चुनाव में व्यस्त रहा तेलंगाना… अचानक राज्य में घुस गई आंध्र प्रदेश पुलिस, रातोंरात आधे नागार्जुन सागर बांध पर किया कब्जा; खोल दिया डैम का गेट

अमरावती। तेलंगाना में विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग के बीच आंध्र प्रदेश सरकार ने रातोंरात बड़ा खेल कर दिया। आंध्र प्रदेश में पेयजल की जरूरतों को पूरा करने के लिए गुरुवार को 400 से अधिक पुलिसकर्मी घुस आए और नागार्जुन सागर बांध का गेट खोल दिया। इससे पहले इन पुलिसकर्मियों ने बांध के 36 में से करीब आधे हिस्से (गेट) को अपने कंट्रोल में ले लिया, जिससे चुनाव में व्यस्त तेलंगाना पुलिस हैरान रह गई।
हमारे क्षेत्र में अतिक्रमण किया : नारायण रेड्डी
इंजीनियर-इन-चीफ (सिंचाई) सी. नारायण रेड्डी ने बताया कि, आंध्र प्रदेश के पास 3,000 क्यूसेक पानी छोड़ने के लिए गेट खोलने के अलावा कोई अन्य विकल्प नहीं था। उन्होंने कहा कि, दोनों राज्यों के बीच टकराव से बचने के लिए हम खुद को रोक रहे थे। लेकिन राज्य में पेयजल का संकट चरम पर पहुंच गया है। वे हमें पीने की जरूरतों के लिए समय पर पानी भी जारी नहीं करने दे रहे थे। समस्या यह है कि उन्होंने मान लिया है कि नागार्जुनसागर बांध उनके नियंत्रण में है। उन्होंने हमारे क्षेत्र में अतिक्रमण किया है।











