व्यापार जगत

अडाणी ग्रुप को UAE के शाही परिवार का साथ, कंपनी के FPO में किया 3,260 करोड़ रुपए का निवेश

नई दिल्ली। हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट के बाद से मुश्किल में आए अडाणी ग्रुप (Adani group) को अबू धाबी की इंटरनेशनल होल्डिंग कंपनी (IHC) का सहारा मिला है। IHC ने कहा है कि वह अडाणी एंटरप्राइजेज के फॉलो ऑन पब्लिक ऑफर (FPO)  में 40 करोड़ अमेरिकी डॉलर (3,260 करोड़ रुपए) निवेश करेगा। कंपनी का कहना है कि उसे अडाणी ग्रुप के शेयर मूल्यों में गिरावट के बावजूद उन्हें उनके मूल सिद्धांतों पर भरोसा है। IHC के CEO सैयद बसर शुएब नेकहा- हमें उम्मीद है कि दीर्घावधि में तरक्की की मजबूत संभावना है, और हमारे शेयरधारकों को इसका फायदा मिलेगा। शुएब  UAE के राष्ट्रपति के भाई हैं।

शेयरों में गिरावट का दौर जारी

बताते चलें कि अमेरिकी फाइनेंशियल रिसर्च कंपनी हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट आने के बाद से अडाणी ग्रुप के शेयरों में गिरावट का दौर जारी है। IHC के इस निवेश की घोषणा से पिछले कई दिनों से नुकसान में जा रहे अडाणी ग्रुप को भरोसा बहाल करने में मदद मिलेगी। हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट में अडाणी ग्रुप पर शेयरों में धोखाधड़ी, अकाउंट्स में गड़बड़ी जैसे सवाल उठाए गए थे। 24 जनवरी को आई हिंडनबर्ग की रिपोर्ट में दावा किया गया था कि उसने ग्रुप से 88 सवालों के जवाब मांगे थे, लेकिन उन्हें जवाब नहीं दिया गया। उधर, अडाणी ग्रुप का कहना है कि हिंडनबर्ग की रिपोर्ट पूरी तरह फर्जी है। यह ऐसे समय में जानबूझकर लाई गई, जिससे उनके FPO को नुकसान पहुंचे।

अडाणी इंटरप्राइजेज का FPO पूरी तरह सब्सक्राइब

शेयरों में लगातार गिरावट के बीच अडानी ग्रुप की प्रमुख कंपनी अडाणी एंटरप्राइजेज का FPO पूरी तरह सब्सक्राइब हो गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक 20,000 करोड़ रुपए के एफपीओ को मंगलवार को बिक्री के आखिरी दिन गैर-खुदरा निवेशकों का समर्थन मिला। 4.55 करोड़ शेयरों की पेशकश के मुकाबले 4.62 करोड़ शेयरों की मांग आई। बीएसई के आंकड़ों के अनुसार, गैर-संस्थागत निवेशकों ने उनके लिए रिजर्व 96.16 लाख शेयरों के मुकाबले तीन गुना से अधिक शेयरों के लिए बोलियां लगाईं। पात्र संस्थागत खरीदारों (क्यूआईबी) के लिए रिजर्व 1.28 करोड़ शेयरों को लगभग पूरा सब्क्रिप्शन मिला। हालांकि, रिटेल इन्वेस्टर्स और कंपनी के कर्मचारियों की एफपीओ के प्रति उदासीनता दिखी। खुदरा निवेशकों के लिए लगभग आधा निर्गम आरक्षित था, जबकि उन्होंने अपने लिए आरक्षित 2.29 करोड़ शेयरों में से केवल 11 प्रतिशत के लिए बोली लगाई। कर्मचारियों के लिए आरक्षित 1.6 लाख शेयरों में 52 फीसदी के लिए बोलियां आईं।

LIC ने कहा- हमारा निवेश सुरक्षित

अडाणी ग्रुप में निवेश को लेकर भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) ने बयान जारी किया है। उसने कहा कि अडाणी समूह में हमारा निवेश सुरक्षित है। बयान में कहा गया- इक्विटी और डेट के तहत अडाणी समूह की कंपनियों में हमारी कुल हिस्सेदारी 36,474.78 करोड़ रुपए है। यह 31 दिसंबर, 2022 तक 35,917.31 करोड़ रुपए थी। पिछले कई वर्ष के दौरान समूह की कंपनियों की इन इक्विटी का कुल खरीद मूल्य 30,127 करोड़ रुपए है और 27 जनवरी, 2023 को मार्केट बंद होने पर इसका बाजार मूल्य 56,142 करोड़ रुपए था। पंजाब नेशनल बैंक (PNB) का भी अडाणी ग्रुप की कंपनियों में लगभग 7,000 करोड़ रुपए का निवेश है।

यह भी पढ़ें अडाणी ग्रुप ने हिंडनबर्ग की रिपोर्ट को बताया फर्जी, 413 पन्नों का जवाब किया जारी; हिंडनबर्ग का पलटवार- राष्ट्रवाद से धोखा नहीं छिपेगा

संबंधित खबरें...

Back to top button