ताजा खबरभोपालमध्य प्रदेश

राहुल ने अहंकार में OBC को अपशब्द कहे, माफी भी नहीं मांग रहे, ये तो चोरी और सीनाजोरी : शिवराज

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को सीएम हाउस में आयोजित पत्रकार वार्ता में राहुल गांधी पर जमकर निशाना साध। शिवराज ने कहा- राहुल देश के बारे में कुछ नहीं जानते। देश संविधान से चलता है। राहुल को इस बारे में कुछ नहीं पता। सीएम ने कहा कि राहुल गांधी कांग्रेस के लिए एक मुसीबत हैं।

अहंकार में ओबीसी को अपशब्द कहे

मुख्यमंत्री ने कहा-  अगर राहुल नेहरू और गांधी परिवार से नहीं होते, तो पता नहीं कहां होते। हकीकत यह है कि वह नेहरू व गांधी परिवार के सबसे असफल, कमजोर और घमंडी नेता हैं। अहंकार में डूबे हुए राहुल गांधी अलग-अलग वर्गों का अपमान करते हैं। जातियों का अपमान करते हैं। राहुल गांधी जानते हैं कि पिछड़ा वर्ग उन्हें चुनौती नहीं दे सकता है तो कुछ भी बोल दो। अहंकार में आकर उन्होंने पिछड़ों को गाली दी। गाली भी ऐसी कि पूरी की पूरी जाति को उन्होंने चोर बता दिया। ये अहंकार नहीं है तो क्या है बताएं। इसके बाद भी वो कह रहे हैं कि माफी नहीं मांगूंगा। ये तो चोरी भी है और सीनाजोरी भी।

पिछड़ों से टकराए तो अस्तित्व नहीं बचेगा

मैं आज कह रहा हूं कि अब पिछड़ा वर्ग कह रहा है कि हम न तो कांग्रेस को माफ करेंगे और न राहुल गांधी को माफ करेंगे। अभी तो केवल सांसदी गई है। और बंगला गया है। कांग्रेस ने अगर पिछड़ों से टकराने की कोशिश की तो एक दिन कांग्रेस का अस्तित्व भी चला जाएगा। कांग्रेस ने इतिहास रहा है कि न तो उसने अपने नेताओं के खिलाफ कोर्ट में आए फैसलों का सम्मान किया है और न ही दलित और पिछड़ों का सम्मान किया है।

सीएम ने दिए कांग्रेस के उदाहरण

शिवराज ने कहा- ये कोर्ट के फैसलों का किस तरह अपमान करते हैं, इसके कई कई उदाहरण हैं। स्वर्गीय राजीव गांधी जी ने शाहबानो प्रकरण में सुप्रीम कोर्ट के फैसले को कैसे पलटा, ये सारा देश जानता है। सीताराम केसरी जैसे नेता, उनका अंतिम समय कैसे तिरस्कार किया गया। उनका सामान तक सड़कों पर फिंकवा दिया गया था। ये पूरे देश ने देखा है। ऐसे में राहुल गांधी से हम ये उम्मीद भी नहीं कर सकते कि वे न्यायिक व्यवस्था या पिछड़े वर्ग का सम्मान करेंगे।

कांग्रेस अहंकार छोड़ OBC से माफी मांगे

आज मैं कांग्रेस से पूछना चाहता हूं कि न तो राहुल और न कांग्रेस न कोर्ट के बाहर माफी मांग रहे हैं, न कोर्ट के अंदर माफी मांग रहे, न सदन में माफी मांग रहे। सजा कोर्ट ने दी है तो इसे भी षड्यंत्र बता रहे हैं। लोकतंत्र की हत्या बता रहे हैं। ये कांग्रेस ही है जिसके नेता कह रहे हैं कि राहुल गांधी परिवार के लिए अलग कानून होना चाहिए। राहुल गांधी के मुद्दे पर सत्याग्रह करने की घोषणा करने वाली कांग्रेस को जवाब देना पड़ेगा कि वह राहुल के ओबीसी वर्ग का अपमान करने वाले बयान को संरक्षण क्यों दे रही है। सत्याग्रह नहीं, कांग्रेस को देशभर में माफी यात्रा निकालनी चाहिए।

शिवराज ने कांग्रेस और सोनिया से पूछे सवाल

  1. कांग्रेस और सोनिया गांधी बताएं कि राहुल गांधी को न्यायालय ने किस बयान पर सजा दी है?
  2. क्या ओबीसी वर्ग पर उनका दिया गया बयान सही था?
  3. क्या कांग्रेस इसे उचित मानती है, क्या इससे सहमत है?
  4. कांग्रेस बताए, किस नियम व कानून के तहत उन्हें संसद की सदस्यता से अयोग्य ठहराया गया है?
  5. क्या यह नियम और कानून सभी जनप्रतिनिधियों के लिए बना है या अकेले राहुल के लिए बना है?
  6. लोकसभा सचिवालय द्वारा राहुल गांधी को बंगला खाली करने का नोटिस दिया है, क्या केवल राहुल गांधी के लिए है?
  7. क्या राहुल गांधी के लिए अलग कानून होना चाहिए?
  8. सेना और सर्जिकल स्ट्राइक पर राहुल गांधी सबूत मांगते हैं? पंजाब के युवा नशेड़ी हैं, युवा मंदिर में छेड़खानी के लिए जाते हैं, ये राहुल गांधी के बयान हैं… क्या ये बयान उचित हैं? देश पूछ रहा है।

 

संबंधित खबरें...

Back to top button