टीवी इंडस्ट्री की अभिनेत्री चाहत खन्ना एक बार फिर चर्चा में हैं लेकिन इस बार वजह उनका कोई शो या रोल नहीं बल्कि उनकी पर्सनल लाइफ है। धर्म परिवर्तन, शादी, तलाक और लगातार होने वाली ट्रोलिंग को लेकर उन्होंने अब खुलकर बात की है। लंबे समय तक चुप रहने के बाद चाहत ने कहा है कि उन्होंने इस्लाम अपनाने का फैसला खुद लिया था और इसमें किसी का कोई दबाव नहीं था। उनके इस बयान के बाद एक बार फिर उनकी पर्सनल लाइफ सुर्खियों में आ गई है।
चाहत खन्ना ने उन सभी बातों पर खुलकर जवाब दिया जिनको लेकर उन्हें लंबे समय से ट्रोल किया जा रहा था। उन्होंने कहा कि लोग उनकी बातों को अक्सर गलत तरीके से समझ लेते हैं और आधी अधूरी बातें फैलाते हैं। चाहत ने साफ कहा कि मैंने इस्लाम अपनाया था और यह पूरी तरह मेरा खुद का फैसला था। किसी ने मुझे मजबूर नहीं किया। लेकिन लोगों ने अपनी तरफ से कहानियां बना लीं कि मुझ पर दबाव डाला जो पूरी तरह गलत है। उन्होंने बताया कि वह खुद को किसी एक धर्म तक सीमित नहीं मानतीं। उनके लिए हर धर्म बराबर है और सभी त्योहारों को खुशी से मनाती हैं।
चाहत खन्ना ने खुद को एक सेक्युलर सोच रखने वाला इंसान बताया। उन्होंने कहा कि वह हर धर्म का सम्मान करती हैं और किसी एक पहचान में खुद को बांधकर नहीं देखतीं। उनके मुताबिक मैं ईद भी उतनी ही खुशी से मनाती हूं, जितनी दिवाली। मेरे लिए आस्था एक निजी चीज है, इसे लोगों के सामने साबित करने की जरूरत नहीं होती। उनका यह बयान उन लोगों के लिए जवाब है जो उनके धर्म को लेकर सवाल उठाते रहे हैं।
उन्होंने बताया कि तलाक और उसके बाद फैली अफवाहों ने उन्हें काफी परेशान किया था। उन्होंने कहा एक समय ऐसा था जब मैं बहुत उदास और डरी हुई रहती थी। मुझे समझ नहीं आता था कि मेरे साथ क्या हो रहा है। मेरा नाम खराब किया जा रहा था और लोग तरह तरह की बातें कर रहे थे। उन्होंने बताया कि कुछ लोगों ने तो यह तक कह दिया था कि अब उन्हें इंडस्ट्री में काम नहीं मिलेगा। इन सब बातों का असर उनके आत्मविश्वास पर भी पड़ा।
चाहत खन्ना ने कहा कि समय के साथ उन्होंने खुद को संभाला और मजबूत बनाया। धीरे धीरे उन्हें जिंदगी और लोगों की समझ आने लगी। उन्होंने कहा पहले मैं खुद भी कन्फ्यूज थी लेकिन अब मैं पहले से ज्यादा मजबूत महसूस करती हूं। अब मुझे पता है कि कौन सी बातों को गंभीरता से लेना है और किन्हें नजरअंदाज करना है। उनके मुताबिक अनुभवों ने उन्हें सिखाया कि हर बात पर रिएक्शंस देना जरूरी नहीं होता।
चाहत ने कहा कि एक समय ऐसा भी था जब वह खुद को बहुत कमजोर और असमंजस में महसूस करती थीं। उन्होंने माना कि उस दौर में वह सही और गलत के बीच फर्क नहीं कर पा रही थीं। उन्होंने कहा मैं उस समय एक खोई हुई बच्ची की तरह थी। मुझे जो कहा गया मैं वही करती चली गई। लेकिन अब मैं उस दौर से बाहर आ चुकी हूं और खुद को बेहतर समझती हूं।
चाहत खन्ना की निजी जिंदगी हमेशा चर्चा में रही है। उनकी पहली शादी 2006 में भरत नरसिंघानी से हुई थी, जो ज्यादा समय तक नहीं चल सकी। इसके बाद उन्होंने 2013 में फरहान मिर्जा से दूसरी शादी की। लेकिन यह रिश्ता भी 2018 में खत्म हो गया। चाहत ने इस दौरान मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना के आरोप भी लगाए थे। इन सबके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और अपनी जिंदगी को नए सिरे से आगे बढ़ाया।
आज चाहत खन्ना अपनी दो बेटियों के साथ जिंदगी जी रही हैं और उन्हें ही अपनी सबसे बड़ी ताकत मानती हैं। वह अपने बच्चों की परवरिश पर पूरा ध्यान दे रही हैं और अपने करियर को भी संभाल रही हैं। उनका कहना है कि जिंदगी में चाहे कितनी भी मुश्किलें क्यों न आएं अगर आप खुद पर भरोसा रखें तो हर स्थिति से बाहर निकल सकते हैं।
चाहत खन्ना ने साफ किया कि धर्म एक व्यक्तिगत विषय है और इसे लेकर किसी को जज नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोगों को अधूरी जानकारी के आधार पर किसी के बारे में राय नहीं बनानी चाहिए। उनके मुताबिक हर इंसान को अपने फैसले लेने का अधिकार है और दूसरों को उसका सम्मान करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि सोशल मीडिया पर फैलने वाली हर बात सच नहीं होती और लोगों को समझदारी से चीजों को देखना चाहिए। उनके फैसले उनके अपने थे और उन्हें लेकर फैल रही गलतफहमियां सच नहीं हैं।