उमरिया : हाइवा बिगड़ने से ताला-पनपथा SH-10 पर 8 घंटे लगा जाम, जंगल में पानी के लिए परेशान रहे यात्री

उमरिया जिले के ताला-पनपथा एसएच-10 पर जाम लगने से आठ घंटे जाम लगा रहा। भीषण गर्मी के 42 डिग्री तापमान में यात्री बिना पानी के जंगल में परेशान होते रहे। इनमें बच्चों और महिलाओं की हालत बेहद खराब थी।
हाइवा बिगड़ने से ताला-पनपथा SH-10 पर 8 घंटे लगा जाम, जंगल में पानी के लिए परेशान रहे यात्री

उमरिया। जिले के ताला-पनपथा राज्य मार्ग (एसएच-10) पर रविवार को उस समय चीख-पुकार मच गई, जब बीच सड़क पर एक हाइवा खराब होने के कारण करीब 8 घंटे लंबा भीषण जाम लग गया। सुबह 8.30 बजे से शुरू हुआ यह जाम शाम 4.30 बजे के बाद ही खुल सका। इस दौरान मार्ग के दोनों ओर 100 से अधिक वाहनों की कतारें लग गईं और सैकड़ों यात्री जंगल के बीच भीषण गर्मी और प्यास से बेहाल होते रहे।

सिंगल लेन बनी मुसीबत

घटना पतौर गांव के आगे की है, जहां सड़क सिंगल लेन है। सड़क के किनारे की पटरी (शोल्डर) अधूरी होने के कारण भारी वाहनों को निकलने की जगह नहीं मिली। खराब हाइवा के बीच सड़क पर खड़े होते ही यातायात पूरी तरह ठप हो गया। वैकल्पिक मार्ग या समय पर हाइवा को हटाने की व्यवस्था न होने से स्थिति बेकाबू हो गई।

ये भी पढ़ें: ये कैसी 'पंचायत' : छतरपुर में सचिव ने तीन ग्रामीणों को जीते जी 'मार दिया', रोक दी पेंशन!

जंगली जानवरों का खतरा

जाम में फंसे बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग भीषण गर्मी के कारण पानी के लिए तरस गए। पारा 42 डिग्री सेल्सियस होने के कारण लोग वाहनों के भीतर बैठने की स्थिति में नहीं थे। राहत पाने के लिए कई मुसाफिर सड़क किनारे लगे घने जंगल की ओर जाने को मजबूर हुए। यह क्षेत्र वन क्षेत्र से लगा होने के कारण जंगली जानवरों का खतरा बना हुआ था, लेकिन बेबसी में लोग जोखिम उठाने को विवश दिखे।

प्रशासन और अमले की गैर-मौजूदगी

सैकड़ों लोगों की जान जोखिम में होने के बावजूद मौके पर काफी समय तक न तो पुलिस और न ही वन विभाग का कोई अमला सक्रिय नजर आया। प्रशासनिक देरी को लेकर यात्रियों में भारी आक्रोश देखा गया। शाम 4.30 बजे के बाद जब हाइवा को हटाया गया, तब जाकर आवाजाही शुरू हो सकी।

ये भी पढ़ें: एमपी में मौसम ने ली करवट: कई जिलों में बारिश, 22 जिलों में लू का अलर्ट; स्कूलों में छुट्टियां घोषित

खराब हाइवा को हटवाकर यातायात शुरू कराया

सुबह 8.30 बजे से जाम की सूचना थी। शाम करीब 4.30 बजे सड़क पर खराब हुए हाइवा को हटवाकर पनपथा-ताला मार्ग को पुन: सुचारू करा दिया गया है। अब वाहनों की आवाजाही सामान्य है।

विजय पाटले, चौकी प्रभारी, इंदवार

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...Read More

Latest Posts