राष्ट्रीय

उत्तर प्रदेश : BJP विधायक अरविंद गिरि की हार्ट अटैक से मौत, मीटिंग में शामिल होने लखनऊ जा रहे थे

उत्तरप्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले की गोला विधानसभा सीट से भाजपा विधायक अरविंद गिरी की मंगलवार को हार्ट अटैक से मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, वह मीटिंग में शामिल होने कार से लखनऊ जा रहे थे। इसी दौरान उन्हें हार्ट अटैक आया। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

सीएम योगी ने जताया दुख

बीजेपी विधायक अरविंद गिरी के निधन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट कर शोक व्यक्त किया है। लिखा- लखीमपुर खीरी जनपद की गोला विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक रविंद गिरि जी का निधन अत्यंत दुःखद है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्री राम दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान व शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। ऊँ शांति।

कैसा रहा राजनीतिक सफर

दरअसल, अरविंद गिरि का जन्म 30 जून 1958 को हुआ था। उन्होंने अपने राजनीति सफर की शुरुआत 1994 में समाजवादी पार्टी से की थी। जिसके बाद 1995 में गोला नगर पालिकाध्यक्ष बने थे। वहीं, 1996 में पहली बार सपा के टिकट पर विधायकी के चुनाव में ताल ठोक दी और जीतकर विधानसभा पहुंच गए। साल 2000 में उन्होंने दोबारा गोला नगर पालिका परिषद का चुनाव लड़ा और अध्यक्ष बने।

सपा से दो बार बने विधायक

वहीं, साल 2002 में एक बार फिर वह सपा के टिकट पर मैदान में उतरे और दूसरी बार विधायक बने। जिसके बाद 2005 में सपा सरकार में उन्होंने अपने भाई की पत्नी अनीता गिरि को जिला पंचायत अध्यक्ष बनाया। 2007 में नगर पालिका परिषद गोला के अध्यक्ष पद पर पत्नी सुधा गिरि को जिताया। इसके बाद फिर 2007 में तीसरी बार विधायक बने। 2012 के विधानसभा चुनाव में भी वह बसपा के टिकट पर विधायक बने।

2017 में थामा बीजेपी का दामन

इसके बाद 2017 में अरविंद गिरि ने भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया और टिकट लेकर चुनाव मैदान में उतरे। इस बार भी जीतकर वह गोला विधानसभा से चौथीं बार विधायक बने। वहीं, 2022 विधानसभा चुनाव में भी अरविंद गिरि ने बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़कर जीत हासिल की। पांच बार के विधायक अरविंद गिरि का सियासी कद यूपी की सियासत में काफी बड़ा था। क्षेत्र की जनता ने भी उन्होंने भरपूर समर्थन दिया और पांच बार विधानसभा भेजा।

अन्य राष्ट्रीय खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

संबंधित खबरें...

Back to top button