Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

आष्टा के रिजॉर्ट में खाद्य सुरक्षा की खुली पोल, एक्सपायरी पापड़ और कीड़े वाला चावल मिला

आष्टा में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमार कार्रवाई ने नाना घर रिजॉर्ट की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। एक्सपायरी पापड़ और कीड़े वाला चावल मिला, कई प्रतिष्ठानों से नमूने लिए गए।
आष्टा के रिजॉर्ट में खाद्य सुरक्षा की खुली पोल, एक्सपायरी पापड़ और कीड़े वाला चावल मिला
चंद रुपए की बचत के लिए मेहमानों की सेहत से खिलवाड़

सीहोर। मेहमानों के स्वागत और स्वादिष्ट भोजन के दावों के बीच अगर थाली तक पहुंचने वाली सामग्री ही एक्सपायरी और कीड़ों से संक्रमित मिले तो सवाल सिर्फ स्वाद का नहीं, सीधे लोगों की सेहत का है। आष्टा के नाना घर रिजॉर्ट में खाद्य सुरक्षा विभाग की औचक जांच में एक्सपायरी डेट के पापड़ और चावलों में कीड़े मिलने का मामला सामने आया है। कार्रवाई ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर मेहमानों को भोजन परोसने वाले प्रतिष्ठानों में खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और उसकी एक्सपायरी डेट की निगरानी कितनी गंभीरता से की जा रही है।

रिजॉर्ट की रसोई में मिली चौंकाने वाली स्थिति

कलेक्टर बालागुरु के. के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता की जांच का अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी ज्योति बंसल के नेतृत्व में टीम ने आष्टा के विभिन्न रेस्टोरेंट, रिजॉर्ट और किराना प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। नाना घर रिजॉर्ट की जांच के दौरान पापड़ की निर्धारित उपयोग अवधि समाप्त मिली, जबकि रखे हुए चावलों में कीड़े पाए गए। यह स्थिति उस व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है जहां मेहमानों के लिए भोजन तैयार किया जाता है।

सवाल यह कि निगरानी कौन कर रहा था?

खाद्य सामग्री की एक्सपायरी डेट देखना और उसे सुरक्षित तरीके से स्टोर करना किसी भी खाद्य कारोबार की बुनियादी जिम्मेदारी है। ऐसे में सवाल उठना स्वाभाविक है कि यदि विभाग की औचक जांच में एक्सपायरी पापड़ और कीड़े वाला चावल पकड़ में आ सकता है तो नियमित स्तर पर इन सामग्रियों की निगरानी क्यों नहीं हुई? क्या रसोई में रखी सामग्री को इस्तेमाल करने से पहले जांचने की व्यवस्था नहीं थी? हालांकि अंतिम स्थिति और खाद्य मानकों के उल्लंघन का निर्धारण जांच रिपोर्ट के बाद ही होगा।

नाना घर के बाद दूसरे प्रतिष्ठान भी जांच के घेरे में

खाद्य सुरक्षा टीम ने केवल नाना घर रिजॉर्ट तक कार्रवाई सीमित नहीं रखी। न्यू मनोज रेस्टोरेंट का निरीक्षण कर भाजीबड़ा और कचौड़ी के नमूने लिए गए। राधा रानी रिजॉर्ट से दाल और चावल के दो नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए। वहीं ओम शिवम किराना एवं जनरल स्टोर से रोस्टेड चने का नमूना लिया गया। अलग-अलग प्रतिष्ठानों से नमूने लिए जाने के बाद अब जांच रिपोर्ट महत्वपूर्ण हो गई है।

ये भी पढ़ें: चंदेरी में कुएं में डूबने से चार भाइयों की मौत, सभी की उम्र 10 साल से कम, दादी के साथ रहते थे बच्चे

अब लैब रिपोर्ट तय करेगी आगे की कार्रवाई

विभाग द्वारा संग्रहित खाद्य नमूनों को राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला जांच में यदि किसी नमूने में निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित कारोबारी के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा सकती है। यानी फिलहाल औचक निरीक्षण में जो स्थिति सामने आई है उसकी कानूनी गंभीरता जांच रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी।

मेहमानों की सेहत से खिलवाड़ पर बड़ा सवाल

सबसे बड़ा सवाल यही है कि होटल और रिजॉर्ट में आने वाले ग्राहक जिस भोजन को भरोसे के साथ खाते हैं, उसकी गुणवत्ता की जिम्मेदारी आखिर किसकी है? ग्राहक को यह पता नहीं होता कि रसोई के स्टोर में रखे चावल कितने पुराने हैं या पापड़ की एक्सपायरी निकल चुकी है। इसलिए खाद्य प्रतिष्ठानों पर यह जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है कि वे केवल स्वाद और दिखावे पर नहीं बल्कि खाद्य सुरक्षा के नियमों पर भी उतना ही ध्यान दें।

ये भी पढ़ें: भोपाल में करोंद से BMHRC तक लगा लंबा जाम, यातायात व्यवस्था पर उठे सवाल

विभाग की कार्रवाई से कारोबारियों में हड़कंप

खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई से आष्टा के खाद्य कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति है। विभाग ने साफ किया है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता, सुरक्षित भंडारण और निर्धारित मानकों का पालन अनिवार्य है। कार्रवाई आगे भी जारी रहने की बात कही गई है। अब देखना यह होगा कि प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद मामला सिर्फ चेतावनी और निर्देश तक सीमित रहता है या लापरवाही साबित होने पर जिम्मेदार कारोबारियों पर सख्त कार्रवाई भी होती है।

Sunil Sharma
By Sunil Sharma

सुनील शर्मा, सीहोर जिला ब्यूरो, पीपुल्स समाचार ढाई दशक से पत्रकारिता में सक्रिय। दैनिक भास्कर, पत...Read More

Latest Posts