PlayBreaking News

FIFA World Cup 2026 :मेसी का जलवा, प्री-क्वार्टर फाइनल में अर्जेंटीना; 120 मिनट के रोमांचक मुकाबले में केप वर्डे को 3-2 से हराया

लियोनेल मेसी के ऐतिहासिक गोल की बदौलत अर्जेंटीना ने केप वर्डे को 3-2 से हराकर फीफा वर्ल्ड कप के अंतिम-16 में जगह बना ली। मेसी ने कई बड़े रिकॉर्ड बनाए। इजिप्ट ने ऑस्ट्रेलिया को पेनल्टी शूटआउट में हराया, जबकि कोलंबिया ने घाना को मात देकर अगले दौर में प्रवेश किया।
Follow on Google News
मेसी का जलवा, प्री-क्वार्टर फाइनल में अर्जेंटीना; 120 मिनट के रोमांचक मुकाबले में केप वर्डे को 3-2 से हराया
फुटबॉल वर्ल्डकप के टॉप-16 में अर्जेंटीना

स्पोर्ट्स डेस्क। डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना ने फीफा वर्ल्ड कप में अपने खिताब बचाने की दिशा में एक और कदम बढ़ा दिया है। टीम ने शनिवार सुबह खेले गए बेहद रोमांचक मुकाबले में केप वर्डे को 3-2 से हराकर प्री-क्वार्टर फाइनल (राउंड ऑफ 16) में जगह बना ली। मुकाबला निर्धारित 90 मिनट में बराबरी पर छूटा और फैसला एक्स्ट्रा टाइम में हुआ।

अब अर्जेंटीना का सामना मंगलवार को इजिप्ट से होगा, जिसने पेनल्टी शूटआउट में ऑस्ट्रेलिया को 4-2 से हराकर पहली बार वर्ल्ड कप नॉकआउट मुकाबला जीता है। वहीं, एक अन्य मैच में कोलंबिया ने घाना को 1-0 से हराकर अंतिम-16 में प्रवेश किया।

मेसी ने दिलाई शुरुआती बढ़त

मियामी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी ने 29वें मिनट में शानदार गोल कर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। लिसैंड्रो मार्टिनेज की लंबी पास को मेसी ने बेहतरीन तरीके से नियंत्रित किया और बेहद कम एंगल से गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचा दिया। पहले हाफ तक अर्जेंटीना बढ़त पर थी, लेकिन दूसरे हाफ में केप वर्डे ने जबरदस्त वापसी की। 59वें मिनट में डेरोय डुआर्टे ने गोल कर स्कोर 1-1 कर दिया।

120 मिनट तक चला मुकाबला

निर्धारित 90 मिनट के बाद भी दोनों टीमें बराबरी पर रहीं और मैच एक्स्ट्रा टाइम में पहुंच गया। इंजरी टाइम के दूसरे मिनट में अर्जेंटीना ने फिर बढ़त बनाई, लेकिन केप वर्डे के सिडनी लोपेज ने एक और गोल कर मुकाबले को फिर बराबरी पर ला दिया। आखिरकार 111वें मिनट में केप वर्डे के खिलाड़ी डिनये बोर्गेस (आत्मघाती गोल) के कारण अर्जेंटीना को निर्णायक बढ़त मिल गई। यही गोल टीम की जीत का कारण बना और अर्जेंटीना ने 3-2 से मुकाबला अपने नाम कर लिया।

FIFA World Cup 2026

5 लाख आबादी वाले देश ने चैंपियन टीम को दी कड़ी टक्कर

इस मुकाबले से पहले माना जा रहा था कि अर्जेंटीना आसानी से जीत जाएगी, लेकिन लगभग पांच लाख की आबादी वाले केप वर्डे ने शानदार खेल दिखाकर सभी को प्रभावित किया। टीम ने दो बार बराबरी करते हुए मुकाबले को एक्स्ट्रा टाइम तक पहुंचाया और मौजूदा चैंपियन को आखिरी मिनटों तक संघर्ष करने पर मजबूर कर दिया।

40 वर्षीय गोलकीपर वोजिन्हा बने केप वर्डे के हीरो

केप वर्डे के अनुभवी गोलकीपर वोजिन्हा ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने पूरे मैच में कुल 10 शानदार बचाव किए, जिनमें से पांच सीधे मेसी के प्रयासों पर थे। उनकी बेहतरीन गोलकीपिंग की वजह से अर्जेंटीना को जीत के लिए काफी संघर्ष करना पड़ा।

मेसी ने बनाए कई ऐतिहासिक रिकॉर्ड

इस मुकाबले में गोल करते ही लियोनेल मेसी ने वर्ल्ड कप इतिहास में कई नए कीर्तिमान अपने नाम कर लिए। मेसी के नाम दर्ज हुए बड़े रिकॉर्ड-

  • वर्ल्ड कप इतिहास में 30 मैच खेलने वाले पहले खिलाड़ी बने।
  • वर्ल्ड कप में 20 गोल करने वाले पहले फुटबॉलर बने।
  • लगातार 8 वर्ल्ड कप मैचों में गोल करने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बने।
  • वर्ल्ड कप में 14 अलग-अलग देशों के खिलाफ गोल करने वाले पहले खिलाड़ी बने।
  • वर्ल्ड कप में 9 असिस्ट पूरे किए।
  • मौजूदा टूर्नामेंट में 4 मैचों में 7 गोल कर गोल्डन बूट की दौड़ में सबसे आगे हैं।
  • दो अलग-अलग वर्ल्ड कप संस्करणों में 7-7 गोल करने वाले पहले खिलाड़ी बने।

वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी

खिलाड़ी

गोल

लियोनेल मेसी

20

किलियन एमबाप्पे

18

मिरोस्लाव क्लोज़

16

रोनाल्डो

15

गर्ड मुलर

14

हैरी केन

13

जस्ट फोंटेन

13

गोल्डन बूट की दौड़ में सबसे आगे मेसी

मेसी अब इस वर्ल्ड कप में सात गोल कर चुके हैं। वह गोल्डन बूट की रेस में फ्रांस के स्टार खिलाड़ी किलियन एमबाप्पे (6 गोल) से एक गोल आगे निकल गए हैं।

इजिप्ट ने पहली बार जीता नॉकआउट मुकाबला

एक अन्य मुकाबले में इजिप्ट ने ऑस्ट्रेलिया को पेनल्टी शूटआउट में 4-2 से हराकर इतिहास रच दिया। यह वर्ल्ड कप नॉकआउट चरण में इजिप्ट की पहली जीत है। मैच के 13वें मिनट में इमाम अशूर ने हेडर के जरिए इजिप्ट को बढ़त दिलाई। हालांकि 55वें मिनट में डिफेंडर मोहम्मद हनी के आत्मघाती गोल से ऑस्ट्रेलिया ने बराबरी कर ली। निर्धारित समय और एक्स्ट्रा टाइम के बाद मैच बराबरी पर रहा, जिसके बाद फैसला पेनल्टी शूटआउट में हुआ।

Sports News

ऑस्ट्रेलिया से शूटआउट में बड़ी गलती

पेनल्टी शूटआउट में ऑस्ट्रेलिया के कप्तान हैरी साउटर अपना पहला प्रयास गोलपोस्ट के ऊपर मार बैठे। युवा खिलाड़ी लुकास हैरिंगटन का शॉट भी क्रॉसबार से टकराकर बाहर चला गया। इजिप्ट की ओर से महमूद साबेर, रामी राबिया, मोहम्मद सलाह और होसाम अब्देलमगीद ने चारों पेनल्टी गोल में बदलकर टीम को जीत दिलाई।

मोहम्मद हनी के नाम अनचाहा रिकॉर्ड

इजिप्ट के डिफेंडर मोहम्मद हनी इस वर्ल्ड कप में दो आत्मघाती गोल करने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं। इससे पहले उन्होंने ग्रुप स्टेज में बेल्जियम के खिलाफ भी अपनी ही टीम के खिलाफ गोल किया था।

TOP-16 में कोलंबिया भी पहुंचा

कैनसस सिटी में खेले गए मुकाबले में कोलंबिया ने घाना को 1-0 से हराकर अगले दौर में जगह बना ली। मैच की शुरुआत में ही कोलंबिया को बड़ा झटका लगा, जब स्ट्राइकर जॉन कॉर्डोबा चोटिल होकर मैदान से बाहर हो गए। उनकी जगह आए लुइस सुआरेज ने शानदार क्रॉस दिया, जिस पर 14वें मिनट में जॉन एरियास ने गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। यही गोल मैच का निर्णायक साबित हुआ। अब कोलंबिया का मुकाबला अंतिम-16 में स्विट्जरलैंड से होगा।

Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts