भोपालमध्य प्रदेश

300 किसान मर गए, आज तक कुछ नहीं हुआ, लड़ लो गवर्नमेंट से… Bhopal नगर निगम जोन 15 के AHO ने हड़ताली सफाईकर्मियों को गालियां देकर धमकाया

भोपाल। अपनी छह सूत्रीय मांगों को लेकर सोमवार 12 दिसंबर 2022 से हड़ताल पर गए नगर निगम कर्मचारियों के साथ जोन 15 के एएचओ द्वारा गाली-गलौज का वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में एएचओ कर्मचारियों को मां- बहन की गालियां देते हुए काम पर वापस लौटने के लिए धमका रहे हैं।

इस तरह कुछ नहीं मिलना है

वायरल वीडियो में एएचओ मगन लाल हड़ताली कर्मचारियों के बीच खड़े होकर उन्हें गालियां दे रहे हैं। गालियां देते हुए मगन लाल कहते हैं इस तरह कुछ नहीं मिलना है। तुम्हें कुछ नहीं मिलना है। तुम उनकी लेबर बन रहे हो। ले लो तनख्वाह। मैं तुम्हारी नौकरियां बचा रहा हूं। अभी कोई नेता नहीं आएगा तुम्हें बचाने।

मगन लाल कहते हैं – बहुत देखी हैं लड़ाईं। छह महीने तक लड़े थे किसान। 300 लोग मर गए, आज तक कुछ नहीं हुआ। लड़ लो गर्वनमेंट से। छोटे-मोटे लोग हो। 7-8 हजार रुपए की नौकरी कर रहे हो। मर जाओगे। काम करो। उठाओ सारा कचरा।

हड़ताल से प्रभावित हुए ये काम

सफाई : निगम के 8 हजार से ज्यादा सफाईकर्मी निगम सीमा की 5,000 किमी से ज्यादा सड़कों की सफाई करते हैं। इसी तरह डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन वाहन चलाने वाले 900 ड्राइवर और 1,800 से ज्यादा रैग पिकर्स हड़ताल पर हैं। ऐसे में 3 लाख से ज्यादा घरों से कचरा नहीं उठा है।

पानी सप्लाई : शहर में कोलार, नर्मदा और बड़ी झील से पानी सप्लाई का काम 800 से ज्यादा विमियमित और दैनिक वेतनभोगी कर्मियों के हाथों में है। ये कर्मचारी वाटर फिल्टर प्लांटों के साथ पानी की टंकिंयों पर तैनात हैं। सबसे अहम काम वॉल्व मैन का है, जो सप्लाई के दौरान पाइप लाइन का वॉल्व खोलने और बंद करने का काम करता है। ये सभी कर्मचारी हड़ताल में शामिल होंगे।

कहां, कितने कर्मचारी हड़ताल में शामिल

  • जलकार्य शाखा : 600 कर्मचारी (नर्मदा, कोलार, बड़ी झील वॉटर सप्लाई प्रोजेक्ट)
  • स्वास्थ्य शाखा : 85 वार्डों में 7,000 से ज्यादा 29 दिवसीय स्वच्छता कर्मी, 900 डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन वाहन ड्राइवर, 1800 रैग पिकर्स।
  • सीवेज प्रकोष्ठ : 200 कर्मचारी (सीवेज क्लीनिंग का काम)
  • सेंट्रल वर्कशॉप : 1400 से ज्यादा टैंकर, जेसीबी, पिकअप आदि वाहन नहीं चलेंगे।
  • राजस्व शाखा : 19 जोन और 85 वार्डों में तैनात 300 से ज्यादा कंप्यूटर आॅपरेटर्स और राजस्व कार्य से जुड़े 800 कर्मचारी।
  • गोवर्धन परियोजना शाखा : 90 कर्मचारी
  • बिजली : 200 कर्मचारी (स्ट्रीट लाइट चालू-बंद करने के साथ ही मेंटेनेंस का काम)
  • अतिक्रमण शाखा : 100 कर्मचारी
  • उद्यान शाखा : 110 कर्मचारी
  • झील संरक्षण : 90 कर्मचारी
  • हाउसिंग फॉर आल: 110 कर्मचारी
  • (800 से ज्यादा तृतीय और चतुर्थ श्रेणी नियमित कर्मचारियों को समर्थन। 1273 विनियमित कर्मचारी हड़ताल में शामिल होंगे।)

संबंधित खबरें...

Back to top button