
छिंदवाड़ा। जिले की हर्रई ब्लॉक की ग्राम पंचायत सूखापुरा के पटी गांव में रविवार को एक हादसा हो गया। यहां मिट्टी में दबने से एक 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। जबकि, नीचे काम कर रहे दो अन्य मजदूर बुरी तरह से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ये हादसा अमृत तालाब सरोवर निर्माण के दौरान हुआ है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
तालाब निर्माण का चल रहा था कार्य
जानकारी के मुताबिक, पटी गांव में मनरेगा योजना के अंतर्गत अमृत सरोवर तालाब निर्माण का कार्य चल रहा था। इस दौरान निर्माण के लिए मिट्टी खोद रहे 15 वर्षीय सुनील युवनाती मिट्टी धंसने से नीचे दब गया। उसके साथ काम कर रहे गोविंद और बालक राम धुर्वे बुरी तरह से घायल हो गए। मिट्टी में दबने से एक 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल दो लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
बच्चे से मजदूरी करा रहा था सचिव
अमृत सरोवर तालाब कार्य में इंजीनियर, सरपंच और सचिव की बड़ी लापरवाही सामने आई है। वहीं इस हादसे का जिम्मेदार सचिव को माना जा रहा है, जो कि नाबालिग बच्चे से काम करा रहा था। फिलहाल, पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को विवेचना में लिया है।
परिजनों ने की मुआवजे की मांग
गांव में हुए इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव में हड़कम मच गया। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा बनाया है। साथ ही घटनास्थल पर मौजूद अन्य मजदूरों के बयान लिए जा रहे हैं।