
भोपाल। मध्य प्रदेश के गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कांग्रेस मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी जेपी अग्रवाल के बयान पर चुटकी ली है। उन्होंने कहा कि दिल्ली वालों ने और प्रदेश प्रभारी ने कभी नहीं कहा कि कमलनाथ भावी मुख्यमंत्री होंगे पर कमलनाथ के मन से सीएम पद का मोह छूट नहीं रहा है। इसके पहले अरुण यादव, अजय सिंह राहुल भैया कह चुके हैं, दिग्विजय सिंह और लक्ष्मण सिंह भी कह चुके हैं कि मुख्यमंत्री हाईकमान तय करेगा पर कमलनाथ मानने को तैयार नहीं हैं। जेपी अग्रवाल भी जानते हैं कि सरकार भारतीय जनता पार्टी की बनेगी।
गृह मंत्री ने दिग्विजय को बाबर का हिमायती बताया
गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पर तंज कसते हुए कहा- दिग्विजय सिंह जैसे लोग सावरकर जी की बात करते हैं। बाबर के हिमायती सावरकर की बात कर रहे हैं। गजब है। जिन्होंने भगवा आतंकवाद कहा, हिंदू आतंकवाद कहा उनके समर्थक, उनके विचारक हमको अब संस्कृति समझा रहे हैं। जो अप्रत्यक्ष और प्रत्यक्ष रूप से भगवान राम पर सवाल उठाते रहे, राम जन्मभूमि के शिलान्यास पर सवाल उठाते रहे वो अब हमको संस्कृति समझा रहे हैं। जो हिंदू और हिंदुत्व पर सवाल उठाते रहे वो अब हमको संस्कृति और सभ्यता सिखा रहे हैं। वो कांग्रेस जिसने साधु-संतों पर गोलियां चलवाई वो अब हमको सनातन का पाठ पढ़ा रहे हैं। सावरकर को सनातन का पाठ दिग्विजय सिंह जैसे व्यक्ति पढ़ा रहे हैं। यह स्वाभाविक रूप से बाबर की अनुयायी है, इसलिए ऐसी बात कर रहे हैं।
‘कमलनाथ की जिले में कोई बात नहीं मानता’
मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ पर निशाना साधते हुए कहा- जैसे कमलनाथ केंद्र की कोई बात नहीं मानते, ऐसे ही कमलनाथ की जिले में कोई बात नहीं मानता। यह बाल कांग्रेस बनाने से लेकर हाथ जोड़ो अभियान और इनकी जितनी यात्राएं थीं, वो सब फ्लॉप हो गईं। अब कार्यकर्ताओं को मनाएंगे कैसे, कार्यकर्ता बचे ही नहीं हैं। अब तो खेत खाली है।
जैसे #कमलनाथ केंद्र की कोई बात नहीं मानते, ऐसे ही कमलनाथ की जिले में कोई बात नहीं मानता। यह #बाल_कांग्रेस बनाने से लेकर #हाथ_जोड़ो_अभियान और इनकी जितनी #यात्राएं थीं, वो सब फ्लॉप हो गईं। अब कार्यकर्ताओं को मनाएंगे कैसे, कार्यकर्ता बचे ही नहीं हैं। अब तो खेत खाली है :… pic.twitter.com/RMlAZ1ohnx
— Peoples Samachar (@psamachar1) March 28, 2023
पिछले 3 साल में कमलानथ ने क्या किया ?
2 अप्रैल को होने वाली कांग्रेस विधायक दल की बैठक पर मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि कमलनाथ सिर्फ बैठक ही बुला सकते हैं, पिछले 3 साल में बैठक के अलावा कमलनाथ ने क्या किया है। उम्र का तकाजा है कि वह बैठक ही बुला सकते हैं, प्रदर्शन थोड़ी न कर सकते हैं। प्रदर्शन में चले भी गए तो चल नहीं पाएंगे, कारण शारीरिक स्वास्थ्य है।
लोकसभा के अंदर कांग्रेस का चरित्र दिखा
गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि संसदीय परम्पराओं और मान्यताओं का कभी कांग्रेस ने सम्मान नहीं किया। संवैधानिक संस्थाओं और संवैधानिक पीठों का कांग्रेस ने कभी मान नहीं किया। हमेशा कांग्रेस ने अपमान करने की कोशिश की है। कल भी लोकसभा के अंदर कांग्रेस का चरित्र दिखा। सदन में काले कपड़े पहनकर आए थे तो संविधान को काला करने की कोशिश की। आसंदी की गरिमा को ठेस पहुंचाने की कोशिश की। यह अपने आपको न्याय पालिका से ऊपर मानते हैं। संविधान से ऊपर गांधी परिवार अपने आप को मानता है। गांधी परिवार चाहता है कि उनके लिए अलग से संविधान बने और मोदी जी के होते हुए यह संभव नहीं है, उनके लिए तो सभी समान हैं।
सत्ता जाते ही उद्धव को याद आए वीरसावरकर
गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि सत्ता जाते ही उद्धव को वीरसावरकर जी की याद आ गई, यह वही उद्धव ठाकरे हैं जब राहुल गांधी के साथ सरकार बनाकर सत्ता के लोभ में सावरकर जी का अपमान करते थे। अब सत्ता जाते ही सावरकर की याद आने लगी है। वैसे भी राहुल गांधी की तुलना वीरसावरकर जी से नहीं कर सकते, सावरकर जी 14 साल जेल में रहे और राहुल गांधी शुरू से ही बेल पर रहे। जेल और बेल में जो अंतर होता है वही इन दोनों में हैं।