ताजा खबरराष्ट्रीय

चार धाम यात्रा शुरू : अक्षय तृतीया के मौके पर खुले केदारनाथ के कपाट, CM धामी ने दर्शन किए; आज गंगोत्री-यमुनोत्री के द्वार भी खुलेंगे

देहरादून। उत्तराखंड की चार धाम यात्रा आज से शुरू हो गई है। अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर शुक्रवार को केदारनाथ धाम के कपाट खोल दिए गए। जिसके बाद चार धाम यात्रा का शुभारंभ हो गया। विधि-विधान से केदारनाथ के कपाट सुबह 6:55 बजे खोले गए। CM पुष्कर सिंह धामी भी अपनी पत्नी के साथ दर्शन के लिए पहुंचे। हजारों की संख्या में श्रद्धालु केदार नगरी में पहुंचे हैं। इस दौरान जय केदार के जयकारों से केदार नगरी गूंज उठी।

गंगोत्री और यमुनोत्री के कपाट भी आज ही खुलेंगे

केदारनाथ के अलावा गंगोत्री और यमुनोत्री के कपाट भी आज ही खुलेंगे। गंगोत्री के कपाट सुबह 10 बजकर 29 मिनट पर खोले जाएंगे, जबकि यमुनोत्री से कपाट दोपहर 12 बजकर 25 मिनट पर भक्तों के दर्शन के लिए खुलेंगे। वहीं बदरीनाथ के कपाट 12 मई को सुबह 6 बजे से खुलेंगे।

20 क्विंटल से अधिक फूलों से सजा मंदिर

केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के समय धाम में हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे। मंदिर को 20 क्विंटल से अधिक फूलों से सजाया गया। इसके साथ ही कपाट खुलते समय तीर्थयात्रियों पर हैलीकॉप्टर से फूलों की वर्षा की गई। श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह भंडारे का आयोजन किया गया है।

केदारनाथ-बद्रीनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष अजयेंद्र अजय के मुताबिक, बाबा की पंचमुखी डोली 9 मई की शाम 4 बजे केदारधाम पहुंची, उस समय 5 हजार लोग मौजूद थे। 9 मई को दोपहर 12 बजे मां गंगा की डोली शीत कालीन प्रवास मुखवा से गंगोत्री धाम के लिए रवाना हुई थी। डोली भैरवघाटी रात्रि विश्राम के लिए रुकी थी। 10 मई सुबह 6:30 बजे डोली धाम के लिए फिर रवाना हुई है, 12:25 बजे मां गंगोत्री धाम के कपाट खोले जाएंगे।

22 लाख से अधिक श्रद्धालु कर चुके पंजीकरण

केदारनाथ धाम से 16 किमी पहले गौरीकुंड में करीब 10 हजार श्रद्धालु पहुंच चुके हैं। पिछले साल यह आंकड़ा 7 से 8 हजार के बीच था। हरिद्वार और ऋषिकेश में 15 हजार से ज्यादा यात्री पहुंच चुके हैं। चार धाम यात्रा के लिए अब तक 22.15 लाख से ज्यादा श्रद्धालु पंजीकरण करा चुके हैं। पिछले साल रिकॉर्ड 55 लाख लोगों ने दर्शन किए थे।

पर्यटन सचिव सचिन कुर्वे के मुताबिक, एक दिन में 15 हजार श्रद्धालु केदारनाथ धाम, 16 हजार लोग बद्रीनाथ धाम, 9 हजार श्रद्धालु यमुनोत्री और 11 हजार लोग गंगोत्री में दर्शन कर सकेंगे। इसका मतलब है कि, चारों धाम में रोजाना 51 हजार लोग दर्शन करेंगे।

उत्तराखंड के कई इलाकों में येलो अलर्ट जारी

इन धामों पर दिन का तापमान 0 से 3 डिग्री दर्ज किया जा रहा है। वहीं, रात में पारा माइनस में पहुंच रहा है। मौसम विभाग ने उत्तराखंड के कई इलाकों में येलो अलर्ट जारी किया है। उत्तरकाशी, टिहरी, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा में मौसम विभाग ने हल्की और मध्यम स्तर की बारिश की संभावना जताई गई है।

किसने करवाया था मंदिर का निर्माण

ये मंदिर 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक है। उत्तराखंड के चार धामों में केदारनाथ तीसरे नंबर पर है। मान्यता के अनुसार, महाभारत काल में यहां शिवजी ने पांडवों को बेल के रूप में दर्शन दिए थे। मान्यता है कि 8वीं-9वीं सदी में आदिगुरु शंकराचार्य ने इस मंदिर का निर्माण करवाया था। मंदिर गौरीकुंड से करीब 16 किमी दूर और करीब 3,581 वर्ग मीटर की ऊंचाई पर स्थित है।

ये भी पढ़ें- Akshaya Tritiya 2024 : अक्षय तृतीया पर बन रहे दुर्लभ संयोग, बरसेगा धन; जानें इस दिन को क्यों माना जाता है इतना शुभ ?

संबंधित खबरें...

Back to top button