयान जारी कर बताया कि, 14 जून को गिरफ्तारी की गई थी। फिलहाल, राज्य में स्थिति नियंत्रण में है और सुरक्षाबल कानून व्यवस्था की स्थिति कायम रखने के लिए लगातार तलाशी अभियान चला रहे हैं। इसके साथ ही बताया कि, कांगपोकपी जिले में गंगपिजांग पर्वतीय क्षेत्रों में एक अलग तलाशी अभियान में सुरक्षाबलों ने रविवार को एक 7.62 मिमी एके 56 असॉल्ट राइफल, एक 22 बोर राइफल, एक 12 इंच सिंगल-बोर बैरल गन, दो इंप्रोवाइज्ड प्रोजेक्टाइल लॉन्चर, एक चीनी हैंड ग्रेनेड, एक देसी हथगोला, एक 51 मिमी मॉर्टल और कारतूस बरामद किए।
बयान के अनुसार असम और मणिपुर के पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को असम-मणिपुर सीमा पर स्थित जिरिबाम में क्षेत्र के मौजूदा हालात के संदर्भ में संयुक्त बैठक में चर्चा की। बराक और जिरि नदी घाटी क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ा दी गई है। बयान में लोगों से यह अपील भी की गई है कि लूटे हुए हथियार, कारतूस और गोला-बारूद तत्काल पुलिस या सुरक्षा बलों को लौटा दें।