Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Delhi Acid Attack: द्वारका इलाके में स्कूल जा रही छात्रा पर एसिड अटैक, CCTV फुटेज आया सामने

Delhi Acid Attack: द्वारका इलाके में स्कूल जा रही छात्रा पर एसिड अटैक, CCTV फुटेज आया सामने
दिल्ली। राजधानी के द्वारका इलाके में बुधवार को एक नाबालिग लड़की पर बाइक सवार युवकों ने तेजाब फेंक दिया। छात्रा को सफदरजंग अस्पताल भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक, सुबह स्कूल जाने के दौरान छात्रा पर अटैक किया गया। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे 17 साल की छात्रा अपनी छोटी बहन के साथ स्कूल जा रही थी। उसी दौरान बाइक पर सवार 2 लोग आए और पीछे बैठे लड़के ने छात्रा पर तेजाब फेंक दिया। दिल्ली पुलिस को करीब 9 बजे मोहन गार्डन के पास छात्रा पर तेजाब फेंकने की सूचना मिली थी।

सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई घटना

घायल छात्रा को सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया है। उसने पहचान के 2 लोगों पर शक जताया है। वहीं पुलिस ने इस मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। जिसमें पूरा घटनाक्रम देखा जा सकता है। दोनों युवकों ने अपना चेहरा ढक रखा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है। https://twitter.com/psamachar1/status/1602942587282784256

पिता ने बताया- आंखों में एसिड गया है...

पीड़िता के पिता ने मीडिया को बताया कि, मेरी छोटी बेटी भागते हुए घर पर आई और उसने बताया कि 2 लड़के दीदी पर एसिड डालकर चले गए। उनके चेहरे भी ढके हुए हैं इसलिए कुछ पता नहीं चल पा रहा है। उसकी(पीड़िता) हालत अभी बहुत खराब है, उसके दोनों आंखों में एसिड चला गया है।

केजरीवाल बोले- अपराधियों की इतनी हिम्मत कैसे हुई

घटना के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया- ये बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। अपराधियों की इतनी हिम्मत आखिर हो कैसे गई? अपराधियों को सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए। दिल्ली में हर बेटी की सुरक्षा हमारे लिए महत्त्वपूर्ण है।

स्वाति मालीवाल बोलीं- खुलेआम बिक रहा तेजाब

दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने ट्वीट कर पीड़ित लड़की के लिए न्याय की मांग की और देश में तेजाब की खुलेआम बिक्री पर प्रतिबंध लगाने में नाकाम रहने के लिए सरकार की आलोचना की। उन्होंने लिखा - द्वारका मोड़ के पास एक स्कूली छात्रा पर तेज़ाब फेंका गया। हमारी टीम पीड़िता की मदद के लिए अस्पताल पहुंच रही है। बेटी को इंसाफ दिलाएंगे। दिल्ली महिला आयोग सालों से देश में तेजाब ब बैन करने की लड़ाई लड़ रहा है। कब जागेगी सरकार ?

AAP के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने एलजी पर साधा निशाना

आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने लिखा - एलजी साहब, आपके पास दिल्ली पुलिस है और रोज अपराध बढ़ते जा रहे हैं। दिल्ली सरकार के कामों में दखल देने के बजाय आप अपने काम पर ध्यान दीजिये। आपके आने के बाद दिल्ली में अपराध बढ़ते जा रहे हैं। अन्य राष्ट्रीय खबरों के लिए यहां क्लिक करें…
Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

Latest Posts