ताजा खबरभोपालमध्य प्रदेश

ड्राई फ्रूट्स की मिठाई, मिलेट से बनी कुकीज और आईस्क्रीम का लुत्फ उठा रहे लोग

बिट्टन मार्केट ग्राउंड पर तीन दिवसीय मिलेट्स एवं स्वास्थ्य एक्सपो का आयोजन

‘सही भोजन, बेहतर जीवन’ के ध्येय वाक्य के साथ भोजपाल मित्र परिषद द्वारा बिट्टन मार्केट मैदान पर तीन दिवसीय मिलेट्स एवं स्वास्थ्य एक्सपो का आयोजन किया जा रहा है। यह एक्सपो 10 मार्च तक चलेगा। इस एक्सपो में मिलेट्स (मोटे अनाज) और उनसे बने विभिन्न व्यंजनों के स्टॉल लगाए गए हैं। इसके माध्यम से लोगों के लिए सुरक्षित, स्वस्थ और टिकाऊ भोजन सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। इस एक्सपो में मोटे अनाज को लेकर जागरूक करने के साथ ही इनके औषधीय गुण के बारे में जानकारी दी जा रही है। इसके साथ ही मिलेट्स से बने कुकीज, पोहा, सेवइयां, उपमा, आईस्क्रीम, ड्राई फ्रूृट की मिठाई, केले के चिप्स सहित अन्य व्यंजनों के स्टॉल लगाए गए हैं। वहीं छत्तीसगढ़ के कृष्ण मोहन मिलेट्स भोजन बनाने की विधि और उपयोगिता के बारे में जानकारी दे रहे है। इसके अलावा स्वास्थ्य को लेकर योग, मेडिटेशन, जुंबा, मोटिवेशनल स्पीच आदि के प्रबंध को भी एक्सपो में शामिल किया गया है।

मिलेट्स का भोजन बनाने का प्रशिक्षण देते हैं कृष्ण मोहन

छत्तीसगढ़ के रायपुर के कृष्ण मोहन मिलेट्स का भोजन बनाने का प्रशिक्षण देते हैं। उन्होंने बताया कि उनका उद्देश्य हर घर की हर थाली में श्रीअन्न यानी मिलेट्स को पहुंचाना है। उन्होंने अपनी पत्नी के साथ मिलकर इसे शुरू किया था। वह देशभर में अलग-अलग जगहों पर जाकर लोगों को मिलेट्स के स्वादपूर्ण भोजन बनाने के बारे में प्रशिक्षण देते हैं। वह कई प्रदेशों में लोगों को प्रशिक्षण दे चुके हैं।

प्रतिभा तिवारी ने बनाई मिलेट्स की आईस्क्रीम

प्रतिभा तिवारी ने एक्सपो में मिलेट्स की आईस्क्रीम का स्टॉल लगाया है। उन्होंने बताया कि करीब डेढ़ साल पहले बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान रखते हुए रागी और कोदो को मिक्स कर आईस्क्रीम बनाई थी। उन्होंने नई दिल्ली में आयोजित श्रीअन्न कार्यक्रम में भी उन्होंने इसका स्टॉल लगाया था और इसी कार्यक्रम में इसे लांच किया था। आईस्क्रीम के अलावा मिलेट्स की अन्य सामग्री भी उनके स्टॉल पर उपलब्ध है।

रागी, कोदो से बने कुकीज

एक्सपो में होटल प्रबंध खानपान प्रौद्योगिकी एवं पोषण आहार संस्थान ने भी स्टॉल लगाया है। उन्होंने रागी कुकीज, कोदो कुकीज, मल्टी मिलेट कुकीज, केक आदि व्यंजनों को शामिल किया है। वहीं यश बागड़िया ने नूडल्स, ज्वार का पोहा, उपमा आदि मिलेट्स से बने व्यंजन का स्टॉल लगाया है। हेमलता चौबे ने मोटे अनाज के साथ ही कोदो पोहा, सेवाइयों का स्टाल लगाया है। रेवती ने ड्राई फ्रूट, गुलकंद से बने लड्डू, मिठाइयों का स्टॉल लगाया है।

संबंधित खबरें...

Back to top button