राष्ट्रीय

बांग्लादेश की PM शेख हसीना आज से भारत दौरे पर, कई मुद्दों पर होगी चर्चा; इन 7 समझौतों पर हस्ताक्षर की संभावना

बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना आज चार दिवसीय दौरे पर भारत पहुंच रही हैं। इस दौरान दोनों देशों का मुख्य फोकस संपर्क, ऊर्जा, खाद्य सुरक्षा के साथ ही कारोबार और निवेश के अवसरों पर रहेगा। वे पीएम मोदी के साथ द्विपक्षीय संबंधों से जुड़े मुद्दों पर बातचीत करेंगी। इस दौरान लंबित और नियमित द्विपक्षीय मुद्दों के अलावा दक्षिण एशिया में रक्षा सहयोग और स्थिरता के मुद्दे पर सबसे अधिक जोर रहेगा। साल 2019 के बाद यह हसीना की पहली भारत यात्रा होगी।

इन 7 समझौतों पर हस्ताक्षर की संभावना

बांग्लादेश और भारत के बीच जल प्रबंधन, रेलवे और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी समेत कई क्षेत्रों में सात समझौतों पर हस्ताक्षर होने की संभावना है। विदेश मंत्री ए. के. अब्दुल मोमेन ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों के ईंधन (तेल) पर भी बातचीत होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि समझौता ज्ञापन में जल प्रबंधन, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, रेलवे, कानून, सूचना और प्रसारण जैसे क्षेत्रों के शामिल होने की उम्मीद है।

रोहिंग्या मुसलमान देश के लिए बोझ: शेख हसीना

भारत यात्रा से पहले रविवार को शेख हसीना ने रोहिंग्या मुसलमानों को उनके देश के लिए एक चुनौती बताया। उन्होंने कहा- ये देश के लिए बहुत बड़ा बोझ हैं और उन्हें लगता है कि इस मुद्दे का समाधान निकलने में भारत एक बड़ी भूमिका निभा सकता है। साथ ही रूस-यूक्रेन युद्ध में फंसे बांग्लादेशी छात्रों का रेस्क्यू करने के लिए भारत के PM नरेंद्र मोदी की तारीफ की।

कुछ लोग कर रहे ड्रग्स की तस्करी

बांग्लादेश की पीएम शेख हसीना ने रोहिंग्या मुसलमानों को लेकर कहा कि ‘हमारे लिए यह एक बड़ा बोझ है। बांग्लादेश में एक लाख से ऊपर रोहिंग्या मुस्लिम्स हैं। हम अंतर्राष्ट्रीय समुदायों और अपने पड़ोसी देशों के साथ बातचीत कर रहे हैं। जिससे रोहिंग्या घर वापस जा सकें।

हम रोहिंग्याओं को आश्रय दे रहे हैं, सभी चीज उपलब्ध करा रहे हैं। लेकिन सवाल यह है कि वे यहां कब तक रहेंगे। कुछ लोग ड्रग्स की तस्करी, महिला तस्करी में लिप्त हैं। वे जितनी जल्दी अपने घर वापस जाएं वो हमारे देश के लिए और म्यामांर के लिए अच्छा है।

बांग्लादेश की PM ने भारत को बताया ‘टेस्टेड फ्रेंड’

उन्होंने भारत को बांग्लादेश का ‘टेस्टेड फ्रेंड’ यानी परखा हुआ मित्र बताया। उन्होंने वैक्सीन मैत्री कार्यक्रम के तहत पड़ोसी देशों को कोविड -19 वैक्सीन प्रदान करने के मोदी सरकार के फैसले की प्रशंसा की। उन्होंने पड़ोसी देशों के बीच मजबूत सहयोग कायम रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भारत और बांग्लादेश के बीच मतभेद हो सकते हैं, लेकिन उन्हें बातचीत के माध्यम से हल किया जाना चाहिए। कई क्षेत्रों में भारत और बांग्लादेश ने ठीक यही किया है।

ये भी पढ़ें- बांग्लादेश के लिए समस्या बने रोहिंग्या मुसलमान! शेख हसीना बोलीं- पीएम मोदी से समाधान की उम्मीद

‘भारत हमारा विश्वस्नीय साथी’

बांग्लादेश की पीएम शेख हसीना ने कहा कि भारत हमारा पड़ोसी है। हमारे बीच बहुत अच्छे संबंध हैं। उन्होंने कहा कि भारत हमारा विश्वसनीय साथी है। हम 1971 के युद्ध के दौरान भारत के योगदान को हमेशा याद करते हैं। 1975 में जब मैंने अपने परिवार के सभी सदस्यों को खो दिया था। तब तत्कालीन भारतीय प्रधानमंत्री ने हमें भारत में आश्रय दिया था।

अन्य राष्ट्रीय खबरों के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button