
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए जम्मू-कश्मीर रोजगार मेले को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि, आज राज्य के युवाओं के लिए बहुत महत्वपूर्ण दिन है। जम्मू-कश्मीर में 20 अलग-अलग जगहों पर 3 हजार युवाओं को सरकार में काम करने के लिए नियुक्ति पत्र सौंपे जा रहे हैं। आज जो नौजवान सरकारी सेवाओं में आ रहे हैं, उन्हें पारदर्शिता को अपनी प्राथमिकता बनाना है।
जम्मू-कश्मीर में मजबूत हुआ टूरिज्म सेक्टर
पीएम मोदी ने कहा, ‘जम्मू-कश्मीर में जिस तरह इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास हो रहा है, कनेक्टिविटी बढ़ रही है। उसने टूरिज्म सेक्टर को भी मजबूत किया है। जम्मू-कश्मीर के लोगों ने हमेशा ट्रांसपेरेंसी पर बल दिया है, ट्रांसपेरेंसी को सराहा है। आज जो नौजवान सरकारी सेवाओं में आ रहे हैं, उन्हें ट्रांसपेरेंसी को अपनी प्राथमिकता बनाना है।’
जम्मू-कश्मीर हर हिंदुस्तानी का गौरव
पीएम मोदी ने कहा कि, आने वाले दिनों में दूसरे अन्य विभागों में भी 700 से ज्यादा नियुक्ति पत्र देने की तैयारी जोरों पर है। 21वीं सदी का यह दशक जम्मू-कश्मीर के इतिहास का सबसे अहम दशक है। अब समय पुरानी चुनौतियों को पीछे छोड़कर नई संभावनाओं का लाभ उठाने का है। यह हमारे युवा ही हैं जो जम्मू कश्मीर में विकास की नई गाथा लिखेंगे। ‘जम्मू-कश्मीर हर हिंदुस्तानी का गौरव है। हमें मिलकर जम्मू-कश्मीर को नई ऊंचाई पर ले जाना है।
जेपी नड्डा ने पीएम के विजन के बारे में बताया
भाजपा प्रमुख जेपी नड्डा ने रोजगार मेले में पीएम के विजन के बारे में बताया है। उन्होंने कहा कि पीएम 2047 तक भारत को पूर्ण विकसित राष्ट्र बनाने चाहते हैं। नड्डा ने कहा कि भारत पहले रक्षा उत्पादों का आयातक हुआ करता था लेकिन अब निर्यातक बन गया है और दुनिया में डिजिटल लेनदेन में भारत का योगदान 40 फीसद है। ये सब पीएम की दूरदर्शिता का ही परिणाम है।