पंचतत्व में विलीन हुए शहीद आशीष शर्मा :नरसिंहपुर में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार, CM बोले- छोटे भाई को बनाया जाएगा सब-इंस्पेक्टर

बालाघाट में नक्सली मुठभेड़ में शहीद हुए हॉक फोर्स इंस्पेक्टर आशीष शर्मा का नरसिंहपुर के बोहानी गांव में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। सीएम डॉ. मोहन यादव, मंत्री प्रहलाद पटेल और डीजीपी कैलाश मकवाणा सहित कई नेता और अधिकारी श्रद्धांजलि देने पहुंचे। सीएम ने शहीद के छोटे भाई को सीधे सब इंस्पेक्टर बनाने, एक करोड़ की सम्मान निधि देने और गांव में पार्क व स्टेडियम बनाने की घोषणा की।
Follow on Google News
नरसिंहपुर में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार, CM बोले- छोटे भाई को बनाया जाएगा सब-इंस्पेक्टर
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    बालाघाट/नरसिंहपुर। बालाघाट में नक्सली मुठभेड़ में शहीद हुए हॉक फोर्स इंस्पेक्टर आशीष शर्मा का गुरुवार को उनके गृह ग्राम बोहानी में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। उनके पार्थिव शरीर को देखकर हजारों लोगों की आंखें नम हो गईं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और कैबिनेट मंत्री प्रहलाद पटेल ने स्वयं शहीद को कंधा देकर श्रद्धांजलि अर्पित की।

    Uploaded media

    लोग घरों की छतों से शहीद पर बरसाए फूल 

    इंस्पेक्टर आशीष शर्मा का पार्थिव शरीर गुरुवार दोपहर बोहानी पहुंचा, जहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। अंतिम यात्रा में 5,000 से अधिक लोग शामिल हुए। गांव में गम का माहौल था, लोग घरों की छतों से फूल बरसाते रहे और "भारत माता की जय" तथा "शहीद आशीष अमर रहें" के नारे गूंजते रहे।

    Uploaded media

    बालाघाट एसपी हुए भावुक

    पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा भी खुद को नहीं संभाल सके और अपने साहसी, निर्भीक और वीरता पदक विजेता जवान को खोने पर उनके भी आंसू छलक पड़े। जवानों ने एसपी के गले लगकर एक-दूसरे को ढांढस बांधा। पुलिस लाइन में शहीद आशीष शर्मा को सभी ने पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

    सीएम डॉ. मोहन यादव समेत मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, उदय प्रताप सिंह, कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कंधा दिया

    सीएम डॉ. मोहन यादव समेत मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, उदय प्रताप सिंह, कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कंधा दिया।

    सीएम ने किए बड़े ऐलान 

    मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घोषणा की कि शहीद आशीष शर्मा के छोटे भाई को सारे नियम शिथिल करते हुए सब-इंस्पेक्टर बनाया जाएगा। परिवार को 1 करोड़ रुपए की सम्मान निधि दी जाएगी। CM ने घोषणा की कि गांव में शहीद आशीष शर्मा के नाम पर पार्क और स्टेडियम का निर्माण होगा।

    Twitter Post

    सीएम ने कहा कि नक्सलियों के खिलाफ साहसपूर्वक मुकाबला करते हुए हमारे वीर जवान आशीष शर्मा ने सर्वोच्च बलिदान दिया। उनकी शहादत और अदम्य वीरता पर पूरे मध्यप्रदेश को गर्व है। दो बार बहादुरी के लिए राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त करना उनकी असाधारण सेवा और कर्तव्यनिष्ठा का प्रमाण है। मन व्यथित है, परंतु जवान की वीरता हम सभी को प्रेरित करती रहेगी। बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें।  

    राजनेताओं और अधिकारियों ने दी श्रद्धांजलि

    अंतिम संस्कार में कैबिनेट मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, उदय प्रताप सिंह, डीजीपी कैलाश मकवाणा, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार भी शामिल हुए। सभी ने शहीद के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर उनकी वीरता और बलिदान को सलाम किया।

    मुठभेड़ में लगी गोली

    एंटी नक्सल ऑपरेशन के डीजी पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि बुधवार को मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ की पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया था। बोर तालाब के पास नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। पुलिस के पहुंचते ही नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। टीम का नेतृत्व कर रहे इंस्पेक्टर आशीष शर्मा को गोली लग गई। उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

    Mithilesh Yadav
    By Mithilesh Yadav

    वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

    नई दिल्ली
    --°
    बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
    Source:AccuWeather
    icon

    Latest Posts