व्यापार जगत

सिर्फ एक फीसदी बोली, फिर भी अडाणी ग्रुप नहीं बदलेगा FPO की तारीख और कीमत, बताई ये वजह

नई दिल्ली। हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट के बाद 4 लाख करोड़ के नुकसान के बावजूद अडाणी ग्रुप ने अपने अनुवर्ती सार्वजनिक पेशकश (FPO) के तहत निर्धारित कीमतों या बिक्री की तारीखों में किसी तरह के बदलाव की संभावना से इनकार किया है। अमेरिकी फाइनेंशियल रिसर्च कंपनी हिंडनबर्ग की रिपोर्ट आने के बाद अडाणी एंटरप्राइजेज समेत ग्रुप की सभी कंपनियों के शेयरों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है।

अडाणी ग्रुप की तरफ से शनिवार को कहा गया कि अडाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड का FPO निर्धारित समय और घोषित मूल्य दायरे के अनुसार चल रहा है। इसकी कीमत में कोई बदलाव नहीं हुआ है। ग्रुप के प्रवक्ता ने कहा- बैंकरों और निवेशकों सहित हमारे सभी हितधारकों को एफपीओ पर पूरा भरोसा है। कंपनी एफपीओ की सफलता को आश्वस्त है।

हिंडनबर्ग की रिपोर्ट फर्जी

अडाणी ग्रुप ने कहा कि हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट दुर्भावनापूर्ण और फर्जी तरीके से बनाई गई है। यह रिपोर्ट हमारे एफपीओ को नाकाम करने के इरादे से लाई गई है। अडाणी ग्रुप की प्रमुख कंपनी अडाणी एंटरप्राइजेज के FPO को शुक्रवार को आवेदन के पहले दिन केवल एक प्रतिशत अभिदान मिला था। यह एफपीओ 31 जनवरी को बंद होगा।

2,762 रुपए पर बंद हुआ शेयर

शेयर बाजार BSE पर उपलब्ध सूचना के अनुसार अडाणी एंटरप्राइजेज लि के एफपीओ के पहले दिन 4.55 करोड़ शेयर के बदले केवल 4.7 लाख शेयरों के लिए ही बोली आई। यानी करीब एक प्रतिशत बोली ही आईं। कंपनी ने एफपीओ के लिए कीमत दायरा 3,112 से 3,276 रुपए प्रति शेयर रखा है। हालांकि, शुक्रवार को इसका शेयर बीएसई में 2,762.15 रुपए के भाव पर बंद हुआ। खुदरा निवेशकों ने चार लाख शेयरों के लिये आवेदन किए, जबकि उनके लिए 2.29 करोड़ शेयर आरक्षित हैं। पात्र संस्थागत खरीदारों की श्रेणी में 1.28 करोड़ शेयर के मुकाबले केवल 2,656 शेयर के लिए बोलियां आईं। गैर-संस्थागत निवेशकों ने 60,456 शेयर के लिए बोली लगाई, जबकि पेशकश 96.16 लाख शेयर की है। एफपीओ खुलने के पहले अडाणी एंटरप्राइजेज ने एंकर यानी बड़े निवेशकों से 5,985 करोड़ रुपए जुटाए थे।

ग्रुप पर धोखाधड़ी के आरोप

हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट में अडाणी गुप पर ‘खुले तौर पर शेयरों में गड़बड़ी और अकाउंट्स में धोखाधड़ी’ में शामिल होने का आरोप लगाया गया है। यह रिपोर्ट आने के बाद अलग-अलग कारोबारों में जुटे अडाणी ग्रुप की लिस्टेड कंपनियों के शेयरों में बड़ी गिरावट आई है।

यह भी पढ़ें गौतम अडाणी को भारी पड़ी Hindunberg Report; अरबपतियों की लिस्ट में तीसरे से सातवें नंबर पर पहुंचे

संबंधित खबरें...

Back to top button