बलरामपुर में दुर्गा पूजा पंडाल के बाहर हादसा, बेकाबू कार ने 7 लोगों को रौंदा, 3 की मौत

बलरामपुर। हादसा चिरगहियान बेलहा गांव की है, जहां श्रद्धालु सड़क किनारे पर्दे पर वीडियो देख रहे थे। इसी दौरान सिद्धार्थनगर की ओर जा रही एक अनियंत्रित कार ने वहां मौजूद लोगों को रौंद दिया। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जबकि फरार हुए ड्राइवर को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
अंधेरे में सड़क किनारे वीडियो देख रहे थे श्रद्धालु
उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले के चिरगहियान बेलहा गांव में शनिवार को दुर्गा पूजा पंडाल के बाहर श्रद्धालु और ग्रामीण पर्दे पर वीडियो देख रहे थे। इस दौरान सिद्धार्थनगर की ओर जा रही एक तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े लोगों को जोरदार टक्कर मारते हुए निकल गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
ये भी पढ़ें: कोलकाता के दुर्गा पूजा पंडाल में दर्दनाक हादसा, 19 लोगों की मौत और 25 घायल, बारिश के बाद बेकाबू हुई भीड़
तीन लोगों की मौके पर मौत, मृतकों की हुई पहचान
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को बलरामपुर के जिला मेमोरियल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस अधीक्षक मार्तंड प्रकाश सिंह के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान मनोज सिंह (40), गणेश (35) और पटेश्वरी (50) के रूप में हुई है।
चार लोग गंभीर रूप से घायल,दो को बहराइच रेफर किया
सड़क हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। घायलों में छेदी राम (45) और डब्लू (35) की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए बहराइच के एक अस्पताल में रेफर किया गया है। पुलिस ने तीनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
लोगों को कार ने मारी टक्कर
पुलिस के मुताबिक कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के चरनगहिया बेलहा गांव में कुछ लोग सड़क किनारे पर्दा लगाकर वीडियो देख रहे थे। इसी दौरान अंधेरे के कारण वहां से गुजर रही एक गाड़ी ने लोगों को टक्कर मार दी, जिससे यह हादसा हुआ। टक्कर के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया था।
ये भी पढ़ें: ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास भीषण हादसा, ट्रक की टक्कर से 15 श्रद्धालुओं की मौत, 33 घायल
कार जब्त, ड्राइवर गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, हादसे के बाद कार मौके से भाग गई थी, लेकिन पुलिस ने बैरिकेडिंग कर इलाके को सील किया और गाड़ी को पकड़ लिया। ड्राइवर को भी हिरासत में ले लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि घायलों का इलाज जारी है और हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




















