लगातार 3 मैचों में 109 रन! कोहली-रुतुराज को पीछे छोड़ इस बल्लेबाज ने मारी बाजी, लिस्ट ए में बना नंबर-1

लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे बेहतरीन बल्लेबाजी औसत को लेकर बड़ा बदलाव हुआ है। इंग्लैंड के बल्लेबाज जैक लिबी ने भारतीय बल्लेबाज रुतुराज गायकवाड़ को पीछे छोड़कर नंबर-1 स्थान हासिल कर लिया है। लिबी के शानदार प्रदर्शन के बाद अब रुतुराज दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। वहीं, भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली इस खास सूची में पांचवें स्थान पर हैं।
लगातार तीसरे मैच में जड़े 109 रन
जैक लिबी इन दिनों जबरदस्त फॉर्म में चल रहे हैं। शुक्रवार को ससेक्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में उन्होंने नाबाद 109 रन की शानदार पारी खेली। खास बात यह रही कि यह लगातार तीसरा मैच था, जिसमें लिबी ने 109 रन बनाए। इससे पहले उन्होंने एसेक्स और मिडिलसेक्स के खिलाफ भी 109-109 रन की पारियां खेली थीं। लगातार तीन मैचों में एक जैसा स्कोर बनाना उनकी शानदार बल्लेबाजी का सबूत है। इस प्रदर्शन का फायदा उन्हें लिस्ट ए के रिकॉर्ड में भी मिला और वह सबसे ज्यादा बल्लेबाजी औसत वाले खिलाड़ियों की सूची में पहले स्थान पर पहुंच गए।
ये भी पढ़ें: लियोनेल मेसी के पिता जॉर्ज मेसी का 68 साल की उम्र में निधन, बेटे को 13 साल की उम्र में पहुंचाया था बार्सिलोना
61.4 का बल्लेबाजी औसत
33 साल के जैक लिबी ने साल 2019 में अपना पहला लिस्ट ए मुकाबला खेला था। अब तक वह 56 मैचों की 53 पारियों में 2,456 रन बना चुके हैं। इस दौरान वह 13 बार नाबाद रहे हैं। लिबी के नाम लिस्ट ए क्रिकेट में 6 शतक और 18 अर्धशतक हैं। उनका सबसे बड़ा स्कोर 126 रन है। खास बात यह है कि शानदार आंकड़ों के बावजूद उन्होंने अभी तक इंग्लैंड के लिए कोई अंतरराष्ट्रीय मुकाबला नहीं खेला है। लिबी का मौजूदा बल्लेबाजी औसत 61.4 है, जिसकी वजह से वह इस सूची में सबसे ऊपर पहुंच गए हैं।
रुतुराज गायकवाड़ दूसरे नंबर पर
जैक लिबी के नंबर-1 बनने के बाद रुतुराज गायकवाड़ अब दूसरे स्थान पर आ गए हैं। महाराष्ट्र के लिए घरेलू क्रिकेट खेलने वाले रुतुराज ने 2017 में लिस्ट ए क्रिकेट में डेब्यू किया था। उन्होंने अब तक 104 मैचों में 5,334 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 21 शतक और 20 अर्धशतक निकले हैं। रुतुराज का बल्लेबाजी औसत 58.61 है। लिस्ट ए क्रिकेट में रुतुराज का प्रदर्शन लंबे समय से शानदार रहा है, लेकिन लिबी की हालिया पारियों ने उन्हें इस खास रिकॉर्ड में पीछे कर दिया।
ये भी पढ़ें: श्रीलंका दौरे से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका, स्टार बल्लेबाज साई सुदर्शन टेस्ट सीरीज से बाहर
विराट कोहली पांचवें नंबर पर
इस सूची में इंग्लैंड के सैम हेन 58.18 के औसत के साथ तीसरे नंबर पर हैं। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज माइकल बेवन 57.86 के औसत के साथ चौथे स्थान पर हैं। वहीं, विराट कोहली 57.8 के बल्लेबाजी औसत के साथ पांचवें नंबर पर हैं। कोहली ने लिस्ट ए क्रिकेट में 350 मैच खेले हैं और उनके नाम 16,591 रन दर्ज हैं। उनका सबसे बड़ा स्कोर 183 रन है। इस तरह लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे ज्यादा बल्लेबाजी औसत के मामले में अब जैक लिबी सबसे आगे हैं। रुतुराज गायकवाड़ दूसरे और विराट कोहली पांचवें स्थान पर हैं।












