राष्ट्रीयव्यापार जगत

हिंडनबर्ग की रिपोर्ट से सवालों में अडाणी ग्रुप, दो दिन में 4.17 लाख करोड़ रुपए घटा एम कैप, जानें क्या हैं आरोप?

नई दिल्ली। अमेरिकी फाइनेंशियल रिसर्च कंपनी हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट के बाद अडाणी ग्रुप के शेयरों में शुक्रवार को 20 फीसदी तक की गिरावट आई। इसकी वजह से लिस्टेड कंपनियों का जॉइंट मार्केट कैप 4.17 लाख करोड़ रुपए कम हो गया। मार्केट में गिरावट के बीच गौतम अडाणी (Gautam Adani) की संपत्ति में 45 हजार करोड़ रुपए तक की कमी हो गई। 24 जनवरी को यह रिपोर्ट आने के बाद लगातार दो कारोबारी दिनों से अडाणी ग्रुप के शेयर टूट रहे हैं।

शेयरों में गड़बड़ी, खातों में धोखाधड़ी का आरोप

इस रिपोर्ट में गौतम अडाणी की अगुआई वाले ग्रुप पर खुले तौर पर शेयरों में गड़बड़ी और अकाउंट्स में धोखाधड़ी’ में शामिल होने का आरोप लगाया गया है। हिंडनबर्ग का दावा है कि उसने अडाणी ग्रुप से 88 सवाल पूछ हैं, लेकिन ग्रुप ने एक का भी जवाब नहीं दिया। उधर, रिपोर्ट सार्वजनिक होने के बाद दो दिनों में अडाणी समूह की कंपनियों का मार्केट कैप 4,17,824.79 करोड़ रुपए कम हो गया।

ग्रुप पर यह आरोप

हिंडनबर्ग रिसर्च ने अडाणी ग्रुप पर आरोप लगाए हैं कि गौतम अडाणी के छोटे भाई राजेश अडाणी को ग्रुप का एमडी क्यों बनाया गया है? उनके ऊपर कस्टम टैक्स चोरी, फर्जी इंपोर्ट डॉक्यूमेंटेशन और अवैध कोयले का इंपोर्ट करने का आरोप है। हिंडनबर्ग ने पूछा है कि गौतम अडानी के बहनोई समीरो वोरा का नाम डायमंड ट्रेडिंग स्कैम में आने के बाद भी अडानी ऑस्ट्रेलिया डिवीजन का एक्जक्यूटिव डॉयेरक्टर क्यों बनाया गया है? रिपोर्ट के मुताबिक अडाणी ग्रुप ने किसी भी सवाल का जवाब नहीं दिया है।

रिपोर्ट के मुख्य बिंदु

  • अडाणी ने शेयर चढ़ाने के लिए अपना ही पैसा विदेशी रूट से निवेश किया।
  • पैसा गलत तरीके से बाहर भेजा, कारोबार बढ़ा-चढ़ाकर दिखाया।
  • परिवार के कई सदस्य जांच के घेरे में रहे, विवादों से जुड़ाव।
  • 8 साल में 4 CFO ने इस्तीफा दिया, वजह खातों में गड़बड़ी।

अडाणी ग्रुप की कंपनियों के मार्केट कैप शेयरों में कितनी कमी

कंपनी एम कैप में गिरावट शेयर में गिरावट (%)
अडाणी टोटल गैस 1,04,580.93 करोड़ रुपए 20%
अडाणी ट्रांसमिशन 83,265.95 करोड़ रुपए 19.9%
अडाणी एंटरप्राइजेज 77,588.47 करोड़ रुपए 18.52%
अडाणी ग्रीन एनर्जी 67,962.91 करोड़ रुपए 19.99%
अडाणी पोर्ट्स 35,048.25 करोड़ रुपए 16.03%
अंबुजा सीमेंट्स 23,311.47 करोड़ रुपए 17.16%
अडाणी पॉवर 10,317.31 करोड़ रुपए 5%
एसीसी 8,490.8 करोड़ रुपए 13.04%
अडाणी विल्मर 7,258.7 करोड़ रुपए 5%

कानूनी विकल्पों पर गौर कर रहे : अडणी ग्रुप

अडाणी ग्रुप ने कहा कि हम अपनी प्रमुख कंपनके शेयर बिक्री को नुकसान पहुंचाने के प्रयास के तहत बिना सोचे-विचारे काम करने के लिए अमेरिकी वित्तीय शोध कंपनी हिंडनबर्ग रिसर्च के खिलाफ कानूनी विकल्पों पर गौर कर रहे हैं। अडाणी ग्रुप ने कहा कि जो आरोप लगाए गए हैं, वह कोर्ट से पहले ही खारिज हो चुके हैं। कंपनी के कानूनी मामलों के प्रमुख जतिन जलुंधवाला ने कहा- हिंडनबर्ग रिसर्च ने गलत इरादे से बिना किसी शोध और पूरी जानकारी के ग्रुप के खिलाफ 24 जनवरी, 2023 को रिपोर्ट प्रकाशित की। इससे अडाणी समूह के शेयरधारकों और निवेशकों पर बुरा प्रभाव पड़ा है। भारतीय शेयर बाजार में रिपोर्ट के जरिये जो उतार-चढ़ाव आया, वह काफी चिंता की बात है। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट और उसकी निराधार बातें अडाणी समूह की कंपनियों के शेयरों की कीमतों को नुकसान पहुंचाने के लिए तैयार की गई हैं।