अंतर्राष्ट्रीय

अमेरिका: व्हाइट हाउस में मना दिवाली का जश्न, राष्ट्रपति जो बाइडेन ने जलाए दीए; हिंदी गानों पर लगे ठुमके

भारत के साथ-साथ दुनियाभर में दिवाली का जश्न मनाया गया। अमेरिका के व्हाइट हाउस में अब तक की सबसे बड़ी दिवाली मनाई गई। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने 200 लोगों के साथ दीवाली का त्योहार मनाया। उन्होंने अमेरिका में रह रहे भारतीय मूल के सभी लोगों को दिवाली की शुभकामनाएं दी। उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने भी भारतीय मूल के अमेरिकी लोगों को शुभकामनाएं दी।

‘हमारे पास दुनिया में रोशनी लाने की शक्ति’

बाइडेन ने कहा कि, ‘दिवाली हमें याद दिलाती है कि हम में से प्रत्येक के पास दुनिया में रोशनी लाने की शक्ति है। यह एक विकल्प है और हम इसे रोज चुनते हैं, चाहे यहां अमेरिका में हों या भारत में जो आजादी के 75 साल मना रहा है।’ समारोह के दौरान बॉलीवुड के गीतों पर नृत्य प्रस्तुति भी दी गई।

आपकी मेजबानी करके सम्मानित महसूस कर रहा हूं: बाइडेन

उपराष्ट्रपति के बाद राष्ट्रपति जो बाइडेन ने समारोह को संबोधित किया। बाइडेन ने कहा कि, हम आपकी मेजबानी करके सम्मानित महसूस कर रहे हैं। व्हाइट हाउस में आयोजित होने वाले इस तरह का यह पहला दिवाली समारोह है। हमारे पास इतिहास में पहले से कहीं अधिक एशियाई-अमेरिकी हैं। हम दिवाली को अमेरिकी संस्कृति का हिस्सा बनाने के लिए आपको धन्यवाद देते हैं।

ऋषि सुनक का भी उल्लेख किया

अपने संबोधन के दौरान बाइडेन ने ब्रिटेन में प्रधानमंत्री पद का कार्यभार संभालने जा रहे भारतीय मूल के सांसद ऋषि सुनक का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि हमें खबर मिली है कि ऋषि सुनक अब यूके के पीएम होंगे। कल वह राजा से मिलने जाने वाले हैं। यह बहुत ही आश्चर्यजनक है, एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है और यह काफी मायने रखता है।

अन्य अंतर्राष्ट्रीय खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

संबंधित खबरें...

Back to top button