ताजा खबरराष्ट्रीय

राजनीति से रिटायरमेंट ले रहीं सोनिया गांधी! कांग्रेस अधिवेशन में बोलीं- भारत जोड़ो यात्रा मेरी सियासी पारी का आखिरी पड़ाव…

रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायपुर में चल रहे कांग्रेस के 85वें अधिवेशन में शनिवार को कांग्रेस सांसद सोनिया गांधी ने राजनीति से संन्यास लेने की ओर इशारा किया है। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि, “2004 और 2009 में हमारी जीत के साथ-साथ डॉ. मनमोहन सिंह के कुशल नेतृत्व ने मुझे व्यक्तिगत संतुष्टि दी, लेकिन मुझे सबसे ज्यादा खुशी इस बात की है कि मेरी पारी भारत जोड़ो यात्रा के साथ समाप्त हो सकती है, जो कांग्रेस के लिए एक महत्वपूर्ण मोड़ साबित हुई।”

आज देश के लिए चुनौती भरा समय: सोनिया गांधी

कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने रायपुर के कांग्रेस अधिवेशन में बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा कि, सरकार संवैधानिक मूल्यों को कुचल रही है और संवैधानिक संस्थाओं पर RSS-BJP का कब्जा है। बीजेपी-आरएसएस ने कुछ व्यापारियों का पक्ष लेकर आर्थिक तबाही मचाई है। आज देश और कांग्रेस के लिए चुनौती भरा समय है।

सोनिया गांधी ने कहा कि, कांग्रेस ने लोकतंत्र को मजबूत किया। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के नेतृत्व में हमने एक अच्छी सरकार दी थी। बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि, आज दलितों, अल्पसंख्यकों, महिलाओं के साथ अत्याचार हो रहा है और सरकार कुछ उद्योगपतियों का साथ दे रही है।

हम लोगों के सपने पूरे करते हैं: सोनिया गांधी

सोनिया गांधी ने कहा कि, कांग्रेस एक राजनीतिक पार्टी ही नहीं बल्कि हम एक वाहन है जिसके द्वारा लोग समानता, स्वतंत्रता और न्याय के लिए लड़ते हैं। हम लोगों की आवाज को आगे बढ़ाते हैं, लोगों के सपने पूरे करते हैं। हमारा रास्ता आसान नहीं है लेकिन हम जरूर जीतेंगे। पार्टी की जीत ही देश की जीत होगी और मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में हम कामयाब होंगे।

बीजेपी सरकार का डीएनए गरीब विरोधी: खड़गे

सोनिया गांधी से पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने अधिवेशन को संबोधित करते हुए कहा कि, भारत सबसे कठिन दौर से गुज़र रहा है। आज देश को नए आंदोलन की जरूरत है। ‘सेवा, संघर्ष और बलिदान सबसे पहले हिंदुस्तान’, ये हमारा नारा होगा।

संबंधित खबरें...

Back to top button