Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Sonam Wangchuk:सोनम वांगचुक को दोबारा जंतर-मंतर भेजने की मांग, सुप्रीम कोर्ट में दाखिल हुई पत्र याचिका

दिल्ली के जंतर-मंतर पर 20 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को दिल्ली पुलिस द्वारा सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल की ओर से जारी बयान के मुताबिक, उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है और शरीर के जरूरी पैरामीटर सामान्य करने के लिए इलाज जारी है।
सोनम वांगचुक को दोबारा जंतर-मंतर भेजने की मांग, सुप्रीम कोर्ट में दाखिल हुई पत्र याचिका
लंबे समय से भूख हड़ताल पर बैठे सोनम वांगचुक अभी भी दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में हैं।

Live Updates

02:30 PM 18/07/26

सुप्रीम कोर्ट पहुंचा सोनम वांगचुक का मामला

सोनम वांगचुक को लेकर सुप्रीम कोर्ट में एक पत्र याचिका दायर की गई है। याचिका में मांग की गई है कि उन्हें दोबारा दिल्ली के जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण तरीके से अपना आंदोलन और भूख हड़ताल जारी रखने की अनुमति दी जाए।

01:40 PM 18/07/26

अभिजीत दीपके पर महिला ने फेंकी स्याही

दिल्ली के जंतर-मंतर पर भूख हड़ताल पर बैठे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके पर एक महिला ने कथित तौर पर स्याही फेंक दी। घटना के बाद प्रदर्शन स्थल पर कुछ देर के लिए हंगामे और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मौके पर मौजूद लोगों ने महिला को रोकने की कोशिश की, जबकि सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि महिला ने यह कदम क्यों उठाया। मामले को लेकर पुलिस आगे की जांच कर रही है।

 

01:30 PM 18/07/26

सोनम वांगचुक को दूसरे अस्पताल में शिफ्ट करने की मांग

सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि डी. आंगमो ने सफदरजंग अस्पताल के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट को पत्र लिखकर उन्हें किसी दूसरे अस्पताल में स्थानांतरित करने की मांग की है। अपने पत्र में उन्होंने कहा कि शनिवार सुबह अस्पताल की मेडिकल टीम ने जानकारी दी कि सोनम वांगचुक के शरीर में पोटैशियम का स्तर घटकर 2.9 रह गया है, जबकि 17 जुलाई की शाम 4:16 बजे हुई जांच में यह 4.3 था। पोटैशियम स्तर में अचानक आई इस गिरावट पर चिंता जताते हुए उन्होंने स्वतंत्र चिकित्सा निगरानी सुनिश्चित करने के लिए सोनम वांगचुक को दूसरे अस्पताल में शिफ्ट करने की मांग की है।

01:00 PM 18/07/26

सोनम की पत्नी-  मेडिकल रिपोर्ट नहीं दिखाई

सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि आंगमो ने अस्पताल में प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर से अस्पताल लाए जाने की जानकारी न तो उन्हें दी गई और न ही परिवार को। उन्होंने बताया कि शुक्रवार शाम ही सफदरजंग अस्पताल के डॉक्टरों ने सोनम की जांच की थी और उस समय उनके सभी जरूरी स्वास्थ्य मानक (वाइटल्स) सामान्य थे। हालांकि अब अस्पताल की ओर से कहा जा रहा है कि उनके शरीर में पोटैशियम का स्तर कम हो गया है और उनकी जान को खतरा है। गीतांजलि ने आरोप लगाया कि मेडिकल रिपोर्ट दिखाने की मांग के बावजूद उन्हें रिपोर्ट उपलब्ध नहीं कराई जा रही है।

Twitter Post

उन्होंने यह भी कहा कि यदि सोनम वांगचुक सोमवार को प्रस्तावित मार्च में शामिल नहीं हो पाते हैं, तो वह स्वयं उनकी ओर से मार्च का नेतृत्व करेंगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सोनम को अस्पताल लाए जाने से आंदोलन नहीं रुकेगा और तय कार्यक्रम के अनुसार मार्च निकाला जाएगा।

12:30 PM 18/07/26

प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगी सोनम वांगचुक की पत्नी

जानकारी के अनुसार, सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि जे. आंगमो अस्पताल परिसर में प्रेस वार्ता करेंगी और सोनम वांगचुक की स्वास्थ्य स्थिति के साथ-साथ उन्हें अस्पताल लाए जाने की पूरी घटना पर परिवार का पक्ष रखेंगी। उनकी प्रेस वार्ता पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं, क्योंकि इससे मामले को लेकर नई जानकारी सामने आ सकती है।

11:15 AM 18/07/26

कड़ी सुरक्षा घेरे में सोनम वांगचुक

सफदरजंग अस्पताल में भर्ती सोनम वांगचुक को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रखा गया है। जिस अस्पताल कक्ष में उनका इलाज चल रहा है, वहां सुरक्षा बढ़ा दी गई है और कमरे के अंदर मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति भी नहीं है। अस्पताल प्रशासन और पुलिस की ओर से अभी तक उनकी मेडिकल रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की गई है। हालांकि, सोनम वांगचुक के वकील और निजी डॉक्टरों को उनसे मिलने की अनुमति दे दी गई है।

10:45 AM 18/07/26

अस्पताल ने जारी किया हेल्थ अपडेट

अस्पताल की ओर से जारी बयान के मुताबिक, उन्हें आज सुबह 7:40 बजे इलाज के लिए अस्पताल लाया गया। लंबे समय से जारी भूख हड़ताल के कारण उनके शरीर में पानी की कमी (डिहाइड्रेशन) हो गई है, जिससे वह काफी कमजोर हो गए हैं। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है और शरीर के जरूरी पैरामीटर सामान्य करने के लिए इलाज जारी है।

10:30 AM 18/07/26

इतना अहंकार ठीक नहीं- अरविंद केजरीवाल

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने इस कार्रवाई पर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि इतना अहंकार ठीक नहीं है। सरकार को सोनम वांगचुक से बातचीत करनी चाहिए थी। उन्होंने आरोप लगाया कि आंदोलन को दबाने की बजाय देश की शिक्षा और परीक्षा व्यवस्था में सुधार पर ध्यान देना चाहिए। केजरीवाल ने कहा कि सोनम वांगचुक के साथ की गई जबरदस्ती मोदी सरकार की हार को दिखाती है।

Twitter Post

10:15 AM 18/07/26

अभिजीत दीपके फूट-फूटकर रोए

/img/99/1784352241106

 प्रदर्शन के दौरान कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके भावुक हो गए। सोनम वांगचुक को दिल्ली पुलिस द्वारा प्रदर्शन स्थल से हटाए जाने के बाद अभिजीत दीपके की आंखों से आंसू छलक पड़े।

09:45 AM 18/07/26

'अब मैं भूख हड़ताल पर हूं'... अभिजीत दीपके का  ऐलान

Twitter Post

सोनम वांगचुक को सफदरजंग अस्पताल ले जाए जाने के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रमुख अभिजीत दीपके ने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करने का ऐलान किया है। दीपके ने कहा, "मैं अभी से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर रहा हूं।" उनका कहना है कि वांगचुक को अस्पताल ले जाने के बावजूद आंदोलन जारी रहेगा और उनकी मांगें पूरी होने तक विरोध जारी रहेगा।

09:20 AM 18/07/26

सोनम वांगचुक की पत्नी-  सहमति के बिना न दी जाए कोई दवा

सफदरजंग अस्पताल में भर्ती सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि जे. आंगमो ने कहा कि वह अस्पताल में मौजूद हैं। उन्होंने कहा की कि उनकी, परिवार की और पिछले 20 दिनों से वांगचुक की सेहत पर नजर रख रहे डॉक्टरों की सहमति के बिना सोनम वांगचुक को न तो मुंह से कुछ दिया जाए और न ही नस (इंट्रावीनस) के जरिए कोई दवा या तरल पदार्थ दिया जाए।

Twitter Post

 

09:00 AM 18/07/26

सोनम वांगचुक की हेल्थ रिपोर्ट जल्द होगी सार्वजनिक

सूत्रों के अनुसार, अस्पताल प्रशासन ने बताया है कि सोनम वांगचुक की स्वास्थ्य स्थिति को लेकर थोड़ी देर में आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन जारी किया जाएगा, जिसमें उनकी सेहत से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।

08:58 AM 18/07/26

सोनम वांगचुक के समर्थन में उतरीं डिंपल यादव

समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने सोनम वांगचुक के समर्थन में सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा कि सोनम वांगचुक जी को जबरन हटाना सिर्फ एक कार्रवाई नहीं, बल्कि लोकतंत्र और संविधान को कुचलना है। भाजपा सरकार को अब शांतिपूर्ण विरोध भी बर्दाश्त नहीं, यह तानाशाही है। डिंपल यादव ने आगे कहा कि जब शांतिपूर्ण आवाजों को दबाया जाता है, तो संविधान और लोकतंत्र भी आहत होते हैं। सोनम वांगचुक जैसे लोगों की आवाज़ दबाना, देश की आत्मा को दबाना है।

Twitter Pos
Twitter Post

 

08:51 AM 18/07/26

दीपके का सरकार को खुला चैलेंज, बोले- आंदोलन जारी रहेगा

अभिजीत दीपके ने कहा कि अगर सरकार को लगता है कि सोनम वांगचुक को हटाने से आंदोलन खत्म हो जाएगा, तो यह उसकी भूल है। उन्होंने कहा, "हम यहीं डटे रहेंगे और 20 जुलाई को संसद मार्च जरूर करेंगे।" दीपके ने आगे कहा कि अब तक उनकी मांग केवल केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की थी, लेकिन इस घटना के बाद वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस्तीफे की भी मांग करेंगे। यह बयान अभिजीत दीपके का दावा है।

Twitter Post

 

08:47 AM 18/07/26

भूख हड़ताल पर बैठीं नेहा ने बोलीं- पुलिस वांगचुक को जबरदस्ती ले गई

08:37 AM 18/07/26

सोनम वांगचुक को नई दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया है। सूत्रों के अनुसार, उन्हें अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती किया गया है। बताया जा रहा है कि सोनम वांगचुक पूरी तरह होश में हैं और उनकी वाइटल्स (ब्लड प्रेशर, पल्स और अन्य जरूरी स्वास्थ्य संकेत) फिलहाल स्थिर हैं। डॉक्टरों की टीम उनकी लगातार निगरानी कर रही है। इससे पहले दिल्ली पुलिस ने जानकारी दी थी कि दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश और वांगचुक की बिगड़ती सेहत को देखते हुए उन्हें जरूरी मेडिकल केयर के लिए जंतर-मंतर से अस्पताल शिफ्ट किया गया। अस्पताल में उनका इलाज जारी है।

08:30 AM 18/07/26

अभिजीत दीपके का बड़ा आरोप

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने आरोप लगाया कि सुबह करीब 7 बजे दिल्ली पुलिस जंतर-मंतर पहुंची और 20 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे सोनम वांगचुक को जबरन उठाकर ले गई। उन्होंने दावा किया कि पुलिस ने वांगचुक के साथ अभद्रता की और उनके साथ भी मारपीट की। दीपके ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए, हालांकि दिल्ली पुलिस ने इन आरोपों पर फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है।

Twitter Post

08:20 AM 18/07/26

दिल्ली पुलिस ने क्या कहा?

नई दिल्ली के डीसीपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी देते हुए कहा कि दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश के अनुसार सोनम वांगचुक की बिगड़ती सेहत को देखते हुए उन्हें जरूरी मेडिकल केयर के लिए अस्पताल ले जाया गया।

Twitter Post

पुलिस ने बताया कि कुछ प्रदर्शनकारियों ने कार्रवाई के दौरान विरोध करने की कोशिश की, जिससे हल्का हंगामा हुआ। हालांकि, पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से और सुरक्षा के साथ पूरी की गई। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से जंतर-मंतर का धरना स्थल शांतिपूर्वक खाली करने की भी अपील की है।

08:10 AM 18/07/26

प्रदर्शनकारियों ने लगाए पुलिस पर आरोप

धरना स्थल पर मौजूद एक प्रदर्शनकारी ने दावा किया कि सुबह करीब 10 लोग मेडिकल टीम बनकर अंदर आए। शुरुआत में उन्हें डॉक्टर बताया गया, लेकिन उनके व्यवहार से प्रदर्शनकारियों को शक हो गया कि वे पुलिसकर्मी हैं।

Twitter Post

प्रदर्शनकारी के अनुसार, सभी लोग सादे कपड़ों में थे। उन्होंने स्वयंसेवकों को एक तरफ हटने के लिए कहा और बताया कि हाईकोर्ट के आदेश के तहत सोनम वांगचुक को अपने साथ ले जाना होगा। प्रदर्शनकारियों ने उनसे कुछ देर इंतजार करने की अपील की, लेकिन पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी।

नई दिल्ली। पर्यावरण कार्यकर्ता और सामाजिक चिंतक सोनम वांगचुक को शनिवार सुबह दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर से अस्पताल पहुंचाया। वांगचुक पिछले 20 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे थे और लगातार अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे थे। उनकी खराब होती सेहत को देखते हुए यह कदम उठाया गया। जंतर-मंतर पर अचानक बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी पहुंचे। इसके बाद वहां मौजूद प्रदर्शनकारियों और समर्थकों को हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई। पुलिस की कार्रवाई के दौरान कुछ समय के लिए अफरातफरी का माहौल भी देखने को मिला। मौके पर मौजूद लोगों ने इसका विरोध किया, लेकिन पुलिस ने पूरे इलाके को खाली करा दिया।

लगातार गिर रही थी सोनम वांगचुक की सेहत

जानकारी के मुताबिक, लंबे समय से चल रहे अनशन के कारण सोनम वांगचुक की तबीयत लगातार खराब हो रही थी। डॉक्टरों की निगरानी में उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर नजर रखी जा रही थी। बताया जा रहा है कि अनशन के दौरान उनका 9 किलो से अधिक वजन कम हो चुका था, जिससे स्वास्थ्य संबंधी चिंताएं बढ़ गई थीं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि इतने लंबे समय तक भोजन न लेने से शरीर पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है। इसी वजह से प्रशासन और पुलिस उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए थे।

Twitter Post
Twitter Post

3 इडियट्स पर बोले आमिर खान: सोनम वांगचुक पर आधारित नहीं थी फिल्म, अनशन को लेकर भी जताई चिंता

Twitter Post

जंतर-मंतर से हटाए गए प्रदर्शनकारी

पुलिस ने सोनम वांगचुक के साथ मौजूद अन्य प्रदर्शनकारियों को भी जंतर-मंतर से हटा दिया। इसके बाद पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई। पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं को देखते हुए यह कार्रवाई की गई है। हालांकि, आंदोलन से जुड़े लोगों का कहना है कि उनकी मांगें अभी भी पूरी नहीं हुई हैं और वे अपनी आवाज उठाना जारी रखेंगे। इस कार्रवाई के बाद अब सभी की नजरें सरकार और आंदोलनकारियों के अगले कदम पर टिकी हुई हैं।

'सफेद चादर का कफन लेकर आई BJP...' सोनम वागंचुक को जंतर-मंतर से हटाने पर डिंपल यादव ने सरकार को घेरा, बोलीं- यह तानाशाही है

अभिजीत दीपके के हिरासत में होने का दावा

प्रदर्शनकारियों ने यह भी दावा किया कि कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके उस समय शौचालय गए हुए थे। उनका आरोप है कि पुलिस ने उन्हें भी हिरासत में ले लिया है। फिलहाल उनका फोन भी बंद बताया जा रहा है। हालांकि, पुलिस की ओर से इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

20 दिन के अनशन के बाद अचानक सोनम वांगचुक को ले गई दिल्ली पुलिस, विशाल ददलानी का फूटा गुस्सा- 'कभी ऐसी कायरता देखी है?'

वीडियो में बोले वांगचुक- 'मैं अभी जिंदा हूं'

अस्पताल ले जाने से पहले शुक्रवार देर रात सोनम वांगचुक ने एक वीडियो जारी किया। इसमें उन्होंने कहा, मैं अभी जिंदा हूं। मेरा करीब 20 प्रतिशत शरीर खत्म हो चुका है। पहले शरीर की चर्बी खत्म होती है, फिर मांसपेशियां और उसके बाद दिमाग प्रभावित होता है। लेकिन अभी वह स्थिति नहीं आई है। इससे पहले भी वांगचुक ने कहा था कि 20 जुलाई को संसद मार्च हर हाल में होगा और वह उसमें शामिल होने की कोशिश करेंगे। उन्होंने भावुक अंदाज में कहा था, अगर मैं नहीं रहा तो भी भूत बनकर वापस आऊंगा।

28 जून से अनशन पर बैठे सोनम वांगचुक

 शिक्षा सुधार की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे सोनम वांगचुक ने 28 जून 2026 को दिल्ली के जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की थी। उनका कहना था कि यह आंदोलन शिक्षा व्यवस्था में सुधार, कथित परीक्षा अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच और अपनी अन्य मांगों को लेकर किया जा रहा है। लगातार कई दिनों तक बिना भोजन के अनशन पर बैठे रहने के कारण उनकी तबीयत धीरे-धीरे बिगड़ने लगी।

Garima Vishwakarma
By Garima Vishwakarma

गरिमा विश्वकर्मा | People’s Institute of Media Studies से B.Sc. Electronic Media की डिग्री | पत्रकार...Read More

Latest Posts