Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

जन्मदिन हो या शादी की सालगिरह, पुलिस कर्मियों को मिलेगी एक दिन की छुट्टी

नरसिंहपुर एसपी ने पुलिस कर्मियों का मनोबल बढ़ाने के लिए उन्हें जन्मदिन और शादी की सालगिरह पर एक दिन की छुट्टी देनी की पहल की है। इस निर्णय का पुलिस कर्मियों ने स्वागत किया है।
जन्मदिन हो या शादी की सालगिरह, पुलिस कर्मियों को मिलेगी एक दिन की छुट्टी
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    नरसिंहपुर। पुलिस कर्मियों का मनोबल बढ़ाने एवं अच्छा वर्क कल्चर डेवलप करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना ने एक अभिनव पहल की है। इसके अंतर्गत पुलिस कर्मचारियों के व्यक्तिगत एवं पारिवारिक जीवन को महत्व देते हुए उनके कल्याण से जुड़े निर्णय लिए गए हैं। इस पहल के अंतर्गत अब नरसिंहपुर जिले में पदस्थ समस्त पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को उनके जन्म दिन एवं शादी की वर्षगांठ जैसे विशेष मौके पर एक दिन का अवकाश दिया जाएगा, ताकि वह परिवार के साथ समय बिता सकें।

    अवकाश के लिए शर्त-पौधा जरूर लगाएं

    जन्मदिन और शादी की सालगिरह पर  एक दिन के अवकाश के लिए एक शर्त भी रखी गई है। जिले में पदस्थ सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कहा गया है कि वे अपने जन्मदिन और शादी की वर्षगांठ पर पौधरोपण जरूर करें।

    खास होगा मंगलवार

    इसके अलावा हर मंगलवार को सप्ताह में चयनित कर्मचारी को प्रशस्ति पत्र, उचित पुरस्कार और वरिष्ठ अधिकारियों की ओर से शुभकामनाएं प्रदान की जाएंगी। पुलिस अधिकारी या कर्मचारी का चयन उनके उत्कृष्ट कार्य, अनुशासन, टीम भावना और जनता के प्रति सेवा भाव के आधार पर किया जाएगा। पुलिस कर्मियों ने एसपी की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इससे उनका मनोबल बढ़ेगा। वहीं पौधरोपण संबंधी निर्णय से पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।

    प्रदेश में नहीं मिल पा रहा साप्ताहिक अवकाश

    प्रदेश में पुलिस कर्मियों को सप्ताह में एक दिन का अवकाश देने की पहल राज्य स्तर पर भी की गई थी, लेकिन कुछ दिनों बाद ही अवकाश मिलना बंद हो गया। इसकी वजह पुलिस बल की कमी को बताया गया है। अब नरसिंहपुर जिले में इस पहल को शुरू करने से अन्य जिलों में भी ऐसे प्रयोग की बात चल सकती है। अगर पूरे प्रदेश में पुलिस कर्मियों को सप्ताह में एक दिन का अवकाश मिलना शुरू होता है तो उनके परिजन सबसे ज्यादा खुश होंगे। 

    Naresh Bhagoria
    By Naresh Bhagoria

    नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...Read More

    Latest Posts